पंजाब के लिए बंद 20 रूट होंगे बहाल, HPRTC ने पूरी की तैयारी; कई रूटों को किया जा सकता है मर्ज
हिमाचल पथ परिवहन निगम (HRTC) पंजाब के लिए लगभग 20 बंद रूटों को फिर से शुरू करने की तैयारी कर रहा है। सुरक्षा समीक्षा के बाद निगम चरणबद्ध तरीके से इन रूटों को बहाल करेगा। उप मुख्यमंत्री से चर्चा के बाद अंतिम निर्णय लिया जाएगा। अन्य राज्यों के रूटों की भी समीक्षा की जा रही है। निगम यात्री सुरक्षा को मजबूत करने के लिए प्रतिबद्ध है।

राज्य ब्यूरो, शिमला। हिमाचल प्रदेश पथ परिवहन निगम करीब एक महीने बाद पंजाब के लिए 20 बंद रूटों को बहाल करने की तैयारी में है। इसके लिए प्रक्रिया शुरू हो चुकी है। सूत्रों के मुताबिक निगम प्रबंधन इन रूटों को बहाल करने के लिए पूरी तैयारी कर ली है। सभी रूटों को एक साथ बहाल करने के बजाए चरणबद्ध तरीके से इन्हें बहाल किया जाए। निगम प्रबंधन ने इसकी पूरी तैयारी कर ली है। उप मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री से चर्चा के बाद इस पर अंतिम फैसला लिया जाएगा।
सूत्रों की मानें तो बाहरी राज्यों के अन्य रूटों की भी समीक्षा विभाग ने शुरू की है। यानी हिमाचल के विभिन्न क्षेत्रों से दिल्ली, चंडीगढ़, हरियाणा, पंजाब, उत्तराखंड सहित अन्य को जो बसें चलती हैं वह कितने समय के अंतराल में चल रही है। इनमें से कितने रूट घाटे के हैं। निगम ने पहले दिल्ली व हरिद्वार के जो छह रूट बंद किए थे उनसे क्या फायदा हुआ है। इन सभी पहलुओं की समीक्षा की जाएगी। उसके बाद ही निगम इस दिशा में आगे बढ़ेगा।
21 मार्च को बंद किए थे 20 रूट
20 मार्च की रात अमृतसर बस अड्डे पर एचआरटीसी की बसों के शीशे तोड़े गए थे। सुरक्षा के मद्देनजर निगम प्रबंधन ने रात्रि ठहराव वाली 20 रूटों को बंद कर दिया था। इनमें 10 बसें अमृतसर, 4 होशियारपुर, 4 लुधियाना और दो रूट जालंधर के हैं।
सूत्रों के मुताबिक, रूटों पर दोबारा बस सेवा बहाल करने के साथ कुछ बदलाव भी निगम करेगा ताकि बसों व यात्रियों की सुरक्षा को और मजबूत किया जा सके।
एमडी ने पंजाब के डीजी से की थी बात
हिमाचल पथ परिवहन निगम के प्रबंध निदेशक डॉ. निपुन जिंदल ने इस मामले को लेकर पंजाब के डीजीपी सहित वहां के प्रशासनिक अधिकारियों से बात कर बसों और यात्रियों की सुरक्षा का मामला उठाया था। इससे पहले मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू भी इस मामले को लेकर पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान से बात कर चुके हैं।
रोजाना 600 बसें जाती है पंजाब होकर
हिमाचल प्रदेश पथ परिवहन निगम की करीब 600 बसें रोजाना पंजाब व पंजाब होकर अन्य स्थानों के लिए जाती है। दोनों राज्यों के बीच हुए समझौते के अनुसार इन बसों को चलाया जाता है।
पंजाब में एचआरटीसी की खड़ी तीन बसों को नुकसान पहुंचाया गया है। इस से पहले विवादित पोस्टर भी लगाए गए थे। एक बस में पेंट से कुछ लिखा गया था। इस सिलसिले में पुलिस में एफआईआर भी दर्ज की गई है।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।