Himachal Weather Update: प्रदेश में फिर सक्रिय होगा पश्चिमी विक्षोभ, तीन दिन के लिए अलर्ट जारी
Himachal Weather Update हिमाचल प्रदेश में मौसम लगातार रंग बदल रहा है। प्रदेश में एक बार फिर से पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होगा। सोमवार से मौसम कड़ा रुख अपना सकता है। मौसम विभाग के अनुसार रविवार और सोमवार को भी प्रदेश के कुछ स्थानों पर बारिश हो सकती है।

शिमला, धर्मशाला, जेएनएन। Himachal Weather Update, हिमाचल प्रदेश में मौसम लगातार रंग बदल रहा है। प्रदेश में एक बार फिर से पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होगा। सोमवार से मौसम कड़ा रुख अपना सकता है। मौसम विभाग के अनुसार रविवार और सोमवार को भी प्रदेश के कुछ स्थानों पर बारिश हो सकती है। छह सितंबर से प्रदेश में पश्चिमी विक्षोभ अधिक सक्रिय होगा। इस कारण सात से नौ सितंबर तक प्रदेश में भारी बारिश व आंधी को लेकर यलो अलर्ट जारी किया है। प्रदेश में शनिवार को चोटियों पर हल्का हिमपात हुआ, जबकि कुछ स्थानों पर बारिश हुई। इस कारण तापमान में गिरावट का दौर जारी है।
नाहन में 21.8, ऊना में 21, कोटखाई में 2.5 और कसौली में 1.5 मिलीमीटर बारिश हुई। सोलन जिला में भूस्खलन से सायरी के समीप करीब 30 मीटर हिस्सा धंसने से नालागढ़-कुनिहार-कंडाघाट संपर्क मार्ग अवरुद्ध हो गया है। शनिवार को बस सेवा भी बंद रही। डंगा लगाने में 20 से अधिक दिन लग सकते हैैं।
बारिश के बावजूद कुछ स्थानों पर अधिकतम तापमान में करीब सात डिग्री सेल्सियस तक की वृद्धि हुई है।
कहां कितना रहा तापमान (डिग्री सेल्सियस)
- स्थान, न्यूनतम, अधिकतम
- शिमला, 15.6, 23.8
- सुंदरनगर, 21.7, 31.4
- भुंतर, 18.8, 32.8
- कल्पा, 11.5, 23.4
- धर्मशाला, 18.8, 27.0
- ऊना, 25.4, 34.0
- नाहन, 23. 5, 26.2
- केलंग, 11.2, 20.4
- सोलन, 19.7, 27.5
भूस्खलन से नालागढ़-कुनिहार-कंडाघाट मार्ग बंद
सोलन। नालागढ़-कुनिहार-कंडाघाट संपर्क मार्ग भूस्खलन से बंद हो गया है। सायरी के समीप सड़क का करीब 30 मीटर हिस्सा धंस गया है। इससे लोक निर्माण विभाग को 50 लाख रुपये का नुकसान हुआ है। बताया जा रहा है कि सायरी के समीप कई दिनों से मलबा गिर रहा था। सड़क पर दरारें आने लगी थीं। शनिवार को बारिश से सड़क क्षतिग्रस्त हो गई। भूस्खलन से नालागढ़, कुनिहार सायरी होकर शिमला जाने वाले लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। हालांकि वाहनों को चनोग होकर भेजा जा रहा है। शनिवार को क्षेत्र से गुजरने वाली बस भी बंद रही। इस कारण लोगों को पैदल सफर करना पड़ा। डंगा लगाने में 20 से अधिक दिन लग सकते हैैं। लोक निर्माण विभाग के अधीक्षण अभियंता एसपी जोगटा ने कहा कि काम शुरू कर दिया है और जल्द मार्ग को बहाल करने का प्रयास किया जाएगा।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।