विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Feb 06, 2020 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

एसपी साहब, गड़सा घाटी में सक्रिय है खनन माफिया

By JagranEdited By:
Published: Thu, 06 Feb 2020 06:18 PM (IST)

हैलो.. हैलो..मैं अभिनंदन गडसा से बोल रहा हूं एसपी साहब कुल्लू के गड़सा घाटी में खनन माफिया खनन कर रहे ...और पढ़ें

एसपी साहब, गड़सा घाटी में सक्रिय है खनन माफिया
एसपी साहब, गड़सा घाटी में सक्रिय है खनन माफिया

जागरण टीम, कुल्लू : हेलो.. हेलो..मैं अभिनंदन गड़सा से बोल रहा हूं, एसपी साहब यहां गड़सा घाटी में खनन माफिया आजकल काफी सक्रिय हो गया है। माफिया के बड़े वाहन जैसे टिप्पर या फिर जेसीबी आते हैं तो यहां सड़क पर जाम लग जाता है। ऐसे ही कई समस्याएं दैनिक जागरण के उप कार्यालय कुल्लू में वीरवार को आयोजित हेलो जागरण कार्यक्रम में पुलिस अधीक्षक कुल्लू गौरव सिंह के समक्ष फोन पर लोगों ने रखीं।

एसपी कुल्लू ने सुबह 11 से 12 बजे तक जिलाभर के लोगों की समस्याओं को सुना और कुछ का मौके पर निपटारा कर दिया गया। कार्यक्रम में जिलाभर से करीब 50 से अधिक फोन कॉल के माध्यम से लोगों ने अपनी समस्याएं पुलिस अधीक्षक के समक्ष रखीं। कार्यक्रम के दौरान सबसे पहले गड़सा घाटी से अभिनंदन का फोन आया और उन्होंने घाटी में हो रहे अवैध खनन की समस्या रखी। इस पर पुलिस अधीक्षक ने जल्द ही वहां पर दबिश देने की बात कही।

------------------

ऑटो चालक करते हैं मनमानी

गणेश भारद्वाज ने ऑटो चालकों की मनमानी की समस्या रखी। उन्होंने कहा कि ऑटो चालक मर्जी का किराया वसूलते हैं। इसके साथ ही उन्होंने एक ओर समस्या रखी कि कुल्लू से मणिकर्ण तक जगह-जगह बोर्ड लगाए गए हैं जिसमें लिखा है कि इस जगह पर इतने व्यक्तियों की मौत हो चुकी है। इन बोर्डो से डर की स्थिति पैदा होती है। इस पर पुलिस अधीक्षक ने जल्द ऐसे बोर्ड हटाने की बात कही।

---------------

बंजार में नहीं टैक्सी खड़ी करने की जगह

इसके बाद सुशांत शर्मा निवासी बंजार ने कहा कि बंजार में टैक्सी खड़ी करने के लिए कोई भी स्थान चिह्नित नहीं है। बाहर टैक्सी पार्क करने पर चालान कटते हैं। इस पर एसपी ने स्थानीय प्रतिनिधियों से बात करने की बात की। साथ ही कहा टैक्सी चालकों के साथ बंजार पुलिस की वार्ता करवाई जाएगी।

----------------

सैंज थाने में कार्रवाई का दिया आश्वासन

इसके बाद सैंज घाटी से उपप्रधान बालकृष्ण, करतार कौशल, विजय कुमार शांघड ने कहा कि सैंज क्षेत्र के कई गांव भुंतर थाने के तहत हैं। अपनी समस्याओं के समाधान के लिए पुलिस थाना भुंतर आना पड़ता है। इस पर एसपी ने उन्हें आश्वासन दिया आपकी कोई भी समस्या होगी तो सैंज थाने के तहत ही उस पर कार्रवाई की जाएगी। श्याम कुल्लवी ने फेसबुक आइडी हैक होने का मामला एसपी के समक्ष रखा। इस पर भी कार्रवाई का आश्वासन दिया।

--------------------

आनी में ट्रैफिक जाम कर रहा परेशान

टिकू शर्मा निवासी आनी ने एसपी से आनी में लगातार ट्रैफिक जाम की समस्या पर बातचीत की। एसपी ने कहा कि आनी क्षेत्र में पुलिस ट्रैफिक व्यवस्था पर सुधार करेगी, इसके लिए निर्देश जारी किए जाएंगे। आनी के लोकेंद्र ने ब्रो थाने की समस्या रखी लेकिन एसपी ने कहा कि आपकी शिकायत से पूर्व ही वहां से स्टाफ बदल दिया गया है। खनाग क्षेत्र से उपप्रधान बुद्धि सिंह ठाकुर ने कहा कि गर्मियों में जलोड़ी जोत व इसके आस पास शराबी शोर शराबा करते हैं। इस पर एसपी गौरव सिंह ने वहां पर कुछ स्थानों को चिह्नित कर पुलिस गश्त लगाने की बात कही।

----------------

पतलीकूहल में फलफूल रहा कच्ची शराब का कारोबार

पतलीकूहल से सोनू ने शिकायत की कि पतलीकूहल में कच्ची शराब का करोबार फल फूल रहा है। एसपी ने यहां पर गश्त बढ़ाकर कार्रवाई करने की बात कही। मनाली से राजेश व शिव राम ने आस पास के क्षेत्रों में नेपाली मूल के लोगों द्वारा खोखों में बेची जा रही कच्ची शराब का मामला एसपी के ध्यान में लाया। इस पर एसपी ने जल्द कार्रवाई का आश्वासन दिया। साथ ही इन्होंने निजी वाहन चालकों द्वारा टैक्सी का कारोबार करने का मामला भी ध्यान में लाया। इस पर एसपी ने मामले को आरटीओ कुल्लू के ध्यान में लाने की बात कही।