मंडी में पंजाबी पर्यटकों ने ढाबा मालिक पर चलाई गोली, गल्ले से पैसे भी चुराए; जांच में जुटी पुलिस
Mandi Crime News मंडी में एक ढाबा मालिक को पंजाब के दो पर्यटकों ने गोली मार दी। घायल की पहचान प्रदीप गुलेरिया के रूप में हुई है। उन्हें जोनल अस्पताल मंडी से नेरचौक मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। मिली जानकारी के मुताबिक ढाबे के गल्ले से पैसे निकालने और चोरी भी होने की बात सामने आई है।

जागरण संवाददाता, मंडी। जिला मुख्यालय से करीब दो किलोमीटर दूर पुलघराट में गोली चलाने वाले आरोपित पंजाबी पर्यटक ने पैसे और अन्य सामान की मांग की थी। ढाबा संचालक प्रदीप गुलेरिया द्वारा मना करने पर उसने गोली चला दी, जिसे उन्होंने अपनी बाजू से रोकने का प्रयास किया। यदि वह समय रहते न संभलते, तो उनकी जान जा सकती थी।
प्रदीप का आरोप 45 मिनट बाद पहुंची पुलिस
घटना की सूचना मिलने के बाद भी पुलिस को मौके पर पहुंचने में 45 मिनट का समय लगा। घटनास्थल से सदर थाना की दूरी महज दो किलोमीटर है। प्रदीप ने आरोप लगाया कि पहले थाना में किसी ने फोन नहीं उठाया कई बार काल करने पर जब बात हुई तो घटनास्थल पर पहुंचने में 45 मिनट लगा दिए।
इससे आरोपितों को भागने का आराम से मौका मिल गया। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (एएसपी) सागर चंद्र, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सीआइडी मनमोहन सिंह ने शनिवार सुबह घटनास्थल पर पहुंच कर निरीक्षण किया और अपराध स्थल से साक्ष्य जुटाने के निर्देश दिए।
फर्श पर खून के धब्बे, ढाबा किया गया बंद
पुलिस ने साक्ष्य जुटाने के लिए ढाबे को अस्थायी रूप से बंद कर दिया। दरवाजे के बाहर फर्श पर चारों ओर खून के निशान हैं। इससे घटना की गंभीरता का अंदाजा लगाया जा सकता है। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर संदिग्धों की जानकारी हासिल करने की कोशिश की।
नेताओं ने अस्पताल पहुंचकर जाना हालचाल
घटना की खबर मिलते ही नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने वीडियो काल कर घायल प्रदीप गुलेरिया का कुशलक्षेम जाना। सुंदरनगर के विधायक राकेश जम्वाल और भाजपा जिला अध्यक्ष निहाल चंद शर्मा ने नेरचौक मेडिकल कॉलेज पहुंच प्रदीप गुलेरिया का हालचाल जाना और घटना की कड़ी निंदा की। उन्होंने प्रशासन से अपराधियों को जल्द पकड़ने की मांग की।
सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस, आरोपितों की तलाश जारी
पुलिस ने ढाबे और आसपास के क्षेत्रों में लगे सीसीटीवी की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है। पंजाब पुलिस से भी संपर्क किया गया है। कीरतपुर मनाली फोरलेन पर लगे सीसीटीवी की फुटेज खंगाल बाइक व कार के नंबर की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है।
जनता में आक्रोश, सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल
इस घटना के बाद स्थानीय लोगों में भय और आक्रोश है। लोगों ने पुलिस प्रशासन पर सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल उठाए हैं। क्षेत्रवासियों का कहना है कि अगर पुलिस सतर्क रहती तो इस तरह की घटना को टाला जा सकता था।

कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।