शिमला में अब बेहतर होगी यातायात सेवा, चलेंगी नई इलेक्ट्रिक बसें; जानें क्या है इन बसों की खास बात
शिमला में यातायात सेवाओं को बेहतर बनाने के लिए 20 नई इलेक्ट्रिक बसें चलाई जाएंगी यात्रा रहेगी शोरमुक्त और आनंददायक।
शिमला, जेएनएन। राजधानी शिमला में परिवहन निगम यातायात सेवाओं को बेहतर बनाने के लिए प्रयासरत है। शहर में नई इलेक्ट्रानिक बसों को चलाने के लिए तैयारी की जा रही है। इसी महीने के भीतर शहर में करीब 20 नई इलेक्ट्रिक बसें चलाई जाएंगी। मौजूदा समय में रूट फाइनल करने के लिए परिवहन विभाग निरीक्षण कर रहा है। इसके बाद बसों को रूटों पर उतारा जाएगा। इस बस का किराया अन्य बसों के जैसे सामान्य रहेगा।
परिवहन विभाग ने एक इलेक्ट्रिक बसें चल रही है। यह बसें नौ मीटर लंबी और 30 सीटर हैं, लेकिन इन 20 बसों की लंबाई सात मीटर होगी। लंबाई कम होने की वजह से इसमें सीटें कम होंगी। इन बसों के सड़क पर उतरने के बाद बसों में चल रही ओवरलोडिंग से लोगों को निजात मिल सकती है। फरवरी महीने में मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने विधानसभा परिसर से इलेक्ट्रिक बस को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया था। इसके बाद 30 और इलेक्ट्रिक बसें परिवहन विभाग खरीद चुका है। इनमें से 20 बसें इस महीने कंपनी शिमला में डिलीवर करेगी।
नहीं फैलेगा प्रदूषण
बस में आधुनिक उपकरण लगाए गए हैं, इससे बसें प्रदूषण नहीं फैलाएंगी। शोर मुक्त और आरामदायक यात्रा का आनंद देंगी। मौजूदा समय में चल रही इलेक्ट्रिक बस सर्कुलर रोड पर चलती हैं। इसका अभी तक बहुत अच्छा रिजल्ट देखने को मिला है। चार्जिंग स्टेशन ढली में स्थापित किया है।
चढ़ाई पर भी आसानी से दौड़ती हैं इलेक्ट्रिक बसें
इलेक्ट्रिक बसों की खास बात यह है कि इनका डिजाइन शिमला की भौगोलिक स्थिति को ध्यान में रखकर किया है। इसके लिए निगम ने कंपनियों के समक्ष पहले ही शर्त रखी थी। शिमला की चढ़ाई और यहां के तीखे मोड़ों को देखते हुए कंपनी ने इन्हें तैयार किया है। बसें चढ़ाई पर भी आसानी से चढ़ेगी।
इस महीने से शिमला शहर के लिए 20 इलेक्ट्रॉनिक बसें आ जाएंगी। इससे पर्यावरण को भी नुकसान नहीं होगा।
-जेसी शर्मा, प्रधान सचिव परिवहन
जल्द रूट तय होगा
इलेक्ट्रिक बसों के लिए जल्द ही रूट तय होंगे। इसके लिए एचआरटीसी के अधिकारियों की टीम काम करेगी। राजधानी में रोजाना सैकड़ों बसें सड़कों पर दौड़ती हैं, लेकिन डीजल से चलने वाली इन बसों से पर्यावरण को नुकसान हो रहा है। बताया जा रहा है कि सभी 20 बसें शहर के मुख्य सभी रूटों को कवर करेंगी।