ग्रेट हिमालयन नेशनल पार्क में बढ़े जाजुराना
कुल्लू जिले के ग्रेट हिमालयन नेशनल पार्क में हिमाचल के राज्य पक्षी जाजुराना की संख्या बढ़ी है। मई व जून में अच्छा प्रजनन हुआ। पार्क में पहले करीब 500 जाजुराना थे। इनकी संख्या कितनी बढ़ी है अब गणना की जाएगी।

मुकेश मेहरा, मंडी। कुल्लू जिले के ग्रेट हिमालयन नेशनल पार्क में हिमाचल के राज्य पक्षी जाजुराना की संख्या बढ़ी है। मई व जून में अच्छा प्रजनन हुआ। पार्क में पहले करीब 500 जाजुराना थे। इनकी संख्या कितनी बढ़ी है, अब गणना की जाएगी। अब जाजुराना दिखने भी लगे हैं। इसका कारण यह माना जा रहा है कि मई-जून में पार्क पर्यटकों के लिए बंद था और लोगों के कम दखल के कारण यह बदलाव देखने को मिला। अब पार्क मई व जून में जहां जाजुराना का प्रजनन होता है, वो ट्रैक पर्यटकों के लिए बंद करने का प्रस्ताव है। पार्क के बीट अधिकारी ओम प्रकाश नवे ने बताया कि मई-जून में जाजुराना के प्रजनन समय में इस बार लोगों का दखल न होने के कारण प्रजनन अधिक हुआ है। चीड़ फिजेंट पक्षी की संख्या भी बढ़ी है। अब ये पक्षी आसानी देखे जा रहे हैं।
ग्रेट हिमालयन नेशनल पार्क में 145 प्रजातियों के पक्षी पाए जाते हैं। राज्य पक्षी जाजुराना भी यहां पर संरक्षित हो रहा है। पहले हुई गणना में इनकी संख्या 500 से 600 के बीच थी। वहीं चीड़ फिजेंट पक्षी जो 2500 से 3000 मीटर की ऊंचाई पर पाया जाता है, को भी यहां आसानी से देखा जा सकता है। जानकारों की मानें तो जाजुराना के प्रजनन क्षेत्र में बने रोला ट्रैक को मई व जून में बदलकर अन्य जगह से करने का मामला भी अधिकारियों के ध्यान में लाया गया है, ताकि जाजुराना की संख्या में और बढ़ोतरी हो सके।
1172 वर्ग किलोमीटर में फैला है पार्क
ग्रेट हिमालयन नेशनल पार्क 1172 वर्ग किलोमीटर में फैला हुआ है। यहां पर पक्षियों के अलावा, स्नो लैपर्ड, भूरे भालू, सीरो, उडऩे वाली गिलहरी सहित कई प्रकार की जड़ी बूटियां और पेड़ पौधे पाए जाते हैं। पार्क को 2014 में विश्व धरोहर घोषित किया गया था।
ग्रेट हिमालयन नेशनल पार्क में पक्षियों की विभिन्न प्रजातियां पाई जाती हैं। जाजुराना की संख्या में भी बढ़ोतरी हो रही है। इसके प्रजनन क्षेत्र के ट्रैक को बदलने के संबंध में कर्मचारियों ने जानकारी दी थी।
-मीरा शर्मा, अरण्यपाल वाइल्ड लाइफ विंग शमशी।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।