Trending

    Move to Jagran APP
    pixelcheck
    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    कुल्लू-मनाली बाढ़: CM सुक्खू ने केंद्र से की विशेष राहत पैकेज की अपील, पीड़ितों को हर संभव मदद का वादा

    Updated: Fri, 05 Sep 2025 07:27 PM (IST)

    मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कुल्लू-मनाली में आपदा प्रभावित क्षेत्रों का दौरा किया और प्रभावित परिवारों को हर संभव मदद का आश्वासन दिया। उन्होंने वर्ल्ड बैंक की मदद से 3000 करोड़ रुपये की योजना बनाने की बात कही। उन्होंने भाजपा सांसदों से केंद्र सरकार पर राहत पैकेज के लिए दबाव बनाने का आग्रह किया।

    Hero Image
    हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कुल्लू-मनाली का दौरा किया (फोटो: जागरण)

    संवाद सहयोगी, कुल्लू। मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू शुक्रवार को सेना के हेलिकाप्टर में जुब्बड़हट्टी से कुल्लू के भुंतर एयरपोर्ट उतरे। उन्होंने आपदा प्रभावितों को वितरित करने के राशन भी अपने साथ लेकर आए। मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने कुल्लू जिले में आपदा प्रभावित क्षेत्रों का दौरा किया।

    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    उन्होंने क्षेत्र में हुए नुकसान का आकलन किया और प्रभावित परिवारों से बातचीत कर राज्य सरकार की ओर से उन्हें हर संभव सहायता प्रदान करने का आश्वासन दिया।मुख्यमंत्री ने हवाई सर्वेक्षण से भुंतर व आसपास के क्षेत्रों में बरसात से हुए नुकसान का जायजा भी लिया।

    कुल्लू पहुंचने पर मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कहा कि आपदा से निपटने के लिए वर्ल्ड बैंक की मदद से 3,000 करोड़ रुपये की योजना तैयार की है। मंजूरी मिलते ही इस पर काम किया जाएगा। उन्होंने कहा कि भाजपा तथा उनके सांसदों को प्रभावित परिवारों को एक बीघा वन भूमि तथा विशेष राहत पैकेज के लिए केंद्र सरकार पर दबाव बनाना चाहिए।

    आज छह दिन बाद मौसम साफ हुआ है और प्रदेश के लोगों को राहत मिली है। इसमें सेना के हेलिकाप्टरों को भी लगाया गया है। मणिमहेश यात्रा पर फंसे करीब 3500 श्रद्धालुओं को सेना के हेलिकाप्टर से रेस्क्यू किया जा रहा है। इस बार प्रदेश में बरसात से भारी नुकसान हुआ है। प्रदेश सरकार प्रभावितों की हर संभव मदद कर रही है।

    सरकार अपने संसाधनों में कटौती कर प्रभावितों की मदद कर रही है लेकिन केंद्र सरकार से अभी तक कुछ भी नहीं मिला है। उन्होंने विपक्ष के नेता जयराम ठाकुर पर हमला बोलते हुए कहा कि वह सिर्फ इंटरनेट मीडिया में ही नजर आते हैं। भाजपा का कोई भी नेता प्रभावितों के पास नहीं पहुंच रहा है।

    उनके सात सांसद है लेकिन कहीं भी नजर नहीं आ रहे हैं। भाजपा सिर्फ इंटरनेट मीडिया में ब्यानबाजी और कार्टून बनाने में ही नजर आती है। आपदा प्रभावित परिवारों के घर पूरी तरह क्षतिग्रस्त हुए हैं और सामान खराब हो गया है, उन्हें राज्य सरकार 7.70 लाख रूपये की सहायता प्रदान कर रही है।

    इसके अलावा पशु धन की हानि के लिए भी उचित मुआवजा दिया जाएगा। मुख्यमंत्री ने मनाली के वशिष्ठ चौक, बाहंग और ओल्ड मनाली में क्षतिग्रस्त सड़कों, पुलों और स्थानीय निवासियों की निजी सम्पतियों को हुई क्षति का पूर्ण जायजा लिया और प्रभावित परिवारों के साथ बात की। मुख्यमंत्री ने कुल्लू के अखाड़ा बाजार में भारी बारिश से हुए नुकसान का भी जायजा लिया।

    मनाली के वशिष्ठ चौक पर मुख्यमंत्री ने बीआरओ अधिकारियों को क्षतिग्रस्त सड़क को जल्द से जल्द बहाल करने के निर्देश दिए। उन्होंने अखाड़ा बाजार में भूस्खलन के कारण हुए नुकसान का भी निरीक्षण किया और मृतकों के परिवारों के साथ संवदेना व्यक्त की।

    उन्होंने दिवंगत आत्माओं की शांति की कामना की और प्रशासन को राहत एवं बचाव कार्यों में और तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने क्षतिग्रस्त भुंतर पुल तथा भूतनाथ पुल का भी निरीक्षण किया। इस अवसर पर विधायक सुन्दर सिंह ठाकुर एवं भुवनेश्वर गौड़, एपीएमसी कुल्लू के अध्यक्ष मियां राम सिंह, उपायुक्त तोरूल एस. रवीश और अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।

    comedy show banner
    comedy show banner