Trending

    Move to Jagran APP
    pixelcheck
    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    'बचाओ... कोई तो बचा लो...', मंडी में बाढ़ में बह गए दो परिवारों के 9 लोग; मची चीख-पुकार

    Updated: Wed, 02 Jul 2025 10:36 AM (IST)

    मंडी जिले (Mandi flood) के गोहर उपमंडल के पंगल्यूर गांव में भारी बारिश के कारण ज्यूणी व शकोल खड्ड में आई बाढ़ ने दो परिवारों को तबाह कर दिया। झाबे राम और पदम सिंह के परिवार के सदस्य सैलाब में बह गए जिनमें बच्चे और बुजुर्ग भी शामिल थे। ग्रामीणों ने मदद की कोशिश की लेकिन सैलाब के आगे सब बेबस रहे।

    Hero Image
    मंडी के गोहर उपमंडल में बाढ़ ने मचाई तबाही।

    संवाद सहयोगी, गोहर। बचाओ... कोई तो बचा लो... ऐसी आवाजें ज्यूणी व शकोल खड्ड के किनारे बसे झाबे राम व पदम सिंह के परिवार के सदस्य सोमवार देर रात छत पर खड़े होकर लगाते रहे। सैलाब ने किसी को मौका नहीं दिया। पलभर में झाबे राम का पूरा परिवार, बूढ़ी मां, पत्नी, बहू, बेटा और मासूम पोते-पोतियों समेत सब कुछ बह गया।

    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    पदम सिंह व उनकी पत्नी भी उसी विकराल धारा में खो गए। दो के शव बरामद हो चुके हैं। गोहर उपमंडल की स्यांज पंचायत के पंगल्यूर गांव में सोमवार देर रात प्रकृति ने ऐसा तांडव मचाया कि दो परिवारों का नामोनिशान मिट गया। ग्रामीणों ने मदद के लिए हाथ बढ़ाए, लेकिन सब लाचार हो गए।

    दो पीढ़ियों की जिंदगी, सपने और रिश्तों की पूरी बुनियाद मलबे में समा गई। बच्चे जो सुबह स्कूल जाने की तैयारी कर सोए थे, अब लापता हैं। मां-बाप जो अगली सुबह की उम्मीद में सोए थे, अब किसी याद बन चुके हैं। ग्रामीणों की आंखों में आंसू व दिलों में दर्द है। वे कहते हैं कि उन आवाजों की गूंज अभी भी कानों में है।

    मंगलवार को घटनास्थल पर पहुंची एसडीएम बल्ह स्मृतिका नेगी, एएसपी सागर चंद्र शर्मा व राहत दल की टीमें हरसंभव प्रयास कर रही हैं, लेकिन भारी वर्षा हर बचाव को मुश्किल बना रही है। हर बीतता पल उम्मीद को कमजोर कर रहा है।

    यह वही गांव है जहां 2022 की आपदा में भी एक परिवार ने भूस्खलन में सात लोगों को खोया था। नाचन के विधायक विनोद कुमार व सहकारी बैंक के निदेशक लाल सिंह कौशल ने कहा कि सरकार से पीड़ित परिवारों को हरसंभव सहायता दिलाने की मांग की गई है।

    ये लोग पानी में बहे

    75 वर्षीय पदम सिंह पुत्र देवी सिंह व उनकी पत्नी 70 वर्षीय देवकू देवी गांव बागा, 50 वर्षीय झाबे राम पुत्र गोकुलचंद, 47 वर्षीय पार्वती देवी पत्नी झाबे राम, 70 वर्षीय सुरमी देवी पत्नी स्वर्गीय गोकुलचंद, 29 वर्षीय इंद्र देव पुत्र झाबे राम, 27 वर्षीय उमावती पत्नी इंद्रदेव, नौ वर्षीय कनिका पुत्री इंद्रदेव व सात वर्षीय गौतम पुत्र इंद्रदेव। देवकू देवी व उमावती के शव बरामद हुए हैं।