BJP विधायक राकेश जम्वाल ने कांग्रेस पर बोला हमला, बोले- उनका सरोकार पर्यटन व राजनीति तक सीमित
भाजपा नेता राकेश जम्वाल ने कांग्रेस पर हिमाचल के प्रति उदासीन रवैया अपनाने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस नेता केवल पर्यटन और राजनीति के लिए ...और पढ़ें

जागरण संवाददाता, मंडी। प्रदेश भाजपा के मुख्य प्रवक्ता एवं सुंदरनगर के विधायक राकेश जम्वाल ने कांग्रेस पर कड़ा हमला करते हुए कहा कि कांग्रेस नेताओं का हिमाचल से सरोकार केवल पर्यटन व राजनीति तक सीमित है। जब-जब प्रदेश को सहारे की जरूरत पड़ी, कांग्रेस के नेता यहां पर्यटक बनकर आए हैं।
कभी प्रियंका गांधी शिमला के अपने आलीशान बंगले में पर्यटक बनकर छुट्टियां मनाती दिखीं, कभी राजनीतिक पर्यटक बनकर अलका लांबा व दिल्ली दरबार के नेता चुनावों के समय हिमाचल घूमते रहे व महिलाओं को 1500 रुपये की गारंटी का झुनझुना थमाकर चले गए। राज्यसभा की सीट पाने के लिए अभिषेक मनु सिंघवी भी चुनाव लड़ने आए व चले गए।
अब कांग्रेस ने नया तमाशा शुरू किया है ...डिज़ास्टर टूरिज़्म। राकेश जम्वाल ने आरोप लगाया कि कांग्रेस बाहर से नेता बुलाकर पत्रकारवार्ता कराती है। युवा कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष उदय भानु चिब आपदा के समय आकर बेतुके बयान दे रहे हैं। जबकि वास्तविक मदद देने का काम सिर्फ प्रधानमंत्री मोदी व केंद्र सरकार रही है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में आई आपदा अभूतपूर्व रही।
इस कठिन समय में प्रधानमंत्री मोदी ने न केवल प्रदेश का दर्द समझा बल्कि तत्काल 1500 करोड़ रुपये का राहत पैकेज दिया। भाजपा शासित राज्यों त्रिपुरा, हरियाणा, असम व उत्तर प्रदेश ने भी 5-5 करोड़ रुपये की राशि हिमाचल आपदा राहत कोष में दी। भाजपा ने राजनीति से ऊपर उठकर अनगिनत राशन किटें, कपड़े, दवा, सेनेटरी पैक, बर्तन और नकद सहायता पहुंचाई।
यह असली सेवा भाव है, जबकि कांग्रेस नेता केवल बयानवीर बनकर पत्रकारवार्ताओं तक सीमित हैं। विडंबना यह है कि कांग्रेस के वह नेता जो हिमाचल में बड़ी-बड़ी बयानबाज़ी कर रहे हैं, उन्होंने खुद व उनकी पार्टी ने आपदा के लिए एक रुपये की मदद तक नहीं दी। भाजपा कार्यकर्ता गांव-गांव जाकर राहत बांट रहे थे, जबकि कांग्रेस नेता कैमरे खोजते घूम रहे थे।
उन्होंने आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री आपदा के समय प्रदेश छोड़कर बिहार की रैली में पहुंचे। जनता यह सब देख रही है और कांग्रेस की असलियत जान चुकी है। मुख्यमंत्री राहत कोष का सही उपयोग करने के बजाय इसमें बंदरबांट की गई, जिसके कारण जनता ने इस बार सीधे प्रभावित परिवारों तक मदद पहुंचाई। जम्वाल ने कहा कि कांग्रेस को बताना चाहिए कि जब उनके शीर्ष नेता सत्ता में थे, तब उन्होंने हिमाचल के लिए कौन-सा विशेष राहत पैकेज दिया था।
आज मोदी ने इतिहास का सबसे बड़ा राहत पैकेज दिया है व उसी पर कांग्रेस प्रश्न उठा रही है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के लिए हिमाचल सिर्फ पर्यटन की भूमि है...कभी टूरिस्ट, कभी राजनीतिक व अब डिज़ास्टर टूरिस्ट।

कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।