Himachal Snowfall:हिमपात के बाद खिली धूप में निखरे हिमाचल के पर्यटन स्थल, मनाली में यहां करें बर्फ में मस्ती
Snowfall In Himachal हिमाचल प्रदेश के पर्यटन स्थल हिमपात के बाद खिली धूप में निखर उठे हैं। मनाली के पर्यटन स्थल भी बर्फ से ढक गए हैं। पर्यटकों ने सुबह ही बर्फ से ढके पर्यटन स्थलों का रुख कर लिया है।
मनाली, जागरण संवाददाता। Snowfall In Himachal, हिमाचल प्रदेश के पर्यटन स्थल ताजा हिमपात से निखर उठे हैं। पर्यटकों की पसंद पर्यटन नगरी मनाली में भी बर्फ गिरी है। पर्यटन स्थल सोलंग नाला, फातरु, धुंधी, कोठी, गुलाबा व मढ़ी में भी बर्फ की चादर बिछ गई है। ताजा बर्फ़बारी ने पर्यटन कारोबार को गति दे दी है। आज सोलंग नाला सैलानियों का स्नो प्वाइंट बन गया है जबकि पर्यटकों ने अंजनी महादेव व फातरु में भी दस्तक दे दी है। हालात सामान्य होने के बाद पर्यटकों को अटल टनल की ओर भेजा जाएगा।
रोहतांग में है दो फीट से ज्यादा हिमपात
देश विदेश के सैलानियों की पहली पसंद रहने वाले रोहतांग दर्रे में दो फीट ताजा हिमपात हुआ है। हालांकि अभी रोहतांग दर्रा पर्यटकों के लिए बंद है। लेकिन मौसम खुलते ही दो चार दिनों में दर्रे में पर्यटकों का मेला लगेगा।
मनाली के सभी पर्यटन स्थल बर्फ से ढके
मनाली के पर्यटन कारोबारी किशन राणा, विम्पी बख्शी, रोशन ठाकुर, रवि ब्यास, राजू व बंशी ने बताया ताजा बर्फबारी पर्यटन कारोबार के लिए संजीवनी का काम करेगी। होटल एसोसिएशन के अध्यक्ष मुकेश ठाकुर ने बताया मनाली के सभी पर्यटन स्थल बर्फ से ढक गए हैं। आने वाले दिनों में पर्यटन कारोबार रफ्तार पकड़ेगा।
रोहतांग पर्यटकों के लिए बंद
एसडीएम मनाली डा. सुरेन्द्र ठाकुर ने बताया कि रोहतांग दर्रा पर्यटकों के लिए बंद है। पर्यटकों से आग्रह है कि वे बर्फ से लदे नजदीकी पर्यटन स्थलों में बर्फ का आनंद उठाएं।
लाहुल घाटी में जनजीवन अस्त व्यस्त
दूसरी ओर लाहुल घाटी में जनजीवन अभी अस्त व्यस्त है। मनाली लेह मार्ग सहित दारचा शिंकुला पददुम, तांदी संसारी व ग्राम्फु लोसर मार्ग अभी बंद हैं। बीआरओ ने मौसम खुलते ही सड़क बहाली शुरू कर दी है।
फाेर व्हील ड्राइव वाहन में ही सुरक्षित सफर
एसपी लाहुल स्पीति मानव वर्मा ने बताया कि मनाली लेह राष्ट्रीय राजमार्ग नार्थ पोर्टल से सतींगरी हेलीपैड तक फोर व्हील ड्राइव वाहनों के लिए खुला है। पांगी किलाड़ राजमार्ग सभी प्रकार के वाहनों के लिए बंद है। काजा सड़क भी सभी प्रकार के वाहनों के लिए बंद है।
यह भी पढ़ें:
Himachal Snowfall: लाहुल और मनाली के पर्यटन स्थल बर्फ से ढके, तस्वीरों में देखिए जन्नत से नजारे