चंबा में बादल फटने से तबाही, नाहन में भारी बारिश से बह गई सड़कें; आज हिमाचल में इन 7 जिलों के लोग रहें सावधान!
हिमाचल प्रदेश में भारी बारिश और बादल फटने से तबाही मची है। चंबा जिले के चुराह में पंगोला नाला में बादल फटने से दो पंचायतों का संपर्क टूट गया है। मंडी में 19 लोगों की मौत हुई है और 52 लापता हैं जबकि हमीरपुर में एक महिला का शव मिला है। सिरमौर में भारी वर्षा से राष्ट्रीय राजमार्ग का हिस्सा धंस गया और एक फैक्ट्री में मलबा घुस गया।

जागरण टीम, शिमला/मंडी/तीसा। हिमाचल के चंबा जिले के चुराह में पंगोला नाला में मंगलवार को बादल फटने से नाले में बाढ़ से गडफरी व थल्ली पंचायतों को जोड़ने वाला संपर्क मार्ग बह गया। दो पंचायतों की लगभग तीन हजार आबादी का संपर्क जिला मुख्यालय चंबा से कट गया है। मंडी जिले के करसोग उपमंडल के कुटी गांव से 30 जून को बहे 41 वर्षीय ललित कुमार का शव 100 किलोमीटर दूर करला में सतलुज नदी से मिला।
थुनाग से जरोल तक मार्ग अस्थायी रूप से बहाल होने से जंजैहली भी जुड़ गया है। आपदा से मंडी जिले में 19 लोगों की मौत हुई है, जबकि 52 लोग लापता हैं। हमीरपुर में दो दिन पहले शुक्कर खड्ड में बह गई बिहार के दरभंगा की महिला का शव मिल गया। छह जुलाई को 30 वर्षीय किरण देवी पत्नी सुखराज, निवासी गांव मनकोली, तहसील सिंहबाड़ा, जिला दरभंगा बिहार खड्ड के किनारे बर्तन धोते समय बह गई थी।
प्रदेश आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के अनुसार अभी तक प्रदेश में 54 लोगों की मौत हो चुकी है। सिरमौर जिले के नाहन में सोमवार रात भारी वर्षा से बनोग के पास सीवरेज नाले पर बनाए पार्क का कलवर्ट बंद होने से पानी नाहन-सराहां-कुमारहट्टी राष्ट्रीय राजमार्ग पर बहने लगा। इससे एनएच का 50 मीटर हिस्सा धंस गया। वर्षा का पानी एनएच के पैरापिट व डंगों को तोड़ता हुआ 300 मीटर आगे बिरोजा फैक्ट्रीमें घुस गया।
इससे बिरोजा फैक्ट्रीकी सुरक्षा दीवार टूट गई और फैक्ट्रीके वेयरहाउस सहित फिनायल बनाने वाले सेक्शन में मलबा घुस गया। इससे वाटर टैंक, तीन कमरे, ओवरहेड टैंक, सहित मशीनरी तहस-नहस हो गई। फैक्ट्री में उत्पादन भी बंद हो गया है।
सात जिलों में भारी वर्षा की चेतावनी
मौसम विभाग ने नौ जुलाई को कांगड़ा, मंडी, हमीरपुर, ऊना, बिलासपुर, सोलन और सिरमौर कुछ स्थानों पर भारी वर्षा की चेतावनी जारी की है। मौसम विभाग के अनुसार प्रदेश में भारी वर्षा का क्रम कुछ स्थानों पर 14 जुलाई तक रहने का अनुमान है।
प्राकृतिक आपदा में हुआ भारी नुकसान
- चुराह में पंगोला नाला में बाढ़ से दो पंचायतों को जोड़ने वाला संपर्क मार्ग बहा।
- नाहन में नाहन-सराहां-कुमारहट्टी राष्ट्रीय राजमार्ग का 50 मीटर हिस्सा धंसा।
- मंडी के करसोग से 30 जून को बहे युवक का शव मिला, अब तक 19 की मौत।
- आठ दिन बाद थुनाग से जरोल तक अस्थायी रूप से बहाल मार्ग, जंजैहली भी जुड़ा।
- बिरोजा फैक्ट्रीमें सुरक्षा दीवार तोड़ घुसा मलबा, कमरों सहित मशीनरी तहस-नहस।
जेपी नड्डा व मुख्यमंत्री आज करेंगे प्रभावित क्षेत्रों का दौरा
भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा बुधवार को मंडी जिले के आपदा प्रभावित क्षेत्रों का दौरा करेंगे। नड्डा का थुनाग, नाचन और करसोग जाने का कार्यक्रम है। नड्डा के साथ नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर व प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल भी रहेंगे। उधर, मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू भी आपदा प्रभावित क्षेत्रों में राहत एवं बचाव कार्यों का जायजा लेंगे और प्रभावितों से मिलेंगे।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।