Mandi: आज निकलेगी राज देवता माधो राय की जलेब, बागवानी मंत्री जगत सिंह नेगी करेंगे शिवरात्रि महोत्सव का समापन
Mandi News सात दिवसीय अंतरराष्ट्रीय शिवरात्रि महोत्सव मंडी के अंतिम दिन शनिवार को राज देवता माधो राय की जलेब निकलेगी। इस मौके पर बागवानी एवं राजस्व मंत्री जगत सिंह नेगी बतौर मुख्य अतिथि शिरकत करेंगे। वह दोपहर बाद निकलने वाली राज देवता की अंतिम जलेब में भाग लेंगे।

मंडी, जागरण संवाददाता।
सात दिवसीय अंतरराष्ट्रीय शिवरात्रि महोत्सव मंडी के अंतिम दिन शनिवार को राज देवता माधो राय की जलेब निकलेगी। इस मौके पर बागवानी एवं राजस्व मंत्री जगत सिंह नेगी बतौर मुख्य अतिथि शिरकत करेंगे। वह दोपहर बाद निकलने वाली राज देवता माधो राय की अंतिम जलेब में भाग लेंगे।वह माधो राय मंदिर में पूजा-अर्चना करेंगे। प्रशासन ने मेले के समापन पर सुरक्षा व्यवस्था को लेकर कड़े प्रबंध कर रखे हैं। शहर में विक्टोरिया पुल से वाहनों की आवाजाही जलेब की समाप्ति तक प्रतिबंधित रहेगी। आखिरी दिन बड़ी जलेब पूरे बाजार से होकर निकलेगी और लोग फूल बरसाकर माधो राय का स्वागत करेंगे।
पड्डल मैदान में भीड़ उमड़ी
शुक्रवार को महोत्सव के छठे दिन छोटी काशी में काफी जनसैलाब उमड़ा। दिनभर सेरी बाजार व मेला स्थल पड्डल मैदान में भीड़ उमड़ी रही। सुबह नौ से शाम चार बजे तक हजारों लोगों ने कालेज व पड्डल मैदान में विराजमान देवी-देवताओं के दर्शन किए। कालेज मैदान में दिनभर देवलु नाटी व खेल परिसर में कुश्ती प्रतियोगिता का दौर चलता रहा।
भीड़ उमड़ने से मनाली-चंडीगढ़ राष्ट्रीय राजमार्ग पर करीब दो घंटे तक दो किलोमीटर के दायरे में जाम लगा रहा। शनिवार को सात दिवसीय शिवरात्रि महोत्सव का अंतिम दिन है। सात दिन से छोटी काशी में आए 192 के आसपास देवी-देवता देवालयों को लौट जाएंगे।
आज सजेगी चौहाटा की जातर, देव कमरुनाग भी लौटेंगे
शिवरात्रि महोत्सव के दौरान टारना माता मंदिर में विराजने वाले वर्षा के देव कमरुनाग शनिवार को जातर में भाग लेने टारना से नीचे उतरेंगे। थोड़ी देर के लिए सेरी चाणनी की सीढ़ियों पर विराजमान होंगे। यहां हजारों की संख्या में लोग उनके दर्शन करेंगे। मेला समाप्त होने के बाद देव कमरुनाग अपने यजमानों के घर का रुख करेंगे। उत्तरशाल के देवता पराशर ऋषि भी आज लोगों को दर्शन देंगे। चौहाटा की जातर में सभी देवी-देवता भाग लेंगे।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।