Trending

    Move to Jagran APP
    pixelcheck
    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    किसानों की बल्ले-बल्ले: प्राकृतिक खेती अपनाई और किस्मत चमकाई, मटर की 12 करोड़ से अधिक फसल बेच हुए मालामाल

    Updated: Thu, 28 Dec 2023 09:18 AM (IST)

    लाहुल स्पीति जिले के स्पीति घाटी के किसान प्राकृतिक खेती (Natural Farming) से किस्मत चमका रहे हैं। किसानों ने इस साल मटर की 12 करोड़ रुपये से अधिक की फसल बेची है। हर किसान ने तीन से चार लाख रुपये का लाभ अर्जित किया है। किसानों को इस बार खेत में ही मटर के 65 से 85 रुपये प्रति किलो दाम मिले हैं।

    Hero Image
    किसानों की बल्ले-बल्ले: प्राकृतिक खेती अपनाई और किस्मत चमकाई

    हंसराज सैनी, मंडी। Himachal News:  शीत मरुस्थल के नाम से विख्यात लाहुल स्पीति जिले के स्पीति घाटी के किसान प्राकृतिक खेती (Natural Farming) से किस्मत चमका रहे हैं। किसानों ने इस साल मटर की 12 करोड़ रुपये से अधिक की फसल बेची है। हर किसान ने तीन से चार लाख रुपये का लाभ अर्जित किया है।

    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    किसानों को मटर के मुंह मांगे मिल रहे दाम

    रसायनमुक्त मटर के मार्केट में किसानों को मुंह मांगे दाम मिले हैं। किसानों को इस बार खेत में ही मटर के 65 से 85 रुपये प्रति किलो दाम मिले हैं। पहले मटर 40 से 50 रुपये प्रति किलो तक बिकता था। जबसे किसानों ने प्राकृतिक खेती अपनाई है उससे उन्हें उत्पाद के अच्छे दाम मिल रहे हैं।

    किसानों ने 1200 क्विंटल किया मटर का उत्पादन

    स्पीति घाटी में किसानों ने 89.6 हेक्टेयर भूमि में मटर की खेती की थी। करीब 1200 क्विंटल उत्पादन हुआ है। कृषि प्रौद्योगिकी प्रबंध अभिकरण (आतमा प्रोजेक्ट) के तहत क्षेत्र के किसानों को 2020 से प्राकृतिक खेती के लिए प्रेरित करने की मुहिम शुरू हुई थी।

    कई सब्जियों का प्राकृतिक रूप से उत्पादन कर रहे किसान

    314 किसानों का पंजीकरण कर उन्हें प्राकृतिक खेती करने का प्रशिक्षण दिया गया। जीवामृत व अन्य जैविक खाद तैयार करने की विधि बताई गई थी। मटर ही नहीं स्पीति घाटी के किसान फूलगोभी, बंदगोभी, ब्रोकली, मूली व पालक का प्राकृतिक रूप से उत्पादन कर रहे हैं।

    हाथोंहाथ बिक रहे प्राकृतिक खेती के उत्पाद

    प्राकृतिक खेती से तैयार उत्पाद होटल, रेस्टोरेंट व होम स्टे संचालक हाथोंहाथ खरीद रहे हैं। स्पीति घाटी में घूमने आने वाले पर्यटक इन उत्पादों की मांग कर रहे हैं। स्पीति घाटी के बागवान भी अब इसी विधि से सेब उत्पादन करने की ओर आकर्षित हुए हैं। 15 से अधिक बागवानों व कृषि विज्ञान केंद्र ताबो ने सेब का उत्पादन कर नई मिसाल पेश की है।

    जैविक खाद का करते हैं इस्तेमाल

    स्पीति की प्रगतिशील किसान यशे डोलमा का कहना है कि वह अपने खेत में किसी भी प्रकार के कीटनाशक व रसायन का प्रयोग नहीं करती हैं। गोमूत्र व अन्य जैविक आधारित उत्पाद का प्रयोग कर सब्जियां उगा रही हैं। प्राकृतिक उत्पादों की बाजार में ज्यादा मांग है।

    यह भी पढ़ें- हिल स्टेशन की भीड़ से फूटा कोरोना बम, हिमाचल में आए Covid-19 के दो नए मामले; न्यू ईयर सेलिब्रेशन पड़ सकता है फीका


    314 किसानों ने प्राकृतिक खेती से किया सब्जी उत्पादन

    आतमा प्रोजेक्ट के तहत स्पीति के किसानों को प्राकृतिक खेती के प्रति जागरूक करने की मुहिम 2020 में शुरू की थी। इस मुहिम से 314 किसान जुड़कर मटर समेत अन्य सब्जियों का प्राकृतिक खेती से उत्पादन कर हर सीजन में लाखों रुपये कमा रहे हैं। -सुजाता नेगी, ब्लाक तकनीकी प्रबंधक आतमा प्रोजेक्ट।

    यह भी पढ़ें-  कड़ाके की ठंड में होगा नए साल का आगाज, इस दिन बारिश-बर्फबारी होने से गिरेगा पारा; ठंड से ठिठुरेंगे हिमाचलवासी