सिरमौर में वन विभाग की कार्रवाई से बौखलाया खनन माफिया, हाईवे पर ही फेंक दी रेत-बजरी; ट्राला लेकर हुए फरार
वन विभाग ने सिरमौर में अवैध खनन माफिया के खिलाफ तड़के कार्रवाई की, जिससे हड़कंप मच गया। कालाअंब-पांवटा साहिब नेशनल ...और पढ़ें

सिरमौर में वन विभाग की कार्रवाई के बाद हाईवे पर व किनारे फेंकी रेत व बजरी। जागरण
HighLights
वन विभाग ने सिरमौर में अवैध खनन पर कार्रवाई की।
कालाअंब-पांवटा साहिब हाईवे पर 5 ट्राले जब्त किए गए।
माफिया सदस्य खनन सामग्री छोड़कर मौके से फरार हुए।
जागरण संवाददाता, नाहन। हिमाचल प्रदेश के जिला सिरमौर में वन विभाग की टीम ने खनन माफिया पर कार्रवाई की है। कालाअंब-पांवटा साहिब नेशनल हाईवे 07 पर वन मंडल नाहन के तहत आने वाली तीन रेंज में बुधवार तड़के अवैध खनन के खिलाफ कार्रवाई की गई, जिससे माफिया में हड़कंप मच गया। डीएफओ नाहन के निर्देश पर नाहन, कोलर और त्रिलोकपुर रेंज की टीमें एक साथ अलग-अलग इलाकों में सवेरे सड़कों पर उतरीं।
इस दौरान टीमों ने कटासन, दोसड़का, सैनवाला और कालाअंब क्षेत्रों में नाके लगाए। कार्रवाई इतनी अचानक हुई कि कई ट्राला संचालक खनन सामग्री नेशनल हाईवे पर ही फेंककर मौके से फरार हो गए।
तड़के तीन से 7 बजे तक की कार्रवाई
वही वन मंडलाधिकारी नाहन अवनी भूषण राय खुद भी टीम के साथ मौके पर मौजूद रहे। विभाग की टीमें तड़के करीब 3 बजे से ही सक्रिय हो गई थीं और सुबह 7 बजे तक कार्रवाई जारी रही। कार्रवाई की भनक लगते ही अवैध खनन से जुड़े लोगों में अफरा-तफरी मच गई।
5 ट्राले कब्जे में लिए
इस दौरान विभाग की टीमों ने 5 ट्राले कब्जे में लिए हैं, वहीं एक ट्राला इंपाउंड किया है। जो वाहन मौके से भागे, उनकी पड़ताल जारी है।
हाईवे पर व किनारे रेत-बजरी व पत्थरों के ढेर
विभाग को सैनवाला, आमवाला और मोगीनंद क्षेत्रों में कई जगहों पर रेत, बजरी और पत्थरों के ढेर नेशनल हाईवे किनारे पड़े मिले। मामले की सूचना संबंधित पुलिस थानों को भी दे दी गई है।
क्या कहते हैं डीएफओ
डीएफओ नाहन अवनी भूषण राय ने बताया कि विभाग इस कार्रवाई संबंधी अन्य औपचारिकताओं में जुटा है। तड़के हुई इस कार्रवाई की रिपोर्ट तैयार की जा रही है। विभाग ने आधा दर्जन वाहनों को कब्जे में लिया है और एक वाहन कंपाउंड किया है। कुछ वाहन जो मौके से भागे हैं, उनकी तलाश की जा रही है।
