Mandi Landslide:पड्डल गुरुद्वारे के पास भूस्खलन के बाद खाली कराए गए घर, प्रशासन अलर्ट मोड पर
मंडी शहर के पड्डल गुरुद्वारा के पास भूस्खलन होने से आसपास के क्षेत्रों में हड़कंप मच गया। प्रशासन ने गुरुद्वारा के आसपास के घरों को खाली करवा दिया है। कुछ परिवार रिश्तेदारों के पास चले गए जबकि अन्य को भ्यूली में ठहराया गया है। अफवाह फैलने से अफरा-तफरी मची लेकिन बाद में स्थिति स्पष्ट हुई। प्रशासन अलर्ट है और प्रभावित परिवारों को सहयोग का आश्वासन दिया गया है।

जागरण संवाददाता, मंडी। मंडी शहर के पड्डल गुरुद्वारा के पास पिछले तीन दिनों से पहाड़ी से भूस्खलन हो रहा था। स्थानीय लोग लगातार खतरे की आशंका जता रहे थे। शनिवार को भी यहां से चट्टान नीचे गिरी थी।
सोमवार रात अचानक गिरे पत्थर व मलबा
सोमवार रात करीब नौ बजे अचानक पहाड़ी से भारी मात्रा में मलबा नीचे आ गिरा। इससे आसपास के क्षेत्रों में हड़कंप मच गया और लोग घरों से बाहर निकल आए। कई परिवार रातभर जागते रहे।
खाली करवाए गए घर
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए प्रशासन ने पड्डल गुरुद्वारा के आसपास स्थित सभी घर खाली करवा दिए। प्रभावित परिवारों में से कुछ अपने रिश्तेदारों के पास चले गए, जबकि अन्य को प्रशासन ने भ्यूली में सुरक्षित ठहराया है। यहां बड़ी संख्या में किरायेदार रहतें हैं।
अफवाह से मची अफरा-तफरी
इंटरनेट मीडिया अफवाह फैली कि पूरी पहाड़ी बैठ गई है। इससे इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। हालांकि सुबह स्थिति स्पष्ट होने पर लोगों ने राहत की सांस ली और धीरे-धीरे अपने घरों को लौटना शुरू कर दिया।
प्रशासन अलर्ट मोड पर
जिला प्रशासन ने तुरंत राहत व बचाव दल को मौके पर भेजा। लोक निर्माण विभाग व आपदा प्रबंधन टीम को सतर्क कर दिया गया है। तकनीकी टीम द्वारा भूस्खलन क्षेत्र का निरीक्षण किया जा रहा है ताकि खतरे का आकलन हो सके। प्रशासन का कहना है कि स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है।
जनहानि नहीं, लेकिन डर बरकरार
फिलहाल किसी तरह की जनहानि या बड़े नुकसान की सूचना नहीं है। लेकिन लगातार हो रहे भूस्खलन से लोग दहशत में हैं। कई परिवार अब भी अपने घरों में वापस लौटने से हिचकिचा रहे हैं।
सहयोग का आश्वासन
प्रशासन ने प्रभावित परिवारों को हरसंभव सहयोग का भरोसा दिया है। लोगों से अपील की है कि वे अफवाहों पर ध्यान न दें और सतर्क रहते हुए केवल आधिकारिक सूचना पर ही भरोसा करें।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।