Trending

    Move to Jagran APP
    pixelcheck
    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    उपचुनाव: हिमाचल में तबादलों पर प्रतिबंध, मंत्री सरकारी वाहन का इस्तेमाल नहीं कर सकेंगे, छठा वेतन आयोग भी लटका

    By Rajesh Kumar SharmaEdited By:
    Updated: Wed, 29 Sep 2021 11:32 AM (IST)

    Himachal By Elections 2021 हिमाचल प्रदेश में उपचुनाव घोषित होते ही तबादलों पर स्वत ही प्रतिबंध लग गया। अब सरकार का कोई भी मंत्री सरकारी वाहन के साथ मंडी लोकसभा क्षेत्र के तहत आने वाले किसी हिस्से में प्रवेश नहीं कर सकेगा।

    Hero Image
    उपचुनाव घोषित होते ही तबादलों पर स्वत: ही प्रतिबंध लग गया।

    शिमला, राज्य ब्यूरो। Himachal By Elections 2021, हिमाचल प्रदेश में मंगलवार सुबह उपचुनाव की घोषणा के साथ ही आदर्श चुनाव आचार संहिता भी लागू हो गई। शिमला स्थित अनाडेल से मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर का हेलीकाप्टर हवा में एक दो चक्कर काटने के बाद उतारना पड़ा। वह किन्नौर दौरे पर जा रहे थे। उसके बाद मुख्यमंत्री राज्य अतिथिगृह पीटरहाफ पहुंचे। जहां उपचुनाव के लिए प्रत्याशियों के चयन पर मंथन शुरू हुआ। उपचुनाव घोषित होते ही तबादलों पर स्वत: ही प्रतिबंध लग गया। अब सरकार का कोई भी मंत्री सरकारी वाहन के साथ मंडी लोकसभा क्षेत्र के तहत आने वाले किसी हिस्से में प्रवेश नहीं कर सकेगा।

    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    सुबह जल शक्ति मंत्री महेंद्र सिंह ठाकुर सचिवालय में मौजूद थे। उपचुनाव की घोषणा होने के बाद वहां से निकल गए और दोपहर बाद राज्य सचिवालय में कोई भी मंत्री मौजूद नहीं था।

    छठे वेतन आयोग की सिफारिश लटकी

    प्रदेश के कर्मचारियों को छठे वेतन आयोग की सिफारिशें लागू करने के लिए गठित अध्ययन कमेटी की रिपोर्ट आने में अब डेढ़ महीने का इंतजार करना पड़ेगा। चार अक्टूबर को प्रस्तावित बैठक भी टल गई। माना जा रहा था कि अगले माह कर्मचारियों को छठे वेतन आयोग का तोहफा मिल सकता था। चुनाव घोषणा होने के बाद कर्मचारियों की संयुक्त समन्वय समिति की बैठक नहीं होगी। ऐसे में कर्मचारियों से जुड़े मुद्दों पर निर्णय हो सकेगा।

    उपचुनाव की घोषणा के बाद भाजपा-कांग्रेस में नियुक्तियां

    शिमला। उपचुनाव की घोषणा के साथ ही भाजपा ने संगठन में खाली पदों को भरने की प्रक्रिया लगभग पूरी कर ली है। भाजपा महिला मोर्चा में कुल्लू में हुई हुए आपसी विवाद के बाद महामंत्री और आइटी सेल प्रभारी का पद खाली चल रहा था। मोर्चा की अध्यक्ष रश्मि धर सूद ने मांचली ठाकुर को प्रदेश महामंत्री तथा वर्षा ठाकुर को प्रदेश आइटी प्रभारी नियुक्त किया है। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष सुरेश कश्यप ने जुब्बल कोटखाई से भाजपा नेत्री प्रज्ज्वल बसपा को प्रदेश प्रवक्ता के पद पर नियुक्त किया है। वहीं, प्रदेश कांग्रेस एससी विभाग ने जिला अध्यक्षों की नियुक्तियां की हैं। विभाग के प्रदेश अध्यक्ष यादवेंद्र गोमा के आदेश के तहत भूपेंद्र कौशल को शिमला ग्रामीण का जिलाध्यक्ष नियुक्त किया गया है। विकी सिद्दू को शिमला शहरी, रोशन लाल नेगी को किन्नौर, गुरदयाल सिंह पंवर को सिरमौर, रविंद्र कुमार को सोलन, रमेश चंद कौंडल को बिलासपुर, होशियार सिंह को हमीरपुर, संजय भाटिया को कांगड़ा, जितेंद्र सूर्या को चंबा, नरेश चौहान को मंडी, बुद्धि‍ सिंह को कुल्लू, कर्मवीर का लाहुल स्पीति और रविंद्र कांत बस्सी को ऊना जिला का अध्यक्ष नियुक्त किया गया है।