हिमाचल: लाहौल-स्पीति के दीपक ताल के पास 70 फीट गहरी खाई में गिरी गाड़ी, चार टूरिस्ट घायल
लाहुल-स्पीति में दीपक ताल झील के पास एक वाहन दुर्घटना में चार लोग घायल हो गए, जिनमें बेंगलुरु के पर्यटक भी शामिल हैं। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर गंभीर रूप से घायल एक व्यक्ति को केलांग अस्पताल पहुंचाया और दुर्घटना के कारणों की जांच कर रही है।

दीपक ताल के पास खाई में गिरी गाड़ी (फोटो- संकेतात्मक तस्वीर, जागरण आर्काइव )
HighLights
दीपक ताल झील के पास वाहन दुर्घटना में चार घायल
बेंगलुरु के पर्यटक और कुल्लू का चालक हुए चोटिल
एक गंभीर घायल को केलांग अस्पताल में भर्ती कराया गया
जागरण संवाददाता, मनाली। लाहुल-स्पीति में दीपक ताल झील के समीप एक वाहन दुर्घटना में चार लोग घायल हो गए। हादसा मंगलवार शाम को जिसकी सूचना 112 आपातकालीन हेल्पलाइन के माध्यम से पुलिस को मिली।
सूचना मिलते ही पुलिस चौकी दारचा की पुलिस टीम तुरंत घटनास्थल के लिए रवाना हुई। मौके पर पहुंचने पर पाया गया कि वाहन संख्या HP01K-9570 सड़क से फिसलकर लगभग 60-70 फीट नीचे खाई में लुढ़क गया था।
बेंगलुरु के रहने वाले थे घायल लोग
वाहन में कुल चार व्यक्ति सवार थे, जिनमें चालक जिला कुल्लू का निवासी था, जबकि अन्य तीन व्यक्ति बेंगलुरु के निवासी थे। दुर्घटना में चालक, एक महिला तथा एक बच्चे को मामूली चोटें आईं, जबकि एक अन्य पुरुष यात्री गंभीर रूप से घायल हो गया।
गंभीर रूप से घायल व्यक्ति को पुलिस एवं स्थानीय लोगों की सहायता से एम्बुलेंस के माध्यम से तत्काल क्षेत्रीय अस्पताल, केलांग पहुंचाया गया, जहां उसे आगामी उपचार हेतु भर्ती करवाया गया। पुलिस द्वारा घटनास्थल पर आवश्यक कार्रवाई अमल में लाई गई है तथा दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है।
सड़कों पर बढ़ा फिसलन का खतरा
पुलिस ने पर्यटकों से अपील की है कि ऊंचाई वाले क्षेत्रों में वाहन चलाते समय विशेष सावधानी बरतें। सड़कों पर ब्लैक आइस और फिसलन का खतरा बना हुआ है, इसलिए निर्धारित समय सीमा में ही यात्रा करें और गति पर नियंत्रण रखें।