विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

धर्मशाला कॉलेज की आरोपित छात्राओं के मोबाइल जब्त, शिक्षा विभाग की जांच रिपोर्ट तैयार; CM को बंद लिफाफे में सौंपी जाएगी

By Jagran News Edited By: Rajesh Sharma
Published: Sun, 11 Jan 2026 01:05 PM (IST)

धर्मशाला कॉलेज छात्रा की मौत मामले में पुलिस ने आरोपित छात्राओं के मोबाइल फोन जब्त कर फोरेंसिक जांच के लिए ...और पढ़ें

धर्मशाला कॉलेज की छात्रा का फाइल फोटो।

धर्मशाला कॉलेज की छात्रा का फाइल फोटो।

HighLights

  1. आरोपित छात्राओं के मोबाइल फोन जब्त, फोरेंसिक जांच हेतु भेजे।

  2. शिक्षा विभाग की जांच रिपोर्ट मुख्यमंत्री को सीलबंद लिफाफे में सौंपी जाएगी।

  3. रैगिंग, यौन उत्पीड़न आरोपों की कई कमेटियां कर रही जांच।

जागरण संवाददाता, धर्मशाला। हिमाचल प्रदेश के धर्मशाला कॉलेज की छात्रा के मौत मामले में मृतक छात्रा की सहेली और आरोपित छात्राओं के मोबाइल फोन पुलिस ने जब्त कर लिए हैं। इन्हें जांच के लिए रीजनल फोरेंसिक साइंस लैबोरेटरी (आरएफएसएल) धर्मशाला भेजे हैं।

शनिवार को कालेज में धर्मशाला पुलिस थाने की जांच टीम दिनभर जांच करती रही। पुलिस ने कालेज छात्राओं से पूछताछ की और कुछ के बयान भी लिए हैं। पुलिस ने प्राध्यापकों व कालेज प्राचार्य से भी पूछताछ की।

पिता के बयान वेरिफाई कर रही पुलिस

पुलिस टीम मृतक छात्रा के पिता के बयान वेरिफाई करने के लिए कालेज में पड़ताल कर रही है। पुलिस को जहां-जहां जरूरी लग रहा है, उन लोगों से पूछताछ कर रही है और डिजिटल एविडेंस के तौर पर उनके मोबाइल फोन जांच के लिए ले रही है।

चिकित्सीय बोर्ड ने शनिवार को मृतक छात्रा के उपचार से संबंधित रिकार्ड की पड़ताल जारी रखी।

क्या कहती हैं जांच अधिकारी

जांच अधिकारी डीएसपी निशा ने बताया कि कुछ मोबाइल फोन पुलिस ने जब्त किए हैं और इन्हें जांच के लिए आरएफएसएल भेजा है। उन्होंने बताया कि अगर जांच में किसी अन्य का मोबाइल फोन भी लेना पड़ता है तो पुलिस उसे भी लेगी। पुलिस अधीक्षक अशोक रत्न ने बताया कि मामले की छानबीन जारी है।

मुख्यमंत्री को सील बंद लिफाफे में सौंपी जाएगी जांच रिपोर्ट

छात्रा मौत मामले की जांच कर रही शिक्षा विभाग की टीम शिमला पहुंच गई है। टीम ने तीन दिन तक धर्मशाला कालेज में जाकर सभी पक्षों के बयान दर्ज किए हैं। टीम अपनी रिपोर्ट सचिव शिक्षा को देगी। उसके बाद यह सील बंद लिफाफे में मुख्यमंत्री को सौंपी जाएगी।

पांच सदस्यीय कमेटी ने की जांच

छात्रा की मौत और उससे जुड़े रैगिंग व यौन उत्पीड़न के आरोपों की जांच के लिए अतिरिक्त निदेशक (कालेज) डा. हरीश कुमार की अध्यक्षता में पांच सदस्यीय कमेटी गठित की है। इसमें तीन राजकीय महाविद्यालयों के प्राचार्य और शिक्षा विभाग के एक वरिष्ठ अधीक्षक शामिल है। कमेटी ने जांच के दौरान हर पहलू को खंगाला है। 

सभी पक्षों से बातचीत कर उनके बयान दर्ज किए हैं। साथ ही कालेज परिसर व क्लासरूम का भी निरीक्षण किया है। इस मामले में पुलिस व विश्वविद्यालय अनुदान आयोग की कमेटी भी जांच कर रही है। इसके अलावा सरकार ने मेडिकल बोर्ड का गठन किया है। 

मेडिकल बोर्ड ही तय करेगा कि मृतक छात्रा की ओर से इंटरनेट मीडिया में प्रसारित वीडियो में कही गई बातें कानूनी रूप से रिकार्ड का हिस्सा बनेंगी या नहीं। यूजीसी की फैक्ट फाइंडिंग कमेटी भी मामले की जांच कर रही है। सचिव शिक्षा राकेश कंवर ने कहा कि सोमवार को इस संबंध में अधिकारियों के साथ चर्चा की जाएगी।

यह भी पढ़ें: अमेरिका के कब्जे में मैरिनेरा तेल टैंकर पर हिमाचल का युवक भी फंसा, घर में चल रही शादी की तैयारी; पिता से हुई थी आखिरी बार बात