दयाल प्यारी की नियुक्ति का विरोध, प्रदेश कांग्रेस कार्यालय में विवाद
सिरमौर जिला के पच्छाद विधानसभा क्षेत्र से संबंध रखने वाली कांग्रेस नेत्री दयाल प्यारी को प्रदेश सचिव नियुक्त करने पर बवाल मच गया है। पच्छाद ब्लाक कांग्रेस कमेटी इस नियुक्ति के विरोध में उतर आई है। ब्लाक कमेटी का आरोप है कि नियुक्ति उन्हें विश्वास में लिए बगैर की है।

शिमला,जागरण संवाददाता। सिरमौर जिला के पच्छाद विधानसभा क्षेत्र से संबंध रखने वाली कांग्रेस नेत्री दयाल प्यारी को प्रदेश सचिव नियुक्त करने पर बवाल मच गया है। पच्छाद ब्लाक कांग्रेस कमेटी इस नियुक्ति के विरोध में उतर आई है। ब्लाक कमेटी ने आरोप लगाया है कि यह नियुक्ति उन्हें विश्वास में लिए बगैर की गई है। न तो ब्लाक कांग्रेस कमेटी से विचार-विमर्श किया गया, न ही वरिष्ठ नेताओं से इस संबंध में चर्चा की गई।
सोमवार को पच्छाद ब्लाक कांग्रेस का प्रतिनिधिमंडल पूर्व विधानसभा अध्यक्ष गंगूराम मुसाफिर की अध्यक्षता में प्रदेश कांग्रेस कार्यालय पहुंचा। कार्यकर्ताओं ने पार्टी कार्यालय में महासचिव संगठन रजनीश किमटा से मुलाकात की और इस नियुक्ति का विरोध जताया। इस दौरान पार्टी पदाधिकारियों के साथ तीखी नोंकझोंक हुई। कार्यकर्ताओं ने कहा कि इस तरह की नियुक्तियां बर्दाशत नहीं की जाएंगी। पूरे मंडल ने इस्तीफा देने की भी पेशकश की है। इस दौरान गंगूराम मुसाफिर और महासचिव रजनीश किमटा के बीच तीखी नोंकझोंक भी हुई। मुसाफिर ने चेतावनी दी कि पच्छाद से इस तरह की राजनीति करना महंगा पड़ेगा। पच्छाद मंडल इस मामले को लेकर दिल्ली में राष्ट्रीय महासचिव केसी वेणुगोपाल से मिलेगा।
सोलन नगर निगम चुनाव के दौरान दिल्ली में प्रदेश प्रभारी राजीव शुक्ला के समक्ष दयाल प्यारी को कांग्रेस की सदस्यता दिलाई गई थी। उस वक्त भी दयाल प्यारी को कांग्रेस में शामिल करने के लिए न तो ब्लाक कांग्रेस कमेटी से कोई प्रस्ताव आया था, न ही जिला कांग्रेस कमेटी ने उनके नाम का अनुमोदन किया था। इसका तब भी विरोध हुआ था।
गंगूराम मुसाफिर ने दी चेतावनी
पूर्व विधानसभा अध्यक्ष गंगूराम मुसाफिर ने चेतावनी दी कि पच्छाद के साथ जिस तरह की राजनीति की जा रही है वह ठीक नहीं है। 200 से कार्यकर्ता इस दौरान उनके साथ शामिल थे। प्रतिनिधिमंडल ने इसके बाद कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष कुलदीप ङ्क्षसह राठौर से मुलाकात की।
31 अक्टूबर को हुई थी नियुक्ति
31 अक्टूबर को दयाल प्यारी को प्रदेश कांग्रेस कमेटी में सचिव बनाया गया था। उनके साथ आठ और नियुक्तियां की गईं थी। कांग्रेस प्रदेश प्रभारी राजीव शुक्ला की ओर से नियुक्ति आदेश जारी किए गए थे।
राठौर को बधाई देने के लिए पहुंचे पदाधिकारी
कांग्रेस कार्यालय में सोमवार को खासी चहल पहल नजर आई। प्रदेशभर से कार्यकर्ता प्रदेश अध्यक्ष को बधाई देने पार्टी कार्यालय पहुंचे। उपचुनाव में जीत के लिए उन्होंने बधाई दी। राठौर ने सभी कार्यकर्ताओं से आग्रह किया कि एकजुट होकर कार्य करें। पार्टी का अगला लक्ष्य 2022 के विधानसभा चुनाव में जीत हासिल करना है। विधायक रोहित ठाकुर, भवानी पठानिया, संजय अवस्थी पार्टी कार्यालय राठौर से मिलने के लिए आए। सिरमौर मंडल ने भी राठौर से मुलाकात कर बधाई दी।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।