शिमला के चलौंठी में 6 मंजिला इमारत में अचानक आई दरारें, एक होटल व अन्य मकान भी किए खाली; दहशत में लोग
Shimla News, शिमला के चलौंठी में एक छह मंजिला इमारत में अचानक बड़ी दरारें आ गईं, जिससे देर रात अफरा-तफरी ...और पढ़ें
HighLights
शिमला के चलौंठी में 6 मंजिला इमारत में दरारें आईं।
10 परिवारों को कड़ाके की ठंड में घर खाली करना पड़ा।
फोरलेन और टनल निर्माण कार्य को कारण बताया जा रहा है।
जागरण संवाददाता, शिमला। हिमाचल प्रदेश के जिला शिमला में बिना बारिश व साफ मौसम में अचानक एक इमारत में दरारें आ गईं। शिमला के चलौंठी में देर रात इस घटना से लोग सहम गए। यहां एक छह मंजिला मकान में अचानक बड़ी-बड़ी दरारें आने से अफरा-तफरी मच गई।
हालात को देखते हुए प्रशासन ने रात को ही मकान खाली करवाया। मकान में रह रहे 10 परिवारों को कड़ाके की ठंड में बेघर होना पड़ा।
एक होटल व मकान में भी आई दरारें
इसके बाद साथ के एक होटल और मकान में भी दरारें नजर आईं, जिस कारण एहतियात के तौर पर इन्हें भी खाली करवाया गया। कुछ देर के लिए सड़क यातायात को भी पुलिस प्रशासन ने एहतियात के तौर पर बंद किया और होटल व भवन में रह रहे लोगों को आसपास के भवनों में शिफ्ट किया।
भट्टाकुफर से चलौंठी तक चल रहा फोरलेन का काम
गौरतलब है कि भट्टाकुफर से चलौंठी के लिए फोरलेन का काम चल रहा है। चलौंठी में टनल निर्माण की वजह से कई मकान खतरे में आ गए हैं और इससे पहले भी कई मकानों को खाली किया गया था।
तीन दिन पहले आने लगी थी दरारें
स्थानीय लोगों का कहना है कि दो तीन दिन पहले घरों में हल्की दरारें नजर आने लग गई थीं। जिसको लेकर फोरलेन निर्माण कंपनी और जिला प्रशासन को सूचित किया गया था। कंपनी कर्मचारियों ने तब भवन को सुरक्षित बताया था, लेकिन रात को अचानक बड़ी बड़ी दरारें आने से लोगों को घर छोड़कर सड़कों पर आना पड़ा।
फिलहाल प्रभावितों को सुरक्षित जगह शिफ्ट किया गया है और आगामी कार्रवाई की जा रही है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।