Trending

    Move to Jagran APP
    pixelcheck
    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    Himachal Snowfall: लाहौल-स्पीति के काजा में बर्फबारी से लौटी रौनक, निखर गई पर्यटन स्थलों की खूबसूरती

    Updated: Tue, 02 Sep 2025 07:02 AM (IST)

    लाहौल-स्पीति के काजा में सितंबर की शुरुआत में हुई बर्फबारी से पूरा इलाका बर्फ से ढका हुआ है। तापमान में गिरावट के कारण ठंड बढ़ गई है। बर्फबारी से मठों और पर्यटन स्थलों की सुंदरता बढ़ गई है और पर्यटकों की भीड़ उमड़ रही है। स्थानीय लोगों का कहना है कि सितंबर में हिमपात असामान्य है। प्रशासन ने लोगों को यात्रा करते समय सतर्क रहने की सलाह दी है।

    Hero Image
    Himachal Snowfall: लाहौल-स्पीति के काजा में बर्फबारी से लौटी रौनक। फोटो जागरण

    जागरण संवाददाता, मंडी। हिमाचल प्रदेश के लाहौल-स्पीति जिले के उपमंडल काजा में सितंबर के शुरुआत में हुए हिमपात से पूरा क्षेत्र सफेद चादर में ढक गया है।

    हिमपात से तापमान में अचानक गिरावट आई और लोगों को ठिठुरन का सामना करना पड़ रहा है। पहाड़ों पर ताजा हिमपात से जहां ठंड बढ़ी है, वहीं मठों और अन्य पर्यटन स्थलों की खूबसूरती और भी निखर गई है।

    काजा और आसपास के इलाकों में रविवार रात से हल्की बर्फबारी शुरू हुई, जो सुबह तक जारी रही। इससे घाटियों और पहाड़ी ढलानों पर सफेदी की परत जम गई। स्थानीय लोगों का कहना है कि इस बार सितंबर में ही हिमपात होना मौसम के लिहाज से असामान्य है। आमतौर पर यहां अक्टूबर-नवंबर से बर्फबारी का सिलसिला शुरू होता है।

    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    ताजा हिमपात से पर्यटकों की भीड़ एक बार फिर काजा की ओर बढ़ने लगी है। बौद्ध मठों, की-गोंपा और आसपास के दर्शनीय स्थलों पर बर्फ की चादर बिछने से रौनक लौट आई है। कई सैलानी सुबह-सुबह बर्फबारी के बीच घूमते और तस्वीरें खींचते नजर आए। होटल व्यवसायियों और स्थानीय कारोबारियों के चेहरों पर भी रौनक लौट आई है।

    हालांकि बर्फबारी से ठंड इतनी बढ़ गई है कि लोगों को गर्म कपड़े निकालने पड़े हैं। तापमान में गिरावट से सुबह और शाम ठंड ज्यादा महसूस हो रही है। प्रशासन ने लोगों और पर्यटकों को यात्रा करते समय सतर्क रहने और मौसम की ताजा जानकारी लेकर ही निकलने की सलाह दी है।

    सितंबर के आरंभिक दिनों में हुई इस बर्फबारी ने पूरे काजा क्षेत्र को स्वर्गिक नजारा प्रदान किया है। एक ओर जहां ठिठुरन ने कठिनाई बढ़ाई है, वहीं दूसरी ओर बर्फ से लिपटे पहाड़ों की खूबसूरती ने सभी का मन मोह लिया है।

    comedy show banner