Trending

    Move to Jagran APP
    pixelcheck
    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    'बाबासाहब आंबेडकर का अपमान किया', कंगना रनौत ने कांग्रेस पर बोला हमला; हिमाचल सरकार को भी आड़े हाथों लिया

    मंडी संसदीय क्षेत्र से भाजपा सांसद कंगना रनौत (Kangana Ranaut) ने सरकाघाट में डॉ. भीमराव आंबेडकर जयंती (Dr. Bhimrao Ambedkar Jayanti) समारोह में कांग्रेस पर निशाना साधा। उन्होंने कांग्रेस पर आंबेडकर को सम्मान न देने का आरोप लगाया। कंगना ने प्रतिभा सिंह (Pratibha Singh) और विक्रमादित्य सिंह (Vikramaditya Singh) पर भी कटाक्ष किया और क्षेत्र में विकास परियोजनाओं का वादा किया।

    By Hansraj Saini Edited By: Rajiv Mishra Updated: Mon, 14 Apr 2025 04:48 PM (IST)
    Hero Image
    कांग्रेस ने किया बाबासाहब का अपमान, भाजपा ने दिया सम्मान - कंगना रनौत

    संवाद सहयोगी, सरकाघाट। मंडी संसदीय क्षेत्र से भाजपा सांसद कंगना रनौत (Kangana Ranaut) ने सरकाघाट के बलद्वाड़ा कस्बे में आयोजित डॉ. भीमराव आंबेडकर की जयंती (Dr. Bhimrao Ambedkar Jayanti) समारोह में भाग लेते हुए कांग्रेस पार्टी पर तीखा हमला बोला।

    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने वर्षों तक डॉ.आंबेडकर को वह सम्मान नहीं दिया जिसके वह हकदार थे। कंगना ने आरोप लगाया कि जवाहरलाल नेहरू ने बाबा साहब को कैबिनेट से बाहर कर दिया था। कांग्रेस ने उन्हें कभी भारत रत्न नहीं दिया। भाजपा सरकार ने केवल उन्हें सम्मान ही नहीं दिया बल्कि उनके विचारों को जन-जन तक पहुंचाया।

    प्रतिभा सिंह व विक्रमादित्य सिंह पर साधा निशाना

    कंगना रनौत ने प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष प्रतिभा सिंह और उनके बेटे विक्रमादित्य सिंह पर कटाक्ष करते हुए कहा कि राजा बाबू अपनी हार पचा नहीं पा रहे। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि परिणाम वाले दिन वह पूरी रात रोते रहे, अब बयानबाजी कर रहे हैं। कंगना ने कहा कि जनता ने उन्हें नकार दिया, अब वह जनादेश का अपमान कर रहे हैं।

    प्रदेश सरकार पर भी कंगना का हमला

    कंगना ने प्रदेश की कांग्रेस सरकार पर हर मोर्चे पर विफल होने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार न तो जनता की समस्याओं को समझ पा रही है और न ही विकास कार्यों को गति दे पा रही है। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार की योजनाएं भी राज्य सरकार की ढिलाई की वजह से अटकी पड़ी हैं।

    केंद्रीय विद्यालय व अन्य परियोजनाएं लाने का वादा

    कंगना रनौत ने घोषणा की कि वह स्थानीय विधायक दिलीप ठाकुर के सहयोग से बलद्वाड़ा क्षेत्र में केंद्रीय विद्यालय सहित कई केंद्रीय परियोजनाएं लाने के लिए प्रयास करेंगी। उन्होंने कहा कि यह क्षेत्र विकास की दृष्टि से काफी पीछे रह गया है और अब यहां विशेष ध्यान देने की आवश्यकता है।

    विधायक दिलीप ठाकुर ने कांग्रेस सरकार को लिया आड़े हाथों

    कार्यक्रम में विधायक दिलीप ठाकुर ने भी प्रदेश सरकार की आलोचना करते हुए कहा कि सरकाघाट क्षेत्र में विकास के सारे काम ठप पड़े हैं। जो भी काम हुए हैं, वे केंद्र सरकार के कार्यकाल में हुए थे। कई पुल और भवन तैयार हो चुके हैं लेकिन कांग्रेस सरकार केवल उद्घाटन तक भी नहीं पहुंच पाई है।

    हर महिला मंडल को पांच-पांच हजार रुपये देने की घोषणा

    विधायक दिलीप ठाकुर ने इस अवसर पर क्षेत्र की प्रत्येक महिला मंडल को अपनी ओर से पांच-पांच हजार रुपये देने की घोषणा की। इस घोषणा से महिलाओं में खासा उत्साह देखने को मिला।

    महिला मंडलों की सांस्कृतिक प्रस्तुतियां बनीं आकर्षण का केंद्र

    बलद्वाड़ा क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले करीब 40 महिला मंडलों ने इस कार्यक्रम में भाग लिया और अपनी-अपनी सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से कार्यक्रम की शोभा बढ़ाई। कार्यक्रम का माहौल उत्सव जैसा हो गया और मंच पर सांस्कृतिक विविधता की झलक देखने को मिली। कार्यक्रम में महामंत्री राजेंद्र भुट्टो, अनुसूचित जाति मोर्चा के जिला अध्यक्ष ख्यालीराम शास्त्री, मंडल अध्यक्ष वासुदेव शर्मा, पवन ठाकुर, मीडिया प्रभारी विनय राणा सहित कई अन्य नेता शामिल रहे।

    ये भी पढ़ें- Mazar Controversy: हिमाचल में फिर उपजा मजार विवाद, अज्ञात लोगों ने की तोड़फोड़; मुस्लिम समुदाय में आक्रोश

    ये भी पढ़ें- आजाद भारत के सबसे पहले कानून मंत्री बने थे Dr. BR Ambedkar, यहां जानें उनसे जुड़ी 10 अनसुनी बातें