हर तरफ तबाही का मंजर... कुल्लू के निरमंड में मलबे में दबे 8 लोग, बड़े पैमाने पर रेस्क्यू ऑपरेशन जारी
कुल्लू के निरमंड के शमानी में रात को भूस्खलन हुआ जिसमें आठ लोग दब गए। एक महिला का शव मिला है और तीन घायल अस्पताल में हैं। चार लोग अभी भी लापता हैं जिनकी तलाश जारी है। स्थानीय लोग और प्रशासन राहत कार्य में लगे हुए हैं। एनडीआरएफ की टीम भी बुलाई गई है। तीन और शव बरामद हुए है।

संवाद सहयोगी, कुल्लू। जिला कुल्लू के निरमंड के शमानी में देर रात करीब दो बजे भूस्खलन की चपेट में आठ लोग आ गए हैं। जिसमें से अभी तक एक महिला का शव बरामद हो गया है। जबकि तीन घायलों को निरमंड अस्पताल भेजा जा चुका है और चार लोग अभी भी लापता चल रहे हैं।
स्थानीय लोग लापता की तलाश करने में जुटे हुए हैं। शव की पहचान रेवती देवी पत्नी शिव राम निवासी शमानी निरमंड के रूप में हुई है। तीन घायल में शिव राम, धर्म दास, कला देवी का निरमंड अस्पताल में उपचार चल रहा है।
जबकि चुनी लाल, अंजना, पांच वर्षीय भूपेश, सात वर्षीय जागृति लापता है। इनके मलबे में दबे होने का अंदेशा है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस प्रशासन सहित ग्रामीण लोग एकत्र हुए और राहत बचाव कार्य में जूट गए हैं।
घाटू पंचायत के प्रधान भोगाराम ने बताया कि उन्हें रात करीब दो बजे भूस्खलन से मकान चपेट में आने की सूचना मिली। सूचना मिलते ही वह घटना स्थल की ओर रवाना हुआ। यहां पर आकर देखा तो मलबे में लोग दबे हुए थे। इसकी सूचना प्रशासन को दी गई।
एसडीएम निरमंड मनमोहन सिंह ने बताया कि हादसे में लापता लोगों की तलाश की जा रही है। घायलों को निरमंड अस्पताल भेज दिया गया है। राहत बचाव कार्य के लिए एनडीआरएफ की टीम बुलाई गई है। तीन और शव अभी बरामद हो गए है।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।