Himachal News: 26 साल की विवाहिता ने चामुंडा मंदिर में फंदा लगा दे दी जान, मायके पक्ष का हंगामा
Himachal Pradesh News स्यांज में चामुंडा मंदिर के बाहर विवाहिता दीक्षा देवी का शव मिलने से सनसनी फैल गई। मायके पक्ष ने हत्या का आरोप लगाया ससुराल पक्ष से विवाद हुआ। दीक्षा रात को मां के साथ सोई थी सुबह मंदिर के बाहर मिली। पिता ने दामाद पर बहला-फुसलाकर ले जाने का आरोप लगाया है। पुलिस ने फोरेंसिक टीम बुलाकर जांच शुरू कर दी है।

सहयोगी, गोहर (मंडी)। जिला मंडी में गोहर के तहत चामुंडा माता मंदिर काढ़ी धार (स्यांज) में रविवार सुबह एक विवाहिता का शव दुपट्टे से बनाए फंदे से लटका हुआ मिला। 26 वर्षीय दीक्षा देवी पत्नी सुनील कुमार गांव दुगराई पंचायत बासा की निवासी थी। दीक्षा का शव मिलने की सूनना मिलते ही मायके व ससुराल पक्ष के लोग वहां पहुंचे और दोनों पक्ष में जमकर हंगामा हुआ। मायके पक्ष के लोगों ने इसे हत्या बताया है। वहीं पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए फारेंसिक टीम मौके पर बुलाई।
रात को मां के साथ सोई थी दीक्षा, सुबह मिली लाश
दीक्षा कुछ महीनों से अपने मायके स्यांज क्षेत्र के ग्वाड़ गांव में रह रही थीं। दीक्षा की माता ने बताया कि वह उनके साथ साेई थी, लेकिन जब सुबह उन्होंने देखा तो वह बिस्तर पर नहीं थी। उन्होंने बताया कि सुबह मंदिर के बाहर से आ जा रहे लोगों ने उसे फंदे पर झूलते देखा।
दामाद पर बहलाकर ले जाने का आरोप
मृतका के पिता जीवानंद ने आरोप लगाया है कि उनके दामाद सुनील कुमार दीक्षा को रात के समय बहला-फुसलाकर ले गया था। बताया जा रहा है कि कुछ समय पहले भी दीक्षा देवी अपने ससुराल से कुछ समय के लिए गायब हो गई थी वह फारेस्ट कालोनी के नजदीक कहीं छिपी हुई मिली थी।
पंचायत प्रधान ने भी उठाए सवाल
वहीं, ग्वाड़ पंचायत के प्रधान सोहन लाल ने भी फंदा लगाने को संदेहास्पद बताया है। मायका व ससुराल पक्ष मौके पर ही आमने-सामने हो गए और एक-दूसरे पर आरोप-प्रत्यारोप लगाए। मायका पक्ष ने दीक्षा के पति सुनील कुमार, उसके माता-पिता के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने दोनों पक्षों को शांत करवाया और मामले को सुलझाने के लिए फॉरेंसिक टीम को भी मौके पर बुलाया।
मामले में निष्पक्ष जांच की जा रही है। फॉरेंसिक टीम ने भी अपनी जांच की। उनकी रिपोर्ट के बाद स्थिति स्पष्ट होगी।
-देशराज, थाना प्रभारी, गोहर।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।