Himachali Apple: सेब के अच्छे दाम देख खिले बागबान, कुल्लू से ही डेढ़ लाख पेटी का कारोबार, इन दो राज्यों में भारी डिमांड
Himachal Pradesh Apple कुल्लू के सेब की गुजरात और महाराष्ट्र में भारी मांग है। कुल्लू जिले से 147418 पेटियां अन्य राज्यों में भेजी गई हैं। खेगसू मंडी में 116663 पेटियां पहुंचीं जहाँ 2200 रुपये तक पेटी बिक रही है। बागवानों को सेब के अच्छे दाम मिल रहे हैं जिससे वे खुश हैं। अगस्त में सेब की और भी खेप मंडियों में पहुंचेगी।

संवाद सहयोगी, कुल्लू। Himachal Pradesh Apple, जिला कुल्लू के सेब की अन्य राज्यों में ज्यादा मांग है। गुजरात व महाराष्ट्र के आढ़तियों को कुल्लू का सेब खूब पसंद आ रहा है। सबसे ज्यादा दाम मुंबई, गुजरात, चेन्नई, महाराष्ट्र के आढ़ती दे रहे हैं। 20 किलोग्राम की रायल सेब की पेटी 2200 रुपये तक बिक जा रही है। अच्छे सेब के अच्छे दाम मिल रहे हैं, जिससे बागवान भी खुश हैं। हालांकि कुछ बागबान जल्द सेब का तुड़ान कर रहे हैं।
आढ़ती सुरेश, महेंद्र ने बताया कि इस बार ज्यादातर सेब की मांग गुजरात, महाराष्ट्र से आ रही है। मंडियों में इन दिनों ज्यादातर गुजरात और महाराष्ट्र के खरीदार अधिक आए हैं। इसके अलावा मुंबई में भी कुल्लू का सेब भेजा जा रहा है।
जिला कुल्लू से हर वर्ष लाखों सेब की पेटियां अन्य राज्य की मंडियों को भेजी जाती है। इन दिनों अब सेब की महक दिल्ली, मुंबई, गुजराज और महाराष्ट्र, चेन्नई सहित देश की अन्य मंडियों तक पहुंच चुकी है।
अगस्त में बड़े पैमाने पर मंडियों में पहुंचेगा सेब
अगस्त में बड़े पैमाने पर सेब की खेप कुल्लू की मंडियों तक पहुंचने के बाद देश की विभिन्न मंडियों तक जाएगी। जिला कुल्लू के उंचाई वाले क्षेत्रों में भी अब सेब का तुड़ान शुरू हो गया है। बागबानों की आर्थिकी को सेब कारोबार सुदृढ़ कर रहा है।
इन किस्मों का सेब पहुंचा मंडियों में
कुल्लू जिले की मंडियों में अब तक रायल, स्पर, रेड डिलिशियस, रेड चीफ, टाप रेड प्रमुख है। रेड स्पर डेलिशियस, रेड गाला, रायल गाला की भी बाजार में भारी मांग है।
जिला कुल्लू की मंडियों में सेब की विभिन्न किस्में आना शुरू हो गई है। मंडियों में बागबानों को अच्छे दाम मिल रहे हैं। अन्य राज्यों से भी कुल्लू के सेब की अच्छी मांग है।
-शगुन सूद सचिव एपीएमसी कुल्लू लाहुल स्पीति।
किस मंडी में कितनी पेटी सेब बिका
- मंडी पेटी दाम (20 किलो की पेटी)
- खेगसू 116663 500 से 2200
- भुंतर 9090 600 से 1600
- बंजार 1420 600 से 1600
- बंदरोल 6207 500 से 2200
- शाट 595 500 से 2200
- पतलीकूहल 4520 400 से 2200
- चौरीबिहाल 10 400 से 2200
- निरमंड 8913 400 से 2000
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।