हिमाचल में टूटा बारिश का 70 साल पुराना रिकॉर्ड, आज इन जिलों के लोग रहें सावधान!
हिमाचल प्रदेश में भारी वर्षा जारी है धर्मशाला में 1955 के बाद सबसे अधिक वर्षा हुई। वर्षा और भूस्खलन से तीन राष्ट्रीय राजमार्ग और 565 सड़कें बाधित हैं। कांगड़ा में मकान गिरने से एक बुजुर्ग की मौत हो गई जबकि सुजानपुर में नाले में मलबा घुसने से घर क्षतिग्रस्त हो गया। मौसम विभाग ने कांगड़ा मंडी और सिरमौर में भारी वर्षा की चेतावनी दी है।

राज्य ब्यूरो, शिमला। हिमाचल प्रदेश में कई स्थानों पर भारी वर्षा का क्रम जारी है। धर्मशाला में 24 घंटे में सितंबर में 1955 के बाद सबसे अधिक वर्षा दर्ज की गई। चार सितंबर 1955 को 24 घंटे में 255 मिलीमीटर वर्षा हुई थी जबकि 13 सितंबर को 234.4 मिलीमीटर वर्षा दर्ज की गई। पालमपुर में 126.4 मिलीमीटर वर्षा हुई। वर्षा व भूस्खलन के कारण प्रदेश में तीन राष्ट्रीय राजमार्ग (एनएच) व 565 सड़कें बाधित हैं।
373 ट्रांसफार्मर व 188 पेयजल योजनाएं खराब हैं। कांगड़ा जिले के विकास खंड भवारना की पंचायत बारी के गांव समाणा में शनिवार रात डेढ़ बजे मकान गिरने से मलबे में दबने से 91 वर्षीय स्यारू राम की मौत हो गई। हादसे के समय वृद्ध की पत्नी केसरी देवी व बेटा बबलू दूसरे कमरे में सोए थे। सुजानपुर की पंचायत खैरी में शनिवार देर रात दो बजे नाले में आए पानी से घर में मलबा घुस गया व कार मलबे में दब गई। दो अन्य मकानों में दरारें आई हैं।
सुजानपुर में खड्ड पर बने काजवे पर पानी के बहाव में कार नाले की तरफ लुढ़क गई। भोरंज उपमंडल में चैंथ खड्ड का तटीकरण (चैनेलाइजेशन) न होने पर स्थानीय लोगों के घरों में पानी भर गया। घुमारवीं उपमंडल की हटवाड़ पंचायत के देहरा गांव में मकान गिर गया। हणोगी के पास भूस्खलन से मंडी-कुल्लू राष्ट्रीय राजमार्ग एक घंटे तक बाधित रहा।
चंबा-पठानकोट एनएच शनिवार देर रात एक बजे बैली गांव के समीप क्षतिग्रस्त होने से एक ट्रक व दो बाइक अनियंत्रित होकर खड्डी गांव के संपर्क मार्ग पर जा गिरे। ट्रक में चालक ही था और दोनों बाइक पर चार लोग सवार थे जिन्हें मामूली चोटें आई हैं। रविवार सुबह 10 बजे राशन से भरा ट्रक अनियंत्रित होकर नीचे खड़े ट्रक पर गिरा। ट्रक चालक रमजान मोहम्मद निवासी चौकी खलेट, पालमपुर को चोटें आई हैं। कांगड़ा में रविवार को पौंग बांध का जलस्तर फिर बढ़ गया।
आज कांगड़ा, मंडी और सिरमौर में भारी वर्षा की चेतावनी
मौसम विभाग ने 15 सितंबर को कांगड़ा, मंडी और सिरमौर जिले में कुछ स्थानों पर भारी वर्षा की चेतावनी दी है। कुछ स्थानों पर आंधी और बिजली गिरने की संभावना है। रविवार को लाहुल स्पीति के ताबो में 1.3 डिग्री सेल्सियस की गिरावट आने के बावजूद यहां तापमान सबसे अधिक 34.7 रहा। बिलासपुर में दो डिग्री सेल्सियस की वृद्धि के साथ 32.2 और ऊना में 1.6 डिग्री की गिरावट के साथ 30.6 दर्ज किया गया।
- 1955 में 255 तो रविवार को हुई 234.4 मिलीमीटर वर्षा
- भवारना में मकान गिरा, मलबे में दबने से बुजुर्ग की मौत
- खैरी पंचायत में नाले के पानी की जद में आए तीन मकान
- एक घर में घुसा मलबा, कार हुई क्षतिग्रस्त, दो अन्य घरों में दरारें
- भोरंज में खड्ड का तटीकरण न होने से घरों में भरा पानी
- घुमारवीं के देहरा में चार कमरों का एक रिहायशी मकान गिरा
- हणोगी के पास भूस्खलन से मंडी कुल्लू एनएच एक घंटे तक बाधित
- चंबा-पठानकोट एनएच पर तीन हादसे, पांच लोग हुए घायल
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।