कुल्लू के गड़सा में पैराग्लाइडिंग हादसा, लैंडिंग के दौरान पेड़ से टकरा गया ग्लाइडर; पायलट ने पर्यटक के साथ भरी थी उड़ान
कुल्लू के गड़सा में रविवार को पैराग्लाइडिंग दुर्घटना हुई। लैंडिंग के दौरान ग्लाइडर पेड़ में फंस गया, जिससे पायलट नीरज ...और पढ़ें

कुल्लू के गड़सा में पैराग्लाइडिंग के दौरान हादसा हो गया। प्रतीकात्मक फोटो
HighLights
गड़सा में पैराग्लाइडिंग दुर्घटना, पायलट घायल, पर्यटक सुरक्षित।
लैंडिंग के समय ग्लाइडर पेड़ में फंसा, अनियंत्रित हुआ।
पुलिस जांच जारी, सुरक्षा उपायों पर जोर दिया गया।
संवाद सहयोगी, कुल्लू। हिमाचल प्रदेश के जिला कुल्लू की गड़सा पैराग्लाइडिंग साइट में रविवार को एक बार फिर से हादसा पेश आया। हादसे में पायलट को चोटें आई हैं, जबकि पर्यटक सुरक्षित हैं। पैराग्लाइडर लैंडिंग के समय निर्धारित साइट से कुछ दूरी पर खेत में स्थित एक पेड़ में फंस गया, जिससे पैराग्लाइडर अनियंत्रित हो गया।
हादसे के बाद मौके पर कुछ समय के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया। दुर्घटना में पैराग्लाइडर पायलट नीरज, निवासी गड़सा, तहसील भुंतर को चोटें आई हैं। स्थानीय लोगों द्वारा तुरंत सहायता उपलब्ध करवाई गई और घायल पायलट को उपचार के लिए अस्पताल तक पहुंचाया गया।
पायलट की हालत स्थिर, पर्यटक सुरक्षित
चिकित्सकों के अनुसार पायलट को आई चोटें गंभीर नहीं हैं और उसकी हालत स्थिर बताई जा रही है। समय रहते राहत कार्य होने से किसी बड़े नुकसान से बचाव हो सका। हादसे के समय पैराग्लाइडर में पायलट के साथ बैठा पर्यटक पूरी तरह सुरक्षित बताया जा रहा है। पर्यटक को किसी प्रकार की चोट नहीं आई है, जिससे सभी ने राहत की सांस ली।
पुलिस ने लिया संज्ञान
घटना के बाद पैराग्लाइडिंग गतिविधियों को लेकर स्थानीय स्तर पर सुरक्षा व्यवस्था पर भी चर्चा शुरू हो गई है। घटना की सूचना मिलते ही थाना भुंतर पुलिस द्वारा मामले का संज्ञान लिया गया। पुलिस द्वारा प्रारंभिक जांच की जा रही है तथा यह पता लगाया जा रहा है कि हादसा मौसम, तकनीकी कारण या लैंडिंग में चूक के कारण हुआ।
प्रशासन की ओर से भविष्य में ऐसे हादसों की पुनरावृत्ति रोकने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देशों का पालन सुनिश्चित करने की बात कही गई।
28 दिसंबर को भी हुआ था हादसा
गड़सा साइट में 28 दिसंबर को भी हादसा हुआ था। इस दौरान पर्यटक करीब 70 फीट ऊपर से गिर गया था। महाराष्ट्र के पर्यटक को पीजीआई चंडीगढ़ रेफर किया गया था। इससे पहले भी यहां हादसे हो चुके हैं।
क्या कहते हैं जिला पर्यटन अधिकारी
उधर जिला पर्यटन अधिकारी कुल्लू डॉ. रोहित शर्मा ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है लापरवाही पाई जाने पर नियम अनुसार कार्रवाई की जाएगी।
यह भी पढ़ें: कुल्लू में रात को स्कूटी पर चरस तस्करी करने निकला शातिर, स्पेशल टास्क फोर्स ने नशे की खेप समेत पकड़ा
यह भी पढ़ें: धर्मशाला कॉलेज की आरोपित छात्राओं के मोबाइल जब्त, शिक्षा विभाग की जांच रिपोर्ट तैयार; CM को बंद लिफाफे में सौंपी जाएगी
