Move to Jagran APP

Jairam Thakur Interview: 'सीएम सुक्खू संभालें पहले अपना घर, 4 जून का करें इंतजार'; जयराम ठाकुर का इंटरव्यू

हिमाचल प्रदेश के पूर्व सीएम और नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर (Jairam Thakur) ने अपने साक्षात्कार में कहा कि हिमाचल में भाजपा लोकसभा की चारों और विधानसभा उपचुनाव की सभी छह सीटें जीतेगी। भाजपा पर कोई भी आरोप लगाने से पहले मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू पहले अपना घर संभालें। कांग्रेस में अंतरात्मा की आवाज सुनने वाले अभी कई और भी हैं। चार जून का इंतजार कीजिए। पढ़िए जयराम ठाकुर का Interview...

By Jagran News Edited By: Deepak Saxena Published: Wed, 22 May 2024 01:08 PM (IST)Updated: Wed, 22 May 2024 01:08 PM (IST)
हिमाचल प्रदेश के पूर्व सीएम जयराम ठाकुर का इंटरव्यू।

जागरण संवाददाता, मंडी। (Interview Of Jairam Thakur) लोकसभा सीट मंडी में चुनाव प्रचार के दौरान व्यक्तिगत आरोप लगाने की शुरुआत कांग्रेस ने की। प्रदेश में बेरोजगारी और भ्रष्टाचार बढ़ने के मुद्दे भाजपा उठा रही है। यह कहना है पूर्व मुख्यमंत्री एवं नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर का। 'दैनिक जागरण' के मुख्य संवाददाता हंसराज सैनी ने जयराम ठाकुर से बातचीत की। प्रस्तुत हैं मुख्य अंश :

हिमाचल में राज्यसभा चुनाव जीतने के लिए भाजपा ने जो फार्मूला अपनाया वह कितना सही था?

राज्यसभा चुनाव के लिए भाजपा का कोई फार्मूला नहीं था। कांग्रेस के विधायक अपने ही दल और मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू से नाराज थे। यदि कोई समर्थन देने की बात करता है तो मना नहीं कर सकते। छह कांग्रेस विधायकों ने अपनी अंतरात्मा की आवाज सुनकर भाजपा प्रत्याशी हर्ष महाजन के पक्ष में वोट दिया था। मुख्यमंत्री को भाजपा पर आरोप लगाने के बजाय अपना घर संभालना चाहिए।

भाजपा कार्यकर्ता नाराज हैं कि मंडी संसदीय क्षेत्र से प्रत्याशी पैराशूट से उतारा...। क्या इससे अन्य दावेदारों की अनदेखी नहीं हुई। क्या अब नाराज नेताओं का साथ मिल रहा है?

कंगना रनौत (Kangana Ranaut) मंडी की बेटी है। वह सनातनी और राष्ट्रवादी है। घर हो या राजनीति कभी न कभी नई शुरुआत होती है। मंडी संसदीय क्षेत्र में भी नई पहल हुई है। मोदी सरकार ने नारी शक्ति वंदन कानून बनाकर राजनीति में महिलाओं की 33 प्रतिशत भागीदारी सुनिश्चित करने की दिशा में बड़ा कदम उठाया है। टिकट की दावेदारी करना कार्यकर्ताओं का हक है। टिकट किसे देना है, यह शीर्ष नेतृत्व का अधिकार क्षेत्र है। परिवार में भी थोड़ी बहुत नाराजगी होती है। सभी दावेदार पार्टी के पक्ष में दिन-रात काम कर रहे हैं।

लोकसभा चुनाव व विधानसभा उपचुनाव में आरोप-प्रत्यारोप व्यक्तिगत अधिक हैं। रोजगार, महंगाई, भ्रष्टाचार आदि मुद्दों पर बात क्यों नहीं हो रही?

यह बात सही है। राजनीति में व्यक्तिगत नहीं विचारधारा की लड़ाई होती है। व्यक्तिगत आरोप-प्रत्योराप लगाना निराशाजनक है। चुनाव में उपलब्धियों, कमियों व मुद्दों पर बात होनी चाहिए। कांग्रेस ने व्यक्तिगत आरोप-प्रत्यारोप की शुरुआत की है। प्रदेश में बेरोजगारी व भ्रष्टाचार बढ़ा है। भाजपा संस्थान बंद करने और अन्य सभी मुद्दों को उठा रही है। कांग्रेस बेरोजगारी व भ्रष्टाचार के मुद्दे से भाग रही है। कांग्रेस भ्रष्टाचार की जननी है। राष्ट्रीय स्तर पर पहले घोटालों की चर्चा होती थी, लेकिन अब विकास की बात सुनाई देती है।

लोकसभा चुनाव केंद्र का है। आरोप ज्यादातर प्रदेश सरकार पर लगा रहे हैं। प्रतिभा सिंह के कार्यकाल पर भी अधिक बात नहीं हो रही है, ऐसा क्यों?

भाजपा मोदी सरकार की 10 वर्ष की उपलब्धियां जनता को बता रही है। चुनाव में प्रदेश सरकार की कमियां गिनाना भी विपक्ष का काम है। हम वही कर रहे हैं। सांसद प्रतिभा सिंह का कार्यकाल निराशाजनक रहा है। उन्होंने स्वयं इस बात को माना है कि मंडी संसदीय क्षेत्र में काम नहीं हुए हैं। तभी हार के डर से प्रतिभा ने मैदान छोड़ा है।

बल्ह में हवाई अड्डा और मंडी में शिवधाम आपका ड्रीम प्रोजेक्ट है। इसकी प्रगति क्यों नहीं हुई?

बल्ह में अंतरराष्ट्रीय स्तर के हवाई अड्डे के निर्माण के लिए भाजपा प्रतिबद्ध है। हमने 1000 करोड़ रुपये का प्रविधान करवाया था। नागरिक उड्डयन मंत्रालय के साथ सहमति पत्र पर हस्ताक्षर किए थे। लिडार और अन्य सर्वेक्षण का काम पूरा कर लिया था। भूमि अधिग्रहण की प्रक्रिया शुरू होने वाली थी, लेकिन कांग्रेस सरकार ने सारी प्रक्रिया पर विराम लगा दिया। 1000 करोड़ रुपये कहां गए, पता नहीं। शिवधाम के लिए 250 करोड़ रुपये के बजट का प्रविधान था। कांग्रेस सरकार 200 करोड़ रुपये अन्य जिले में ले गई, जनता सब जानती है।

आपकी पार्टी के नेता कह रहे हैं कि भूमि अधिग्रहण की वजह से हिमाचल में रेल विस्तार नहीं हुआ। भाजपा ने रेल विस्तार के लिए क्या खास किया?

कांग्रेस ने रेल, हवाई व सड़क सुविधा को बढ़ावा देने की दिशा में कभी कोई काम नहीं किया। कीरतपुर-मनाली फोरलेन का निर्माण कार्य मोदी सरकार के कार्यकाल में पूरा हुआ। अब मंडी से चंडीगढ़ पहुंचने में छह के बजाय ढाई घंटे लग रहे हैं। इससे पर्यटन भी बढ़ा है। भानूपल्ली-बिलासपुर रेललाइन का काम युद्धस्तर पर चल रहा है। बिलासपुर-मनाली-लेह रेललाइन का सर्वेक्षण हो चुका है। भाजपा ने अपनी सरकार के कार्यकाल में 700 करोड़ रुपये भूमि अधिग्रहण के लिए दिए हैं। मुख्यमंत्री सुक्खू और अन्य लोग आधारहीन बातें कर रहे हैं।

आप कांग्रेस सरकार पर अधिक ऋण लेने का आरोप आप लगाते हैं। ऋण तो पूर्व भाजपा सरकार ने भी कम नहीं लिया?

ऋण लेने की परंपरा हमने ही शुरू नहीं की थी। पूर्व की सरकारें भी ऋण लेती रही हैं। जितना ऋण हमने पांच वर्ष में लिया था, कांग्रेस सरकार ने 15 माह में ले लिया है। सुक्खू सरकार (Sukhu Government) अब तक 5000 करोड़ रुपये से अधिक ऋण ले चुकी है। मित्रों को रेवड़ियां बांटकर प्रदेश पर ऋण का बोझ डाला जा रहा है।

प्रदेश में आय के संसाधन बढ़ाने के लिए भाजपा का क्या विजन है?

प्रदेश में आय के संसाधन बढ़ाना चुनौती है। विद्युत क्षमता का पूरा दोहन करना पड़ेगा। 24,278 मेगावाट क्षमता से 11,209 मेगावाट का दोहन हो पाया है। प्रदेश में ज्यादातर विद्युत प्रोजेक्ट भाजपा सरकार के समय बने हैं। कांग्रेस ने विद्युत क्षमता के दोहन की ओर ध्यान नहीं दिया। पर्यटन को बढ़ावा मिलने से राजस्व बढ़ेगा।

आप अब तक अपने गृह क्षेत्र तक ही सीमित हैं। प्रचार के लिए प्रदेशभर में क्यों नहीं जा रहे विरोधी आरोप लगा रहे हैं।

यह आधारहीन बातें हैं। पांच दिन कांगड़ा, पांच दिन शिमला और चार दिन हमीरपुर संसदीय क्षेत्र में प्रचार करके आया हूं। मंडी मेरा गृह संसदीय क्षेत्र है। यहां प्रचार का दायित्व भी मेरा है। दोबारा अन्य संसदीय क्षेत्र के दौरे पर जा रहा हूं। आरोप लगाने वाले मात्र छह विधानसभा क्षेत्र तक सीमित होकर रह गए हैं।

पूर्व भाजपा सरकार के कार्यकाल में पेपर लीक, पुलिस भर्ती में घोटाला और सुंदरनगर में जहरीली शराब कांड हुआ। मुख्यमंत्री सुक्खू आरोप लगा रहे हैं?

अपराधी सरकार और दल देखकर अपराध नहीं करते हैं। पुलिस भर्ती पेपर लीक मामले में हमने सख्त कार्रवाई की थी। 50 से अधिक आरोपितों पर केस दर्ज हुआ था। उनकी गिरफ्तारी हुई थी। दूध का दूध और पानी का पानी हुआ। मामला जांच के लिए सीबीआइ को सौंपा था। जहरीली शराब मामले में भी त्वरित कार्रवाई की गई थी। इसमें किस दल के लोग शामिल थे। प्रदेश की जनता भलीभांति जानती है।

ये भी पढ़ें; Himachal News: 'कंगना रिकॉर्ड वोटों से जीतेगी, अपमान का लेंगे बदला', मंडी में जयराम ठाकुर का विक्रमादित्य पर हमला

भाजपा का दावा है कि चार जून को प्रदेश में सरकार बदलेगी और कमल खिलेगा। जनता जानना चाहती है कि इसके लिए क्या योजना है, कहीं राज्यसभा चुनाव की तरह ही फार्मूला अपनाने की तैयारी तो नहीं है?

राज्यसभा चुनाव में हार के बाद प्रदेश की सुक्खू सरकार सत्ता में बने रहने का नैतिक अधिकार खो चुकी है। चार जून को लोकसभा और विधानसभा उपचुनाव के नतीजे आते ही सुक्खू सरकार की विदाई हो जाएगी। मैंने पहले भी कहा कि राज्यसभा में भाजपा का कोई फार्मूला नहीं था। कांग्रेस के विधायक अपनी ही सरकार से दुखी थे। डबल इंजन की सरकार में जनता ने तेजी से होता विकास देखा था। 10 झूठी गारंटियों के सहारे सत्ता में आई कांग्रेस से जनता ऊब चुकी है। कांग्रेस में अंतरात्मा की आवाज सुनने वाले अभी कई और भी हैं, चार जून का इंतजार कीजिए।

प्रदेश सरकार आपदा में सहयोग न करने और केंद्र से मिलने वाली मदद में रोड़ा लगाने के आरोप लगा रही है।

कांग्रेस नेताओं को थोड़ी शर्म आनी चाहिए। आपदा में भाजपा प्रभावितों के साथ कंधे से कंधा मिलाकर खड़ी रही। प्रधानमंत्री मोदी, गृह मंत्री अमित शाह (Amit Shah) और सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी (Nitin Gadkari) से दिल्ली जाकर पार्टी के कई अन्य नेताओं के साथ मिला था। केंद्र ने 1800 करोड़ रुपये से अधिक की मदद दी है। सड़कों के निर्माण के लिए 3500 करोड़ रुपये लाने का दावा जो लोग कर रहे हैं। वह बताएं कि क्या यह पैसा केंद्र सरकार का नहीं है।

ये भी पढ़ें: Kangana Ranaut: कंगना रनौत ने विक्रमादित्य सिंह को बताया 'महाचोर', कहा- सत्ता के भूखे मां-बेटे


This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.