हिमाचल में ऑपरेशन सिंदूर पर टिप्पणी को लेकर सियासत गरमाई, भाजपा ने मंत्री जगत नेगी की बर्खास्तगी मांगी
भाजपा ने हिमाचल सरकार के मंत्री जगत नेगी द्वारा भारतीय सेना और ऑपरेशन सिंदूर पर की गई टिप्पणी पर कड़ा ऐतराज जताया है।

भाजपा विधायक दल ने सदन में जाने से पहले जताया आक्रोश। जगत नेगी के इस्तीफे की मांग
HighLights
भाजपा ने मंत्री जगत नेगी की सेना पर टिप्पणी का विरोध किया।
विधानसभा अध्यक्ष से टिप्पणी हटाने और बर्खास्तगी की मांग।
जयराम ठाकुर ने मंत्री के इस्तीफे की मांग दोहराई।
जागरण संवाददाता, धर्मशाला। भाजपा ने प्रदेश सरकार के एक वरिष्ठ मंत्री की ओर से भारतीय सेना, सेना के जवानों और ऑपरेशन सिंदूर को लेकर की गई टिप्पणी पर कड़ा ऐतराज जताया है।
भाजपा नेताओं ने विधानसभा अध्यक्ष से इस टिप्पणी को सदन की कार्यवाही से हटाने की मांग की है। साथ ही मुख्यमंत्री से संबंधित मंत्री जगत नेगी को मंत्रिमंडल से बर्खास्त करने की मांग उठाई है।
जयराम ठाकुर ने कहा कि विधानसभा में इस मुद्दे को पहले भी प्रमुखता से उठाया गया था। उस समय सभापति की ओर से आश्वासन दिया गया था कि मामले में सदन की कार्यवाही के रिकॉर्ड को देखने के बाद उचित कार्रवाई की जाएगी। इसके बावजूद अभी तक विवादित टिप्पणी को कार्यवाही से नहीं हटाया गया है।
मंत्री ने न माफी मांगी, ना शब्द वापस लिए: बीजेपी
भाजपा नेताओं ने आरोप लगाया कि संबंधित मंत्री ने सेना, सैनिकों और ऑपरेशन सिंदूर को लेकर दुर्भाग्यपूर्ण शब्दों का इस्तेमाल किया है। इतनी गंभीर टिप्पणी के बावजूद मंत्री ने न तो सदन में माफी मांगी और न ही अपने शब्दों को वापस लिया।
उन्होंने कहा कि सेना के जवान देश की सुरक्षा के लिए अपना सर्वोच्च बलिदान देते हैं। ऐसे में उनके सम्मान को ठेस पहुंचाने वाली टिप्पणी किसी भी सूरत में स्वीकार्य नहीं है। जयराम ठाकुर ने आपत्तिजनक टिपणी को कार्यवाही से हटाने व मंत्री का इस्तीफा लेने की मांग की हैं।