यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Jun 24, 2024 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
Rain in Himachal Pradesh: हिमाचल में बरसात आने से पहले बाढ़ ने मचाई भारी तबाही, इन जिलों में जमकर बरसे बदरा
हिमाचल प्रदेश में बरसात आने से पहले ही बाढ़ ने तबाही मचा दी है। लाहुल-स्पीति के मडग्रां नाले में सोमवार ...और पढ़ें

HighLights
- प्रदेश के पांच जिलों में झमाझम बारिश
- एसडीएम अर्की भी मौके पर पहुंचे
राज्य ब्यूरो, शिमला। हिमाचल प्रदेश में बरसात आने से पूर्व ही दो अलग-अलग स्थान पर भारी वर्षा के कारण आई बाढ़ ने भारी तबाही मचाई है। सोमवार को प्रदेश में दो अलग-अलग जगह पर बाढ़ आई।
जनजातीय जिले लाहुल-स्पीति के मडग्रां नाले में सुबह एकाएक बाढ़ आ गई। दूसरी घटना कुनिहार के पास गंबरपुल में घटी जहां बाढ़ से भारी तबाही मची है। प्रदेश के पांच जिलों में जमकर वर्षा हुई है। जिससे प्रदेश में लोगों को सूखे से राहत मिली है।
घटनाओं में नहीं हुआ काई हताहत
कुनिहार-नालागढ़ मार्ग पर गंबरपुल में अचानक बाढ़ आने से एक ढाबा ढह गया। बाढ़ आने से गंबरपुल पूरी तरह से मिट्टी से भर गया है। सूचना मिलने के बाद एसडीएम अर्की भी मौके पर पहुंचे। सड़क पर बड़ी-बड़ी चट्टानें आ गई हैं, जिन्हें हटाने का काम चल रहा है। इन दोनों घटनाओं में राहत की बात यह है कि इसमें किसी के हताहत होने की कोई सूचना नहीं है।
यह भी पढ़ें: एक्जिम बैंक ने हिमाचल में निर्यात रणनीति पर दी प्रस्तुति, CM बोले- हिमालयी राज्यों में दूसरा स्थान पर प्रदेश
ग्लेशियारों के पिघलने से अचानक आई बाढ़
लाहुल-स्पीति के मडग्रां नाले में सोमवार सुबह बारिश के बाद एकाएक बाढ़ आ गई। वर्षा व ग्लेशियरों के पिघलने से क्षेत्र में अचानक बाढ़ का खतरा पैदा हो गया। इससे क्षेत्र में हड़कंप मच गया। बाढ़ से तिंदी को जोड़ने वाला मार्ग अवरूद्ध हो गया। सड़क को खोलने के लिए बीआरओ ने अपनी मशीनें भेजीं। बाढ़ से कई वाहन भी सड़क के दोनों तरफ फंस गए। मिली जानकारी के अनुसार बाढ़ से किसी तरह के जानमाल का नुकसान नहीं हुआ है।
गौहर में सबसे ज्यादा 62 मिलीमीटर वर्षा दर्ज
प्रदेश में गौहर में सबसे ज्यादा 62.6 मिमी बारिश दर्ज की गई। शिलारु में 31.2, रामपुर में 18.2 ,मंडी में 15.2, रोहड़ू में 11.3 सांगला में 11.2, चंबा और जोगिंदर नगर में 11, चौपाल में 10, नारकंडा में 7.3, पण्डोह में 7, मनाली में 6 सुंदर नगर में दो और नाहन में 34.2 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई है।
