विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Sep 02, 2025 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

Mandi Landslide: मंडी के सुंदरनगर में भूस्खलन से मां-बेटी समेत तीन की मौत, दो घर क्षतिग्रस्त और कई लगे मलबे में दबे

Published: Tue, 02 Sep 2025 07:31 PM (IST)Updated: Tue, 02 Sep 2025 09:56 PM (IST)

मंडी जिले के सुंदरनगर के जंगमबाग में पहाड़ दरकने से एक बड़ा हादसा हुआ है। मलबे की चपेट में आने ...और पढ़ें

Mandi Landslide: मंडी के सुंदरनगर में पहाड़ दरकने से बड़ा हादसा। फोटो जागरण
Mandi Landslide: मंडी के सुंदरनगर में पहाड़ दरकने से बड़ा हादसा। फोटो जागरण

नीरू शर्मा, सुंदरनगर। सुंदरनगर उपमंडल के बीएसएल कालोनी स्थित जंगमबाग में मंगलवार देर सायं पहाड़ दकरने से मलबे की चपेट में आने से मां बेटी समेत तीन की मौत हो गई। महिला का पति गुरप्रीत उर्फ सोनू व उसकी मां सुरेंद्र कौर तथा साथ लगते एक मकान में रहने वाली बुजुर्ग महिला अभी मलबे में दबे हुए हैं। राहत एवं बचाव दल दोनों की तलाश में जुटे हुए हैं।

शाम करीब छह बजे जंगमबाग की पहाड़ी में अचानक जोरदोर धमाका हुआ। पलक झपकते ही पहाड़ दरक कर नीचे आ गया। मलबे ने दोनों घरों को अपनी चपेट में ले लिया। इससे पांचों लोग मलबे की चपेट में आने से घर केे अंदर फंस गए।

स्थानीय लोगों ने सूचना मिलते ही राहत एवं बचाव कार्य शुरु किया। डेढ़ घंटे की मशक्कत के बाद लोगों ने गुरप्रीत की पत्नी भारती व उसकी दो वर्ष की बेटी किरत को मलबे से निकाल कर नागरिक अस्पताल सुंदरनगर पहुंचाया। वहां डाक्टरों ने मां बेटी को मृत घोषित कर दिया। गुरप्रीत पेशे से बस चालक है। मंगलवार सुबह की घर आया था। हादसे के समय उसका भाई किसी दुकान से सामान लाने गया था।

पहाड़ दरकने से बीएसएल कालोनी चांबी मार्ग भी बाधित हो गया। इससे प्रशासन व पुलिस की टीम को पहुंचने में परेशानी का सामना करना पड़ा।मार्ग पूरी तरह दलदल में बदल गया। चांबी की ओर से लोग मौके पर पहुंचे। स्थानीय लोगों ने खुद फावड़े व अन्य साधनों से राहत कार्य शुरू किया है। अपने स्तर पर दो जेसीबी तैनात कीं।

सुंदरनगर के विधायक राकेश जम्वाल ने मौके पर पहुंच कर राहत एवं बचाव कार्यों का जायजा लिया। पुलिस, अग्निशमन विभाग, स्वास्थ्य दल एसडीआरएफ की टीम भी मौके पर पहुंच गई हैं। बताया जा रहा है कि यहां पाइप बिछाने के लिए बीबीएमबी ने खोदाई कर रखी थी। स्थानीय लाेग इसका विरोध जता रहे थे। सुंदरनगर उपमंडल प्रशासन ने आसपास के लोगों को सतर्क रहने के निर्देश दिए हैं। एसडीएम सुंदरनगर अमर सिंह नेगी बताया कि राहत एवं बचाव कार्य जारी हैं।