Kangana Ranaut: हिमाचल प्रदेश में बीजेपी से लोकसभा चुनाव लड़ने वाली पहली महिला बनी कंगना रनौत, कांग्रेस को देंगी कड़ी टक्कर
हिमाचल प्रदेश में लोकसभा चुनाव में कंगना रनौत (Kangana Ranaut) के रूप में भाजपा ने पहली बार महिला प्रत्याशी पर भरोसा किया है। साल 1952 से लेकर 2019 तक भाजपा ने कभी महिला को टिकट नहीं दिया। वहीं हिमाचल में बीजेपी से लोकसभा चुनाव लड़ने वाली कंगना रनौत पहली महिला बन गई हैं। जन्मदिन के अगले दिन टिकट मिलने से कंगना और उनके परिजनों में खुशी की लहर है।

हंसराज सैनी, मंडी। हिमाचल प्रदेश से भाजपा के टिकट पर लोकसभा चुनाव लड़ने वाली अभिनेत्री कंगना रनौत पहली महिला बनी हैं। चारों संसदीय क्षेत्र मंडी, शिमला, हमीरपुर और शिमला से भाजपा ने अब तक किसी महिला को टिकट नहीं दिया था। राम मंदिर, किसान आंदोलन, अनुच्छेद 370 और कई अन्य मुद्दों पर केंद्र सरकार, प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह के पक्ष में दमदार तरीके से खड़े होना कंगना रनौत के काम आया है।
कंगना रनौत ने एक्स पर लिखी पोस्ट
अभिनेत्री कंगना रनौत ने एक्स पर पोस्ट में लिखा कि मेरे प्यारे भारत और भारतीय जनता की अपनी पार्टी, भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) को मेरा हमेशा बिना शर्त समर्थन रहा है, आज बीजेपी के राष्ट्रीय नेतृत्व ने मुझे मेरे जन्मस्थान हिमाचल प्रदेश, मंडी (निर्वाचन क्षेत्र) से अपना लोकसभा उम्मीदवार घोषित किया है, मैं लोकसभा चुनाव लड़ने पर हाईकमान का फैसला मानती हूं। मैं आधिकारिक तौर पर पार्टी में शामिल होकर सम्मानित और उत्साहित महसूस कर रही हूं। मैं एक योग्य कार्यकर्ता और विश्वसनीय लोक सेवक बनने की आशा रखती हूं।
My beloved Bharat and Bhartiya Janta’s own party, Bharatiya Janta party ( BJP) has always had my unconditional support, today the national leadership of BJP has announced me as their Loksabha candidate from my birth place Himachal Pradesh, Mandi (constituency) I abide by the high…
— Kangana Ranaut (@KanganaTeam) March 24, 2024
दो साल से लगाए जा रहे थे कयास
वह मंडी संसदीय क्षेत्र से भाजपा प्रत्याशी हो सकती हैं, इसको लेकर करीब दो साल से कयास लगाए जा रहे थे। इन कयासों को उस समय बल मिला था जब कंगना रनौत का महाराष्ट्र सरकार के साथ विवाद हुआ था। गृहमंत्री अमित शाह ने कंगना रनौत को वाई प्लस श्रेणी की सुरक्षा उपलब्ध करवाई थी। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा हिमाचल के तत्कालीन मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर के साथ कंगना के मनाली स्थित घर में नाश्ता करने गए थे।
ये भी पढ़ें: Holi 2024: होली पर्व पर सोलंगनाला व सिस्सू में बढ़ी पर्यटकों की संख्या, होटल दे रहे टूरिस्ट को विशेष ऑफर
कांग्रेस और बीजेपी सीट पर दिखेगी टक्कर
प्रदेश भाजपा ने पैनल में पार्टी प्रवक्ता अजय राणा, महामंत्री बिहारी लाल शर्मा, नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर और पूर्व मंत्री गोविंद ठाकुर का नाम पैनल में भेजा था। पार्टी के शीर्ष नेतृत्व ने रविवार रात करीब पौने नौ बजे कंगना रनौत के नाम पर मुहर लगा सभी अटकलों और चर्चाओं पर विराम लगा दिया है। मंडी संसदीय क्षेत्र में वर्तमान में कांग्रेस की प्रतिभा सिंह सांसद हैं। वह चुनाव लड़ने से मना कर चुकी हैं। अब कंगना के सामने कांग्रेस का चेहरा कौन होगा यह देखने वाली बात है। अगर प्रतिभा सिंह अपने निर्णय पर पुनर्विचार करती हैं तो यहां दो महिलाओं के बीच टक्कर हो सकती है।
कंगना को टिकट मिलने से परिजन खुश
कंगना रनौत के परिवार की राजनीतिक पृष्ठभूमि रही हैं। परदादा स्व.सरजू सिंह त्रिफालघाट विधानसभा क्षेत्र से विधायक रहे हैं। टिकट की घोषणा होते ही कंगना रनौत को बधाई देने वालों का तांता लग गया है। वह अपने पैतृक घर भांबला में है। पिछले कल यानी 23 मार्च को कंगना ने अपनी जन्मतिथि मनाई थी। एक दिन बाद टिकट मिलने से कंगना व उसके स्वजन गदगद हैं। शनिवार को कंगना ने माता बगलामुखी मंदिर में पूजा अर्चना की थी।
तीन राष्ट्रीय और एक पद्मश्री पुरस्कार जीत चुकीं कंगना
उनकी पहली फिल्म गैंगस्टर थी। बेहतरीन अभिनय के लिए तीन राष्ट्रीय पुरस्कार और पद्मश्री मिल चुका है। कंगना की 10वीं तक की शिक्षा भांबला के हिल व्यू स्कूल में हुई। उसके बाद डीएवी महिला चंडीगढ़ से बारहवीं की पढ़ाई की थी। स्वजन से बगावत कर मायानगरी मुंबई में कदम रखा था। बकौल कंगना रनौत भाजपा के शीर्ष नेतृत्व ने उन पर जो विश्वास जताया है उस पर खरा उतरने का प्रयास करूंगी। मंडी संसदीय क्षेत्र की समस्याओं से भली-भांति परिचित हुए। केंद्र सरकार के सहयोग से उनका समाधान करने का प्रयास करूंगी।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।