कुल्लू में आधी रात महिला के कमरे में घुसा युवक, मायके आई थी विवाहिता; शोर मचाने पर मौके से भाग निकला
कुल्लू के ब्रौ क्षेत्र में एक महिला के मायके में आधी रात को एक अज्ञात युवक घुस आया और उसे ...और पढ़ें

कुल्लू में आधी रात को युवक महिला के कमरे में घुस गया। प्रतीकात्मक फोटो
HighLights
आधी रात महिला के कमरे में घुसा युवक।
गले से पकड़कर जान से मारने की धमकी दी।
पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
संवाद सहयोगी, कुल्लू। हिमाचल प्रदेश में जिला कुल्लू के ब्रौ क्षेत्र में एक महिला के घर में आधी रात अज्ञात युवक के घुसने और धमकी देने का मामला सामने आया है। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है। पुलिस ने महिला की शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार कनिका शर्मा पत्नी सिद्धांत भारद्वाज निवासी गांव वडोगी, डाकघर व तहसील कुमारसैन, जिला शिमला ने थाना ब्रौ में शिकायत दर्ज करवाई है कि वह 18 मई को अपने मायके ब्रौ आई हुई थी। रात के समय वह कमरे में अकेली सो रही थी।
देर रात करीब 12 से 12:30 बजे के बीच किसी ने कमरे की घंटी बजाई। महिला के अनुसार जब उसने दरवाजा खोला तो बाहर एक अज्ञात व्यक्ति खड़ा था। उसने तुरंत दरवाजा बंद करने का प्रयास किया, लेकिन आरोपित ने जोर लगाकर दरवाजा खोल दिया और कमरे के अंदर घुस आया।
गले से पकड़कर धमकाया
आरोप है कि युवक ने महिला को गले से पकड़ लिया और धमकी दी कि यदि उसने किसी को इस घटना के बारे में बताया तो उसे जान से मार देगा। महिला द्वारा शोर मचाने पर आरोपित मौके से फरार हो गया।
घटना के बाद परिजनों ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने शिकायत के आधार पर भारतीय न्याय संहिता की धारा 332(सी) और 351(2) के तहत मामला दर्ज किया है।
क्या कहते हैं एसपी
पुलिस अधीक्षक कुल्लू मदन लाल कौशल ने कहा कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। आसपास के क्षेत्र में संदिग्ध लोगों से पूछताछ की जा रही है और आरोपित की तलाश जारी है।
