यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Aug 29, 2022 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
National Sports Day: हिमाचल प्रदेश में अब खेल कोटे से मिलेगी क्लास वन की नौकरी, नीति में होगा बदलाव
National Sports Day हिमाचल में खिलाडिय़ों को रोजगार मिले और इनका पलायन रोका जा सके इसके लिए प्रदेश सरकार पिछले ...और पढ़ें

शिमला, जागरण संवाददाता। National Sports Day, हिमाचल में खिलाडिय़ों को रोजगार मिले और इनका पलायन रोका जा सके, इसके लिए प्रदेश सरकार पिछले साल ही बनी अपनी पालिसी में बदलाव करने की तैयारी में है। इसका ड्राफ्ट लगभग तैयार कर लिया है। इसे स्वीकृति के लिए मंत्रिमंडल की बैठक में लाया जाना है। राज्य खेल कोटे के तहत खिलाडिय़ों को नौकरी दी जाती रही है, लेकिन सीधे ही क्लास वन में कैसे एंट्री हो सकती है, इसके लिए विभाग ने पूरा प्रस्ताव तैयार किया है। अभी मुख्यमंत्री की स्वीकृति से खिलाडिय़ों को क्लास वन की नौकरी तो मिलती है, लेकिन पालिसी के ड्राफ्ट के मुताबिक पदक के आधार पर नौकरी की क्लास आने वाले समय में तय होगी।
सरकार ने एक साल पहले ही 20 साल के बाद खेल पालिसी में बदलाव करते हुए ओलिंपिक, शीत ओलिंपिक, पैरालिंपिक गेम्स में स्वर्ण पदक जीतने वाले खिलाड़ी को तीन करोड़, रजत पदक जीतने वाले को दो व कांस्य पदक जीतने वाले को एक करोड़ की राशि देने का प्रविधान किया था। किसी भी खिलाड़ी के घायल होने पर एक लाख रुपये का बीमा कवर देने के साथ नेताओं को खेल संघों से बाहर रखा गया है।
अन्य खेलों में पदक जीतने पर यह मिल रही राशि
एशियन व पैरा एशियन गेम्स, कामनवेल्थ व पैरा कामनवेल्थ गेम्स, विश्व चैंपियनशिप में स्वर्ण पदक विजेता को 50 लाख, रजत पदक पर 30 लाख और कांस्य पदक विजेता को 20 लाख रुपये देने का प्रविधान है। इनके अलावा यूथ ओलिंपिक गेम्स में गोल्ड मेडल जीतने पर 10 लाख, सिल्वर पर छह लाख और ब्रांज मेडल जीतने पर चार लाख रुपये दिए जाते हैं। यूथ एशियन गेम्स व एशियन या कामनवेल्थ चैंपियनशिप, यूथ कामनवेल्थ गेम्स व सीनियर नेशनल चैंपियनशिप अथवा पैरा नेशनल खेल में गोल्ड पर पांच लाख, सिल्वर पर तीन लाख और ब्रांज मेडल जीतने पर दो लाख रुपये देने का प्रविधान है। नई नीति में ओलिंपिक के लिए क्वालीफाई करने पर हिमाचल के खिलाड़ी को 10 लाख रुपये देने का प्रविधान है। किसी ओलिंपिक में नया विश्व रिकार्ड बनाने पर एक करोड़, एशियन या कामनवेल्थ गेम्स में रिकार्ड बनाने पर 50 लाख और नया राष्ट्रीय रिकार्ड बनाने पांच लाख रुपये का नकद पुरस्कार दिया जाएगा। परशुराम या गुरु वशिष्ठ अवार्ड मिलने पर अब पांच लाख रुपये दिए जाएंगे।
