Trending

    Move to Jagran APP
    pixelcheck
    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    खुशखबरी! HRTC के बेड़े में शामिल होगी 1000 नई बसें, चार्जिंग स्टेशन के लिए मिली 110 करोड़ की मंजूरी

    Updated: Wed, 06 Aug 2025 06:21 PM (IST)

    हिमाचल प्रदेश पथ परिवहन निगम अपने बेड़े में 1000 नई बसें शामिल करेगा जिसमें इलेक्ट्रिक बसें भी शामिल हैं। सरकार छोटी बसों को प्राथमिकता दे रही है ताकि दूरदराज के क्षेत्रों में परिवहन सेवाएं सुलभ हो सकें। इलेक्ट्रिक चार्जिंग स्टेशन स्थापित करने के लिए 110 करोड़ रुपये मंजूर किए गए हैं। एचआरटीसी का लक्ष्य है कि वह एक सशक्त और आत्मनिर्भर निगम बने।

    Hero Image
    हिमाचल पथ परिवहन निगम का बेड़ा होगा आधुनिक, 1000 नई बसें होंगी शामिल।

    राज्य ब्यूरो, शिमला। हिमाचल प्रदेश पथ परिवहन निगम के बेड़े में 1000 नई बसें चरणबद्ध तरीके से शामिल होगी। 24 नई वोल्वो बसों को शामिल किया जा चुका है। इसके अतिरिक्त 327 इलेक्ट्रिक बसें (297 टाईप-1 व 30 टाईप-3), 250 डीजल बसें और 100 मिनी बसों की खरीद प्रक्रिया प्रगति पर है। 297 इलेक्ट्रिक बसों की खरीद के लिए आपूर्ति आदेश कर दिए गये हैं।

    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    प्रेस को जारी बयान में उप-मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने बताया कि प्रदेश की भौगोलिक परिस्थितियों को देखते हुए 37 से 42 सीटर क्षमता की छोटी और सुविधाजनक बसों की खरीद को प्राथमिकता दी जा रही है। दूरदराज और दुर्गम क्षेत्रों में भी परिवहन सेवाएं सुगमता से प्रदान की जा सकें। इसके अलावा 500 और ई-बसें खरीदी जाएंगी।

    वर्तमान में निगम लगभग 3200 बसों का संचालन करती है। प्रदेश की वर्तमान सरकार द्वारा पहली बार 1000 बसों का फ्लीट बदला जा रहा है इससे पहले किसी भी सरकार में ऐसा नहीं हुआ है। उप-मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में सड़कों को जनता की भाग्य रेखाएं भी कहा जाता है।

    एचआरटीसी इन पर जीवन रेखा की तरह कार्य कर रही है। प्रतिदिन लाखों यात्री एचआरटीसी की सेवाओं का लाभ उठा रहे हैं। निगम राज्य के कोने-कोने तक अपनी पहुंच बनाकर जनता को सुविधा प्रदान कर रही है। मुकेश अग्निहोत्री ने बताया कि एचआरटीसी घाटे वाले रूटों पर भी जनता की सुविधा के दृष्टिगत परिवहन सेवा प्रदान कर सामाजिक प्रतिबद्धताओं को पूरा करने में अग्रणी भूमिका निभा रही है।

    110 करोड़ का बजट मंजूर उप मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार ने इलेक्ट्रिक चार्जिंग स्टेशन स्थापित करने के लिए लगभग 110 करोड़ रुपये की राशि स्वीकृत की है। इलेक्ट्रिक बसों की खरीद में प्रदेश सरकार की सीधी भागीदारी है, जबकि डीजल बसों की खरीद एचआरटीसी अपने संसाधनों से कर रही है।

    उन्होंने कहा कि दुर्गम क्षेत्रों में परिवहन सुविधाएं सुनिश्चित करने के लिए निगम द्वारा 100 मिनी बसें खरीदी जा रही हैं। उप-मुख्यमंत्री ने कहा कि एचआरटीसी को एक सशक्त और आत्मनिर्भर उपक्रम के रूप में विकसित करने के लिए निरंतर दृढ़ व दक्ष प्रयास किये जा रहे हैं, ताकि पहाड़ी राज्य हिमाचल प्रदेश की परिवहन सेवाएं देशभर में एक मिसाल बन सकें।