Trending

    Move to Jagran APP
    pixelcheck
    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    'केंद्र से पहुंचे सात मंत्री, प्रदेश का एक भी मिनिस्टर फील्ड में नहीं'; जयराम ठाकुर ने CM सुक्खू पर लगाए गंभीर आरोप

    Updated: Sat, 13 Sep 2025 07:02 PM (IST)

    नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने प्रदेश सरकार पर आपदा प्रबंधन में संवेदनहीनता का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि केंद्र से सात मंत्री प्रभावित क्षेत्रों का दौरा कर रहे हैं जबकि प्रदेश सरकार का कोई मंत्री फील्ड में नहीं है। जयराम ठाकुर ने मुख्यमंत्री पर आपदा के समय प्रदेश से बाहर रहने का आरोप लगाया।

    Hero Image
    जयराम ठाकुर ने CM सुक्खू पर लगाए गंभीर आरोप। फोटो जागरण

    जागरण संवाददाता, मंडी। पूर्व मुख्यमंत्री एवं नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने प्रदेश सरकार पर आपदा प्रबंधन को लेकर संवेदनहीन होने का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि जब प्रदेश प्राकृतिक आपदा से जूझ रहा है, तब केंद्र से सात मंत्री प्रभावित क्षेत्रों का दौरा कर रहे हैं, लेकिन प्रदेश सरकार का एक भी मंत्री फील्ड में नजर नहीं आ रहा।

    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    मुख्यमंत्री के पास तक जनता का दर्द सुनने का समय नहीं है। चंबा जिला का चार दिवसीय दौरा समाप्त कर मंडी पहुंचे जयराम ठाकुर ने कहा कि मुख्यमंत्री बार-बार आपदा के समय प्रदेश छोड़कर दिल्ली या अन्य राज्यों में चले जाते हैं। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि जब चंबा में इतनी बड़ी आपदा आई थी तब मुख्यमंत्री राहुल गांधी के साथ बिहार चुनाव प्रचार में व्यस्त थे।

    क्या जनता ने उन्हें यही करने के लिए चुना था? जयराम ठाकुर ने कहा कि मौजूदा आपदा से प्रदेश को अपार नुकसान हुआ है, जिसकी भरपाई संभव नहीं। लेकिन संकट की इस घड़ी में भाजपा शुरू से ही जनता के बीच मौजूद है। उन्होंने दावा किया कि भाजपा नेताओं व भाजपा शासित राज्यों के मुख्यमंत्रियों ने प्रदेश को न केवल करोड़ों की राहत राशि उपलब्ध कराई बल्कि कई ट्रक राहत सामग्री भी भेजी।

    चंबा में खुद 50 ट्रक राहत सामग्री बांटी है, लेकिन कांग्रेस पार्टी एक बोरी राशन तक दिखा नहीं सकती जो उन्होंने पीड़ितों को दी हो। नेता प्रतिपक्ष ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की भूमिका का जिक्र करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री ने खुद हिमाचल आकर नुकसान का जायजा लिया, प्रभावित परिवारों से मुलाकात की और 1500 करोड़ रुपये की राहत राशि की घोषणा की।

    इसके बाद केंद्र ने सात मंत्रियों को प्रदेश भेजा ताकि वह जमीन पर स्थिति देख सकें। लेकिन प्रदेश सरकार के मंत्री शिमला सचिवालय से बाहर निकलने को तैयार नहीं हैं। द्रंग, बंजार व आनी जैसे क्षेत्रों में अब तक कोई मंत्री नहीं गया। क्या इसलिए कि यहां भाजपा विधायक हैं? जयराम ठाकुर ने कहा कि आपदा के समय जनता के बीच खड़े होने से न केवल हौसला मिलता है बल्कि पुनर्स्थापन कार्य भी तेजी से होते हैं।

    लेकिन कांग्रेस सरकार केवल केंद्र को कोसने और राजनीतिक बयानबाजी में व्यस्त है। अगर मुझे गाली देने से लोगों के घर बन जाते हैं तो रोज गाली दें। अगर केंद्र को कोसने से जनता का भला होता है तो रोज कोसें। लेकिन जनता समझ चुकी है कि कौन उनके साथ खड़ा रहा और कौन शिमला से बाहर नहीं निकल पाया। उन्होंने द्रंग क्षेत्र में औट, पलसेहड़, स्वाखरी, टिक्कर, कथयारी, राहला व कटौला पंचायतों का दौरा करते हुए जयराम ठाकुर ने प्रभावित परिवारों से मुलाकात की।

    उन्होंने कहा कि भूस्खलन से कई घर जमींदोज हो गए हैं। बागबानों की नकदी फसलें भी बुरी तरह प्रभावित हुई हैं। उन्होंने राहत सामग्री बांटते हुए प्रभावितों को हरसंभव सहयोग का आश्वासन दिया और प्रदेश सरकार से अपील की कि शीघ्र और पर्याप्त सहायता सुनिश्चित की जाए। इस दौरान उनके साथ द्रंग भाजपा नेता ज्योति कपूर, मेहर चंद भारती व भाजपा जिलाध्यक्ष निहाल चंद शर्मा भी मौजूद रहे।