विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

कुल्लू में ट्रैवल कंपनी के निदेशक ने कंपनी के बैंक खाते से भर दी लोन की किस्तें, लाखों की धोखाधड़ी व गबन पर FIR

By Digital Desk Edited By: Rajesh Sharma
Published: Wed, 20 May 2026 12:57 PM (IST)

कुल्लू के भुंतर में एक निजी ट्रैवल कंपनी के पूर्व निदेशक पर कंपनी के बैंक खाते से निजी खर्चों और ...और पढ़ें

कुल्लू में ट्रैवल कंपनी में धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। प्रतीकात्मक फोटो

कुल्लू में ट्रैवल कंपनी में धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। प्रतीकात्मक फोटो

HighLights

  1. पूर्व निदेशक पर कंपनी फंड के दुरुपयोग का आरोप।

  2. निजी ऋण और सोने की खरीद में धन का इस्तेमाल।

  3. पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की।

संवाद सहयोगी, कुल्लू। हिमाचल प्रदेश में कुल्लू जिले के भुंतर थाना क्षेत्र में एक निजी ट्रैवल कंपनी में अनियमितता का मामला सामने आया है। कंपनी के पूर्व निदेशक पर कंपनी के खाते से कथित तौर पर निजी खर्च करने और ऋण चुकाने का गंभीर मामला सामने आया है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार अक्षय ठाकुर पुत्र श्याम लाल निवासी गांव शाढ़ीनाल, डाकघर बजौरा, तहसील भुंतर, जिला कुल्लू ने शिकायत दर्ज करवाई है कि वह वर्तमान में हाथीथान स्थित मोटरबाइक एक्सपेडिशन्स ट्रेवल्स प्राइवेट लिमिटेड कंपनी के निदेशक हैं।

पद और हस्ताक्षर के दुरुपयोग का आरोप

शिकायत में आरोप लगाया गया है कि कंपनी के पूर्व निदेशक सूर्या ठाकुर पुत्र रूम सिंह निवासी गांव नैनासेरी, डाकघर पीज, तहसील एवं जिला कुल्लू ने अपने पद और हस्ताक्षरों का दुरुपयोग करते हुए कंपनी के बैंक खाते से निजी लाभ के लिए धनराशि का इस्तेमाल किया।

कंपनी के खाते से गृह और वाहन ऋण की किस्तें दीं

शिकायतकर्ता के अनुसार आरोपित ने कंपनी के खाते से अपने गृह ऋण और वाहन ऋण की किस्तों का भुगतान किया। इतना ही नहीं, कंपनी की धनराशि का उपयोग निजी खर्चों और सोना खरीदने में भी किए जाने का आरोप लगाया गया है। 

कंपनी को हुआ आर्थिक नुकसान

शिकायत में कहा गया है कि इस कथित वित्तीय अनियमितता से कंपनी को आर्थिक नुकसान पहुंचा है। मामले को गंभीरता से लेते हुए भुंतर थाना पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की धारा 316(2) और 351(2) के अंतर्गत मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस अब बैंक खातों के लेन देन, दस्तावेजों और वित्तीय रिकॉर्ड की जांच में जुट गई है।

प्रारंभिक जांच में यह भी देखा जा रहा है कि कंपनी के खाते से कितनी राशि निकाली गई और उसका उपयोग किन-किन मदों में किया गया है।

क्या कहते हैं एसपी कुल्लू

पुलिस अधीक्षक कुल्लू मदन लाल कौशल ने कहा कि मामले की विस्तृत जांच जारी है तथा तथ्यों के आधार पर आगामी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।

यह भी पढ़ें: सिरमौर में वन विभाग की कार्रवाई से बौखलाया खनन माफिया, हाईवे पर ही फेंक दी रेत-बजरी; ट्राला लेकर हुए फरार