विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Mar 16, 2024 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

Lahaul and Spiti By Election: लाहौल-स्पीति में पहली बार होंगे उपचुनाव, इस दिन होगी SC में सुनवाई

Published: Sat, 16 Mar 2024 08:09 PM (IST)

Lahaul and Spiti By Election आज चुनाव आयोग ने लोकसभा (Lok Sabha Election 2024) चुनावों की तारीखों का एलान कर ...और पढ़ें

Lahaul and Spiti By Election: लाहौल-स्पीति में पहली बार होंगे उपचुनाव
Lahaul and Spiti By Election: लाहौल-स्पीति में पहली बार होंगे उपचुनाव

HighLights

  1. चुनाव आयोग ने उपचुनाव की घोषणा कर दिया झटका
  2. सुप्रीम कोर्ट में होने वाली सुनवाई पर टिकी नजर
  3. दोनों दलों से कौन होगा प्रत्याशी, दलों के साथ जनता तय करेगी उनका भविष्य

जागरण संवाददाता, मनाली। लाहुल स्पीति में पहली बार विधानसभा उपचुनाव होगा। चुनाव आयोग ने उपचुनाव की घोषणा कर अयोग्य करार दिए गए विधायक रवि ठाकुर को झटका दिया है। अब उनकी आखिरी उम्मीद सोमवार को सुप्रीम कोर्ट में होने वाली सुनवाई पर बची है।

उपचुनाव की घोषणा होते ही रवि ठाकुर समर्थकों के चेहरे लटक गए हैं। भाजपा व कांग्रेस के नेताओं ने चुनाव लड़ने की तैयारियां शुरू कर दी हैं। कांग्रेस और भाजपा से अब प्रत्याशी कौन होगा। इसको लेकर भी लोगों में चर्चा शुरु हो गई है। उपचुनाव की घोषणा होते ही चुनाव विभाग के अधिकारी भी सक्रिय हो गए हैं।

1972 में कांग्रेस की लता ठाकुर बनी थी लाहुल स्पीति की विधायक

1972 में कांग्रेस की लता ठाकुर लाहुल स्पीति की विधायक बनी थी। इससे पहले 1967 लाहुल-स्पीति में देवी सिंह ठाकुर ने निर्दलीय उम्मीदवार के रूप में बाजी मारी थी। 1977 में जनता पार्टी के देवी सिंह, 1982 व 1985 में कांग्रेस के देवी सिंह ठाकुर, 1990 व 1993 में कांग्रेस के फुंचोंग राय चुनाव जीते थे। 1998 के बाद इस विधानसभा क्षेत्र से कोई नेता लगातार दूसरी जीत दर्ज नहीं कर पाया है।

1998 में लाहुल-स्पीति में हिविकां के डा.रामलाल मार्कंडेय , 2003 में रघुवीर ठाकुर, 2007 भाजपा के डा. रामलाल मार्कंडेय, 2012 में कांग्रेस के रवि ठाकुर यहां से विधायक निर्वाचित हुए थे। 2017 में भाजपा के डा.रामलाल मार्कंडेय ने फिर यहां से जीत हासिल की थी। 2022 में कांग्रेस के रवि ठाकुर विधायक बने।

कांग्रेस सरकार का कार्यकाल निराशाजनक चल रहा है। कांग्रेस ने जनता पर उपचुनाव का अतिरिक्त बोझ डाला है। कांग्रेस सरकार ने लाहुल स्पीति की अनदेखी की है। उप चुनाव में जनता इसका जवाब देगी

राजेंद्र बौद्ध अध्यक्ष भाजपा लाहुल स्पीति

कांग्रेस की गलत नीतियों के चलते लाहुल स्पीति की जनता पर उप चुनाव थोपा गया है। भाजपा किसी भी परिस्थिति का सामना करने के लिए तैयार है। कांग्रेस ने लाहुल स्पीति में सिर्फ वोट की राजनीति की है लेकिन भाजपा सत्ता में आते ही अधूरे पड़े कामों को फिर से गति देगी

डा. रामलाल मार्कंडेय , पूर्व विधायक

सुप्रीम कोर्ट के निर्णय का इंतजार है। प्रदेश की जनता के लिए ही यह त्याग किया है। राज्यसभा के लिए हिमाचल का प्रत्याशी भेजकर प्रदेश हित को प्राथमिकता दी है। अगर उपचुनाव होता है तो जनता मेरे त्याग का इंसाफ करेगी

रवि ठाकुर, अयोग्य घोषित विधायक लाहुल स्पीति

उप चुनाव को लेकर जल्द ही जिला कांग्रेस कमेटी की बैठक बुलाई जाएगी। सभी कार्यकर्ताओं के साथ बैठक कर आगामी रणनीति बनाई जाएगी। हालांकि अभी न्यायालय के निर्णय का इंतजार किया जा रहा है।

गयल्सन ठाकुर, जिला अध्यक्ष लाहुल स्पीति कांग्रेस

यह भी पढ़ें- Cotton Candy Banned in Himachal: हिमाचल में अब नहीं बिकेगी कॉटन कैंडी, स्‍वास्‍थ्‍य विभाग ने लगाया बैन; जानें वजह