हिमाचल के मंडी में पेट्रोल और डीजल की राशनिंग, 500 व 1000 रुपये की लिमिट तय; सरकार का दावा- सप्लाई सामान्य
हिमाचल के मंडी में पेट्रोल और डीजल की राशनिंग शुरू हो गई है, जिससे वाहनों को निर्धारित मात्रा में ही ...और पढ़ें

मंडी में पेट्रोल और डीजल की राशनिंग शुरू हो गई है। प्रतीकात्मक फोटो
HighLights
मंडी में पेट्रोल-डीजल की राशनिंग व्यवस्था लागू।
वाहनों को 500-1000 रुपये तक ही ईंधन।
सरकार ने आपूर्ति सामान्य होने का दावा किया।
जागरण संवाददाता, मंडी। हिमाचल प्रदेश के शिमला शहर में सोमवार रात को पेट्रोल व डीजल खत्म होने के बाद अब मंडी में राशनिंग आरंभ हो गई है। पेट्रोल पंप पर वाहनों में 500 और 1000 से अधिक पेट्रोल व डीजल नहीं डाला जा रहा है। मंडी शहर में स्कूटी में 400 से 500 और चारपहिया वाहन के लिए 1000 रुपये का तेल ही डाला जा रहा है।
लोगों ने जताया विरोध
इसका पता चलते ही लोग वाहनों में तेल डलवाने के लिए अलग-अलग पंपों पर भी जा रहे हैं। मंगलवार को दोपहर बाद बस अड्डे के साथ स्थित पेट्रोल पंप पर पेट्रोल और डीजल निर्धारित मात्रा में देने का कुछ लोगों ने रोष जताया। इस दौरान कुछ लोग वाहनों की टंकियां फुल करने के लिए भी अड़ गए।
सरकार का दावा, हिमाचल में आपूर्ति सामान्य
उधर, सरकार का दावा है कि हिमाचल में पेट्रोल, डीजल व रसोई गैस की आपूर्ति सामान्य है। सार्वजनिक क्षेत्र की तेल विपणन कंपनियों ने साफ किया है कि प्रदेश में पेट्रोल, डीजल और रसोई गैस की आपूर्ति सामान्य बनी हुई है और किसी भी तरह की कमी या प्रतिबंध की स्थिति नहीं है।
तेल कंपनियों ने स्पष्ट किया है कि हिमाचल में सभी पेट्रोल पंप, डिपो और एलपीजी वितरण केंद्रों पर पर्याप्त स्टाक उपलब्ध है। लगातार सप्लाई बनाए रखने के लिए निगरानी रखी जा रही है। तेल कंपनियों ने जनता से अपील की है कि वे घबराहट में अनावश्यक खरीदारी न करें और केवल आधिकारिक सूचनाओं पर ही भरोसा रखें।
शिमला में मिला पेट्रोल, लोगों को मिली राहत
शिमला में सोमवार रात लगभग सभी पेट्रोल पंप पर तेल खत्म होने से वाहन चालकों को मायूस होना पड़ा था। हालांकि मंगलवार सुबह हालात कुछ सामान्य हुए और पेट्रोल की सप्लाई शुरू हो गई। पेट्रोल पहुंचते ही शहर के पेट्रोल पंप पर लंबी कतारें लग गईं।
