अशोक तिवारी ने संभाला पुलिस महानिदेशक का अतिरिक्त कार्यभार, नशा मुक्त हिमाचल बनाने के लिए शुरू होगा अभियान
डीजी विजिलेंस अशोक तिवारी ने हिमाचल प्रदेश के पुलिस महानिदेशक का अतिरिक्त कार्यभार संभाला। उन्होंने नशा मुक्त राज्य बनाने पर जोर दिया और नशा तस्करी में शामिल लोगों पर सख्त कार्रवाई करने की बात कही। तिवारी ने पुलिस की छवि को अनुशासित और सेवा-उन्मुख बनाए रखने की बात कही साथ ही सभी से सौहार्दपूर्ण कार्यशैली अपनाने का आग्रह किया।

राज्य ब्यूरो, शिमला। डीजी विजिलेंस अशोक तिवारी ने सोमवार को हिमाचल प्रदेश पुलिस महानिदेशक का अतिरिक्त कार्यभार संभाल लिया। कार्यभार संभालने के बाद उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश पुलिस के कार्यों को मुख्यमंत्री के दृष्टिकोण और निर्देशों के अनुरूप बनाना सर्वोच्च प्राथमिकता होगी। जिसमें प्रदेश को नशा मुक्त राज्य बनाने के अभियान को और अधिक सशक्त रूप से चलाया जाएगा।
इसके लिए नशा तस्करी में संलिप्त पाए जाने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। इसके अलावा हिमाचल प्रदेश पुलिस की छवि को एक अनुशासित और सेवा-प्रधान बल के रूप में बनाए रखना और सुदृढ़ करना रहेगा। अशोक तिवारी ने निर्देश दिए हैं कि सौहार्दपूर्ण कार्यशैली अपनाई जाए जिससे सभी लोग निर्भय होकर पुलिस से संवाद कर सकें।
तिवारी ने हिमाचल प्रदेश पुलिस के सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों से आह्वान किया कि वे पूर्ण ईमानदारी, निष्ठा और टीम भावना के साथ इन निर्देशों को साकार करने में जुट जाएं। पूर्व पुलिस महानिदेशक डा. अतुल वर्मा को अवकाश पर भेजे जाने के दौरान सरकार ने अशोक तिवारी को प्रदेश पुलिस महानिदेशक का अतिरिक्त कार्यभार सौंपा था लेकिन वे प्रदेश पुलिस महानिदेशक की कुर्सी पर नहीं बैठे थे। उनकी सेवानिवृत्ति के बाद अब सोमवार को अतिरिक्त कार्यभार संभाला है।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।