विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

हिमाचल के आसमान में 650 पक्षी प्रजातियां, अब नन्हे हाथ संभालेंगे इनकी सुरक्षा; वन विभाग ने सौंपा जिम्मा

Published: Thu, 12 Nov 2026 08:00 AM (IST)

हिमाचल प्रदेश में लगभग 650 पक्षी प्रजातियां पाई जाती हैं, जिनमें स्थानीय और प्रवासी दोनों शामिल हैं। अब वन विभाग ...और पढ़ें

हिमाचल के आसमान में 650 पक्षी प्रजातियां (File Photo)

हिमाचल के आसमान में 650 पक्षी प्रजातियां (File Photo)

HighLights

  1. हिमाचल में लगभग 650 पक्षी प्रजातियों का बसेरा है

  2. वन विभाग 'यंग बर्डर' कार्यक्रम स्कूलों में शुरू करेगा

  3. विद्यार्थी पक्षियों के संरक्षण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे

राज्य ब्यूरो, शिमला। कोई हजारों किलोमीटर का सफर तय कर हिमाचल की झीलों में उतरता है तो कोई बर्फीली चोटियों को पार कर यहां की वादियों को अपना ठिकाना बनाता है।

सुबह की पहली किरण के साथ पहाड़ों में गूंजती पक्षियों की चहचहाहट हिमाचल की प्राकृतिक खूबसूरती का अहम हिस्सा है। यहां के आसमान में करीब 650 प्रजातियों के परिंदों की उड़ान दर्ज की गई है।

इनमें स्थानीय पक्षियों के साथ ऐसे प्रवासी मेहमान भी शामिल हैं, जो हर साल मौसम बदलने के साथ हजारों किलोमीटर का सफर तय कर हिमाचल पहुंचते हैं। अब इन परिंदों की दुनिया को बचाने की जिम्मेदारी नई पीढ़ी को सौंपने की तैयारी है।

वन विभाग स्कूलों में विद्यार्थियों को ''यंग बर्डर'' यानी नन्हे पक्षी विशेषज्ञ बनाएगा। पहली बार शुरू हो रही इस पहल के तहत बच्चे न केवल पक्षियों की पहचान करना सीखेंगे, बल्कि उनके रहन-सहन, प्रवास और पर्यावरण में उनकी भूमिका को भी समझेंगे।

आगे चलकर यही विद्यार्थी परिंदों के संरक्षण के प्रहरी बनेंगे। वन विभाग का वन्य प्राणी प्रभाग की टीमें स्कूलों में जाकर विद्यार्थियों को पक्षियों की विभिन्न प्रजातियों, उनकी विशेषताओं और प्राकृतिक आवास के बारे में जानकारी देंगी। स्कूल स्तर पर प्रतियोगिताएं भी आयोजित की जाएंगी।

बच्चों को बताया जाएगा कि पक्षी केवल प्रकृति की सुंदरता और पहाड़ों की चहचहाहट तक सीमित नहीं हैं। वे कीटों को नियंत्रित करने, बीजों का प्रसार करने और पर्यावरण का संतुलन बनाए रखने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। वन्य प्राणी प्रभाग की अरण्यपाल प्रीति भंडारी के अनुसार, इस पहल का उद्देश्य बच्चों को प्रकृति के करीब लाने के साथ उन्हें नशे से दूर रखकर सकारात्मक और रचनात्मक गतिविधियों से जोड़ना भी है।

पौंग से सांगला तक परिंदों के पसंदीदा ठिकाने

हिमाचल के जलाशय और प्राकृतिक क्षेत्र प्रवासी पक्षियों के लिए सुरक्षित पड़ाव बने हुए हैं। पौंग बांध झील, गोविंद सागर झील और रेणुका झील के अलावा किन्नौर की सांगला घाटी में कूपा बांध और मंडी में ब्यास नदी के आसपास के जलाशय पक्षियों को आकर्षित करते हैं।

तिब्बत, चीन और ट्रांस हिमालय क्षेत्र से स्पेक्टेकल्ड फिंच, ग्रे हेडेड गोल्डफिंच और पिंक ब्रोड रोज फिंच जैसी प्रजातियां भी यहां पहुंचती हैं। मौसम के अनुकूल होते ही इन इलाकों में प्रवासी पक्षियों की गतिविधियां बढ़ जाती हैं।

अकेले शिमला में 290 प्रजातियों की आवाजाही

राजधानी शिमला भी पक्षियों की विविधता के मामले में समृद्ध है। जिले में हर वर्ष करीब 290 प्रजातियों की आवाजाही दर्ज की जाती है। गर्मियों में 15 से 20 प्रजातियां यहां बसेरा बनाती हैं, जबकि सर्दियों में 25 से 30 प्रजातियां ऊंचाई वाले क्षेत्रों से निचले इलाकों की ओर आ जाती हैं।

हिमालयन बुलबुल, कौआ और कबूतर जैसी प्रजातियां यहां सालभर दिखाई देती हैं। बर्ड काउंट इंडिया के हिमाचल के क्षेत्रीय समन्वयक संतोष ठाकुर के अनुसार, पक्षियों की 650 प्रजातियां हिमाचल में दर्ज की गई हैं। पक्षी प्रेमियों और स्थानीय लोगों से भी पक्षियों के प्राकृतिक आवास बचाने और उनके संरक्षण में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया है।

यह भी पढ़ें- हिमाचल के बिलासपुर में HRTC बस की चपेट में आने से युवक की मौके पर मौत, क्षेत्र में शोक की लहर

यह भी पढ़ें- सिरमौर के शिलाई में जंगली मुर्गों के शिकार के दौरान खजान सिंह को लगी गोली, फॉरेंसिक टीम करेगी मौत का खुलासा

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।