नूरपुर के वीरेंद्र सिंह पठानिया भारतीय तटरक्षक बल के महानिदेशक नियुक्त
Virender Singh Pathania कांगड़ा जिला के नूरपुर की लदौड़ी पंचायत के निवासी वीरेंद्र सिंह पठानिया को रक्षा मंत्रालय ने भारतीय तटरक्षक बल का महानिदेशक नियुक्त किया है। उनकी नियुक्ति की खबर मिलते ही इलाके में खुशी की लहर दौड़ गई। वह जल्द ही कार्यभार संभालेंगे।

नूरपुर, प्रदीप शर्मा।
Virender Singh Pathania, कांगड़ा जिला के नूरपुर की लदौड़ी पंचायत के निवासी वीरेंद्र सिंह पठानिया को रक्षा मंत्रालय ने भारतीय तटरक्षक बल का महानिदेशक नियुक्त किया है। उनकी नियुक्ति की खबर मिलते ही इलाके में खुशी की लहर दौड़ गई। वह जल्द ही कार्यभार संभालेंगे।
चार माह पूर्व वीरेंद्र सिंह पठानिया तटरक्षक मुख्यालय दिल्ली में अतिरिक्त महानिदेशक के पद पर तैनात हुए थे। रक्षा मंत्रालय ने अब उन्हें तटरक्षक बल का महानिदेशक नियुक्त किया है। अतिरिक्त महानिदेशक बनने से पहले वह विशाखापत्तनम में फोर्स के ईस्टर्न सीबोर्ड के अतिरिक्त महानिदेशक के पद पर तैनात थे। उन्होंने पिछले साढ़े तीन दशक से विभिन्न कार्यों में संगठन की सेवा की है। वह नई दिल्ली में आइसीजी मुख्यालय में उप महानिदेशक नीति और योजनाओं का प्रभार भी संभाल चुके हैं।
नेशनल डिफेंस कालेज के पूर्व छात्र रह चुके हैं पठानिया
वेलिंग्टन में डिफेंस सर्विसेज स्टाफ कालेज और नई दिल्ली में नेशनल डिफेंस कालेज के पूर्व छात्र रहे वीरेंद्र सिंह पठानिया एक कुशल हेलीकाप्टर पायलट भी हैं। इसके अलावा, उन्होंने मद्रास विश्वविद्यालय से रक्षा और सामरिक अध्ययन में मास्टर डिग्री भी प्राप्त की है। पठानिया ने यूएस कोस्ट गार्ड से खोज और बचाव और बंदरगाह संचालन में भी विशेषज्ञता हासिल की है।
पिता स्क्वाड्रन लीडर के पद से हुए हैं सेवानिवृत्त
वीरेंद्र सिंह पठानिया के पिता स्व. जसवंत सिंह पठानिया स्क्वाड्रन लीडर के पद से सेवानिवृत्त हुए थे। तीन बहनों के भाई वीरेंद्र सिंह पठानिया का लक्ष्य शुरू से ही सेना में भर्ती होकर देश की सेवा करने का रहा है। नूरपुर की लदौड़ी पंचायत में कई लोग सेना में हैं। स्थानीय विधायक एवं वन मंत्री राकेश पठानिया का भी पैतृक गांव लदौड़ी है व उनके पिता स्व. काहण सिंह पठानिया सेना में कर्नल के पद पर सेवानिवृत्त हुए थे।
क्षेत्र के लिए गर्व की बात : राकेश पठानिया
वन मंत्री राकेश पठानिया ने बताया कि इलाके के लिए यह गर्व की बात है कि लदौड़ी गांव के वीरेंद्र सिंह पठानिया तटरक्षक बल के महानिदेशक का पदभार संभालेंगे। उन्होंने कहा कि यह गर्व की बात है कि लदौड़ी के वीरेंद्र सिंह पठानिया ने तटरक्षक बल के सुप्रीम बन कर नूरपुर ही नहीं हिमाचल प्रदेश का नाम देशभर में रोशन किया है। जब वीरेंद्र सिंह पठानिया अपने गांव आएंगे तो उनका गर्मजोशी से स्वागत व नागरिक अभिनंदन किया जाएगा।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।