विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

'भाजपा नेताओं ने झूठ बोलने में कर रखी है पीएचडी', किशाऊ बांध परियोजना मामले में हिमाचल CM सुक्खू ने साधा निशाना

Published: Fri, 20 Nov 2026 11:13 AM (GMT+05:30)

मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने भाजपा नेताओं पर झूठ बोलने का आरोप लगाया और कहा कि प्रदेश सरकार की दृढ़ इच्छाशक्ति से राज्य के राजस्व में चार हजार करोड़ रुपये की वृद्धि हुई है। उन्होंने किशाऊ बांध परियोजना और हमीरपुर मेडिकल कॉलेज के विकास पर भी बात की, साथ ही पुरानी पेंशन योजना की बहाली का जिक्र किया।

मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू का गलोड़ पहुंचने पर जोरदार स्वागत करते लोग - जागरण

मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू का गलोड़ पहुंचने पर जोरदार स्वागत करते लोग - जागरण 


HighLights

  1. मुख्यमंत्री सुक्खू ने भाजपा नेताओं पर झूठ बोलने का आरोप लगाया

  2. प्रदेश के राजस्व में चार हजार करोड़ रुपये की वृद्धि हुई

  3. किशाऊ बांध से हिमाचल को ₹1500 करोड़ तक का राजस्व

जागरण संवाददाता, हमीरपुर। मुख्यमंत्री सुखविन्द्र सिंह सुक्खू ने गलोड़ में कहा कि भाजपा नेताओं ने झूठ बोलने में पीएचडी कर रखी है और उन्हें गोल्ड मेडल देकर सम्मानित किया जाना चाहिए।

उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा नेता इंटरनेट मीडिया पर उनके खिलाफ भ्रामक बयानबाजी करवा रहे हैं। प्रदेश सरकार की दृढ़ राजनीतिक इच्छाशक्ति और प्रतिबद्धता से राज्य के राजस्व में चार हजार करोड़ रुपये की वृद्धि हुई है।

हिमाचल ने किशाऊ बहुउद्देश्यीय बांध परियोजना के लिए अपनी शर्तों और नियमों के अनुरूप समझौता किया है। इससे प्रदेश सरकार को परियोजना में कोई निवेश नहीं करना पड़ेगा।

हिमाचल को मिलेगा 1500 तक का राजस्व

परियोजना पूरी होने पर हिमाचल को हर साल 1,200 से 1,500 करोड़ रुपये का राजस्व मिलेगा, जबकि उत्तराखंड इसके निर्माण पर लगभग तीन हजार करोड़ रुपये खर्च करेगा।

जनसभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि बढ़े वित्तीय संसाधनों से स्कूलों व अत्याधुनिक स्वास्थ्य संस्थानों का विकास होगा। भाजपा नेता डा. राधाकृष्णन राजकीय चिकित्सा महाविद्यालय, हमीरपुर का श्रेय लेने का प्रयास कर रहे हैं, जबकि इसकी स्थापना पूर्व प्रधानमंत्री डा. मनमोहन सिंह और पूर्व केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री गुलाम नबी आजाद के योगदान से संभव हुई थी।

संसाधनों पर खर्च किए 500 करोड़ रुपये

उन्होंने भी इसके लिए प्रयास किए थे। महाविद्यालय के निर्माण को गति देने के लिए कांग्रेस सरकार ने अपने संसाधनों से पांच सौ करोड़ रुपये खर्च किए हैं। यह संस्थान अगले एक वर्ष में प्रदेश के सर्वश्रेष्ठ चिकित्सा महाविद्यालयों में शामिल होगा। उन्होंने कहा कि सरकार के चार वर्ष पूरे होने पर सुजानपुर में समारोह होगा।

वीरभद्र सिंह ने हमीरपुर में क्षेत्रीय इंजीनियरिंग कॉलेज स्थापित करवाया था, जो अब एनआइटी हमीरपुर है। प्रेम कुमार धूमल का भी जिले के विकास में योगदान रहा है। सरकार ने चार वर्ष में आर्थिक, प्राकृतिक और राजनीतिक चुनौतियों का सामना किया। गठन के एक वर्ष बाद जिले के तीन विधायकों ने समर्थन वापस लिया था।

कुछ विधायक गलत तरीके से टेंडर देने का दबाव बना रहे थे, लेकिन सरकार ने प्रदेशहित को सर्वोपरि रखा। कांग्रेस सरकार ने 1.36 लाख कर्मचारियों के लिए पुरानी पेंशन बहाल की।

नए भवन के लिए वित्तीय सहायता की घोषणा

पिछले वर्ष आपदा के बाद प्रधानमंत्री द्वारा घोषित 1,500 करोड़ रुपये की सहायता अब तक जारी नहीं हुई है। मुख्यमंत्री ने गलोड़ में बीडीओ कार्यालय खोलने, स्थानीय सहकारी समिति को एक करोड़ रुपये देने और गोईस पंचायत के नए भवन के लिए वित्तीय सहायता की घोषणा की।

मुख्यमंत्री की शुगर 99 मुख्यमंत्री सुखविन्द्र सिंह सुक्खू ने चिकित्सा शिविर का शुभारंभ भी किया। शिविर में मुख्यमंत्री ने शुगर टेस्ट करवाया। उनकी शुगर 99 आई। इससे पहले उन्होंने शिमला में टेस्ट करवाया था, तब उनकी शुगर 177 आई थी।

 

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।