हिमाचल: ऑपरेशन सिंदूर पर टिप्पणी से भड़का विपक्ष, जगत सिंह नेगी को कैबिनेट से हटाने की मांग, क्या बोले CM सुक्खू?
हिमाचल विधानसभा में राजस्व मंत्री जगत सिंह नेगी की सेना पर टिप्पणी को लेकर तीखी नोकझोंक हुई। विपक्ष ने नेगी के इस्तीफे और माफी की मांग की।

बीजेपी ने मांगा जगत सिंह नेगी का इस्तीफा (फोटो- जागरण)
HighLights
राजस्व मंत्री नेगी की सेना पर टिप्पणी से विवाद
विपक्ष ने नेगी के इस्तीफे और माफी की मांग की
मुख्यमंत्री सुक्खू ने मंत्री का बचाव किया, हंगामा
जागरण संवाददाता, धर्मशाला। विधानसभा में राजस्व मंत्री जगत सिंह नेगी की सेना से संबंधित टिप्पणी को लेकर शुक्रवार को सदन में तीखी नोकझोंक देखने को मिली। नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने इस मामले को उठाते हुए मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू से स्पष्ट करने की मांग की कि सरकार मंत्री के बयान से सहमत है या नहीं।
उन्होंने कहा कि इस तरह की टिप्पणियां बार-बार सहन नहीं की जा सकती और ऐसे व्यक्ति को मंत्री पद पर बने रहने का अधिकार नहीं है। जयराम ठाकुर ने मुख्यमंत्री से जगत सिंह नेगी को तुरंत मंत्रिमंडल से हटाने और उनसे माफी मंगवाने की मांग की।
विपक्षी सदस्यों ने की नारेबाजी
मामले पर सदन में हंगामा बढ़ने लगा और विपक्षी सदस्यों ने नारेबाजी शुरू कर दी। इस दौरान सत्ता पक्ष के कुछ सदस्य भी खड़े हो गए। विपक्ष की ओर से 'देशद्रोही मंत्री बर्खास्त करो' के नारे लगाए गए।
जयराम ठाकुर ने मंत्री की टिप्पणी को लेकर आपत्ति जताते हुए कहा कि सेना के सम्मान से जुड़े मामले में किसी तरह की अनुचित टिप्पणी स्वीकार नहीं की जाएगी।
विधानसभा अध्यक्ष ने कहा कि वह सदन की रिकॉर्डिंग में एक-एक शब्द देखेंगे। यदि सेना के खिलाफ कोई शब्द कहा गया है तो उसे सदन की कार्यवाही का हिस्सा नहीं रहने दिया जाएगा। इस पर जगत सिंह नेगी ने कहा कि उन्होंने सेना के खिलाफ एक भी शब्द नहीं कहा है और वह माफी मांगने को तैयार नहीं हैं।
यह भी पढ़ें- कांग्रेस ने यूपी के 6 दिग्गज नेताओं को सौंपी राष्ट्रीय सचिव की जिम्मेदारी, किसे किस राज्य की मिली जिम्मेदारी
क्या बोले सीएम सुक्खू?
मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने विपक्ष पर झूठ को लेकर संयम बरतने की बात कही। उन्होंने कहा कि नेगी ने सेना के प्रति कोई आपत्तिजनक शब्द नहीं कहे हैं और वह सीमावर्ती क्षेत्र के साथ रहने वाले मंत्री हैं।
मुख्यमंत्री ने विपक्ष पर हंगामा करने और वाकआउट करने को लेकर भी टिप्पणी की, जिससे सदन में बहस और तीखी हो गई। मामले को लेकर सदन में पक्ष और विपक्ष के बीच तनावपूर्ण माहौल बना रहा।
भारतीय सेना पर हमें हमेशा गर्व था, है और रहेगा: विक्रमादित्य सिंह
वहीं, राफेल सौदे को लेकर उठे राजनीतिक विवाद के बीच हिमाचल प्रदेश के मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने भारतीय सेना के समर्थन में अपना रुख स्पष्ट किया है।
उन्होंने कहा कि रक्षा उपकरणों की खरीद करना या न करना अलग विषय है, लेकिन भारतीय सेना और देश की सैन्य शक्तियों पर हर भारतीय को गर्व है। उन्होंने कहा कि आज अगर हम धौलाधार की वादियों में सुरक्षित हैं, तो इसका श्रेय भारतीय सेना को जाता है।
उन्होंने कहा कि यह किसी राजनीतिक दल का विषय नहीं है, बल्कि हर भारतीय के सम्मान और गौरव से जुड़ा मामला है। एक भारतीय, हिमाचली और हिंदुस्तानी होने के नाते हमें अपनी सैन्य शक्तियों पर गर्व है।
चाहे भारतीय वायुसेना हो, नौसेना हो या अर्धसैनिक बल, हमें इन सभी पर गर्व था, है और हमेशा रहेगा। वहीं, मंत्री जगत सिंह नेगी के इस्तीफे की मांग से जुड़े सवाल पर विक्रमादित्य सिंह ने कोई टिप्पणी नहीं की। उन्होंने कहा कि उन्हें इस मामले की जानकारी नहीं है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।