Trending

    Move to Jagran APP
    pixelcheck
    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    बेटे को तिरंगे में लिपटा देखकर बेसुध हुई मां, पिता ने किया सैल्यूट; पुंछ में शहीद हुए सूबेदार को ऐसे दी अंतिम विदाई

    Updated: Mon, 12 May 2025 09:13 AM (IST)

    जम्मू-कश्मीर के पुंछ में शहीद हुए सूबेदार मेजर पवन कुमार का शाहपुर में राजकीय सम्मान के साथ अंतिम संस्कार किया गया। बेटे को तिरंगे में लिपटा देखकर माँ बेसुध हो गई। पिता गरज सिंह ने सेल्यूट किया और पत्नी सुषमा देवी अचेत हो गई। 23 वर्षीय बेटे अभिषेक ने चिता को मुखाग्नि दी। भारत माता की जय के नारे लगे।

    Hero Image
    दाएं- बलिदानी सूबेदार मेजर पवन कुमार की पत्नी सुषमा देवी, बाएं- बेटे के सैल्यूट करते पिता (जागरण फोटो)

    संवाद सहयोगी, कांगड़ा। जम्मू-कश्मीर के पुंछ में बलिदान देने वाले 49 वर्षीय सूबेदार मेजर पवन कुमार का रविवार को राजकीय सम्मान के साथ शाहपुर के परगाई स्थित श्मशानघाट में अंतिम संस्कार कर दिया गया। बलिदानी की पार्थिव देह रविवार दोपहर बाद करीब एक बजे शाहपुर पहुंची।

    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    बेटे को तिरंगे में लिपटा देखकर मां किशो देवी बेसुध हो गई और विलाप के साथ पत्नी सुषमा देवी अचेत हो गई। पिता पूर्व सैनिक गरज सिंह ने सेल्यूट कर तो वीरनारी ने लुआंचडी (पारंपरिक गद्दी वेशभूषा) पहनकर बलिदानी को अंतिम विदाई दी। बलिदानी की चिता को मुखाग्नि 23 वर्षीय बेटे अभिषेक कुमार ने दी।

    'भारत माता की जय' के लगे नारे

    इस मौके पर लोगों ने भारत माता की जय और पाकिस्तान मुर्दाबाद के नारे लगाए। इस दौरान सेना के अधिकारियों ने बलिदानी के पिता गरज सिंह को तिरंगा झंडा भेंट किया। प्रदेश सरकार की ओर से विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया, कृषि मंत्री चंद्र कुमार, विधायक केवल सिंह पठानिया व वूल फेडरेशन के अध्यक्ष मनोज ठाकुर ने श्रद्धासुमन अर्पित किए।

    साथ ही सांसद डॉ. राजीव भारद्वाज, विधायक विपिन परमार, पूर्व मंत्री विजय सिंह मनकोटिया, पूर्व मंत्री सरवीण चौधरी, पूर्व विधायक अरुण मेहरा, पूर्व विधायक विशाल नैहरिया व प्रशासन की ओर से उपायुक्त कांगड़ा हेमराज बैरवा, पुलिस अधीक्षक शालिनी अग्निहोत्री, एएसपी वीर बहादुर सिंह व एसडीएम शाहपुर करतार चंद ने भी श्रद्धांजलि दी।

    शनिवार सुबह गोलीबारी में हुए वीरगति को प्राप्त

    शाहपुर के वार्ड चार निवासी सूबेदार मेजर पवन कुमार पुंछ में पाकिस्तान की ओर से की गई गोलाबारी में शनिवार सुबह वीरगति को प्राप्त हुए थे। रविवार को पठानकोट से सेना के वाहन में पार्थिव देह करीब एक बजे शाहपुर पहुंची और इसके बाद पैतृक गांव सिहोलपुरी पहुंचाई। बलिदानी पंजाब रेजिमेंट में तैनात थे।

    सूबेदार मेजर ने इस साल अगस्त में सेवानिवृत्त होना था और इसके लिए घर में समारोह के लिए तैयारियां की जा रही थीं। बलिदानी के परिवार में माता किशो देवी, पिता गरज सिंह, पत्नी सुषमा देवी, पुत्र अभिषेक कुमार व बेटी अनामिका है। बेटा और बेटी राजकीय महाविद्यालय धर्मशाला में पढ़ाई कर रहे हैं। बलिदानी की अंतिम यात्रा में सैकड़ों लोगों ने भाग लिया।