न पंडित ना ही फेरे... संविधान को साक्षी मानकर रचाई शादी, जोड़ीदार प्रथा के बाद फिर चर्चा में आया हिमाचल का सिरमौर
हिमाचल प्रदेश के सिरमौर जिले में विवाह की अनूठी परंपराएं और आधुनिक बदलाव देखने को मिल रहे हैं। यहां संविधान को साक्षी मानकर शादी से लेकर जोड़ीदार प्रथा और एक ही दिन चार भाइयों के विवाह जैसे उदाहरण सामने आए हैं।

संविधान को साक्षी मानकर रचाई शादी। फोटो जागरण
HighLights
एडवोकेट ने संविधान को साक्षी मानकर किया अनोखा विवाह।
शिलाई क्षेत्र में जोड़ीदार प्रथा के तहत दो भाइयों ने की शादी।
एक ही दिन चार भाइयों का विवाह, संयुक्त परिवार का प्रतीक।
जागरण संवाददाता, नाहन। हिमाचल प्रदेश का सिरमौर जिला अपनी समृद्ध लोक संस्कृति, अनूठी सामाजिक परंपराओं और विशिष्ट विवाह रीति-रिवाजों के लिए देशभर में चर्चा में रहा है। खासकर शिलाई और गिरिपार क्षेत्र में विवाह के ऐसे अलग-अलग उदाहरण सामने आए हैं, जो पारंपरिक सामाजिक व्यवस्था से लेकर आधुनिक विचारधारा और सामाजिक बदलाव तक की कहानी बयां करते हैं।
कभी यहां जोड़ीदार प्रथा के तहत दो सगे भाइयों ने एक ही युवती के साथ विवाह किया तो कभी एक परिवार के चार भाइयों ने एक ही दिन सात फेरे लेकर संयुक्त परिवार की परंपरा को आगे बढ़ाया। अब कफोटा क्षेत्र के एक अधिवक्ता ने संविधान को साक्षी मानकर विवाह कर एक नई चर्चा छेड़ दी है।
संविधान को साक्षी मानकर रचाया विवाह
ताजा मामला शिलाई क्षेत्र के कफोटा के धाड़मा गांव निवासी एडवोकेट सुरेंद्र सिंह धर्मा और शिमला जिले के कुफवी तहसील के टंडाई गांव की हेमलता का है। बाबा साहेब डॉ. भीमराव आंबेडकर के विचारों से प्रेरित होकर दोनों ने पारंपरिक कर्मकांडों को अनिवार्य न मानते हुए संविधान को साक्षी मानकर विवाह किया।
खास बात यह रही कि शादी के लिए न तो किसी ज्योतिषी से मुहूर्त निकलवाया गया और न ही किसी विशेष नक्षत्र का इंतजार किया गया। दोनों ने अपनी आपसी सहमति से छुट्टी का दिन चुना और उसी दिन वैवाहिक जीवन की शुरुआत की।
विवाह समारोह में दोनों ने संविधान को साक्षी मानकर एक-दूसरे को पति-पत्नी के रूप में स्वीकार किया और जीवनभर साथ निभाने की शपथ ली।
क्या बोले दूल्हा
हालांकि, इस दौरान बारात निकालने, मामा स्वागत और अन्य स्थानीय रीति-रिवाजों का पालन भी किया गया। दोनों परिवारों ने इस पहल का समर्थन किया। इस अवसर पर सुनील कुमार और विनोद आजाद ने भी सामाजिक सुधार के प्रयास जारी रखने और युवाओं को रूढ़ियों से आगे बढ़कर सकारात्मक बदलाव के लिए प्रेरित करने की बात कही।
एक दुल्हन और दो जोड़ीदार भाई भी रहे चर्चा में
सिरमौर के शिलाई क्षेत्र में जुलाई 2025 में एक ऐसी शादी हुई थी, जिसने राष्ट्रीय स्तर पर सुर्खियां बटोरी थीं। क्षेत्र के दो सगे भाइयों प्रदीप नेगी और कपिल नेगी ने कुनहाट गांव की सुनीता चौहान के साथ विवाह किया था। इस विवाह को क्षेत्र की पारंपरिक जोड़ीदार प्रथा से जोड़कर देखा गया।
हाटी समुदाय में प्रचलित बहुपति विवाह की इस परंपरा में एक महिला का विवाह एक ही परिवार के दो या अधिक भाइयों के साथ होता है। इसे संयुक्त परिवार और पैतृक जमीन के बंटवारे से जुड़ी ऐतिहासिक सामाजिक व्यवस्था के संदर्भ में भी समझा जाता है। इस विवाह की रस्में 12 से 14 जुलाई तक चली थीं।
दो भाइयों ने संविधान की शपथ लेकर भी किया था विवाह
इसी क्षेत्र में अक्टूबर 2025 में विवाह का एक और अलग उदाहरण सामने आया था। नैनीधार क्षेत्र के दो सगे भाइयों ने अलग-अलग युवतियों के साथ एक ही दिन विवाह किया था। इस समारोह में न पंडित बुलाया गया, न मंत्रोच्चारण हुआ और न ही पारंपरिक सात फेरे लिए गए।
दोनों भाइयों और उनकी जीवनसंगिनियों ने संविधान की शपथ लेकर एक-दूसरे को जीवनसाथी स्वीकार किया। शादी के निमंत्रण पत्रों पर देवी-देवताओं के स्थान पर महात्मा बुद्ध, डॉ. भीमराव आंबेडकर और संत कबीर के चित्र प्रकाशित किए गए थे। हालांकि, बारात, वरमाला और मामा स्वागत जैसी रस्में निभाई गई थीं।
एक ही दिन चार भाइयों की शादी, एक आंगन में आईं चार बहुएं
नवंबर 2026 में गिरिपार के शिल्ला गांव में एक ही परिवार के चार भाइयों की शादी भी चर्चा का विषय बनी। प्रताप चौहान के परिवार से जुड़े चार भाइयों ने एक ही दिन और एक ही शुभ मुहूर्त में विवाह किया। चारों की बारातें अलग-अलग गांवों में गईं और शाम को चारों दूल्हे अपनी जीवनसंगिनियों के साथ घर लौटे।
इसके बाद एक ही आंगन में चारों नवविवाहित जोड़ों का स्वागत किया गया। बताया गया कि परिवार में पहले 38 सदस्य थे और चार बहुओं के आने के बाद यह संख्या 42 हो गई। इस आयोजन को संयुक्त परिवार की एकजुटता के उदाहरण के तौर पर देखा गया।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।