प्रो कबड्डी बोली में हिमाचल के डिफेंडरों का दबदबा, अजय व विशाल सहित सात खिलाडि़यों का चयन
Himachal Kabaddi Players प्रो-कबड्डी 2021 सीजन आठ के लिए हुई खिलाडिय़ों की बोली में इस बार हिमाचल के डिफेंडरों का देशभर में दबदबा रहा है। प्रदेश के खिलाडिय़ों ने यह बात साबित कर दी है कि हिमाचली युवाओं में भी दम है।

धर्मशाला, मुनीष गारिया। Himachal Kabaddi Players, प्रो-कबड्डी 2021 सीजन आठ के लिए हुई खिलाडिय़ों की बोली में इस बार हिमाचल के डिफेंडरों का देशभर में दबदबा रहा है। प्रदेश के खिलाडिय़ों ने यह बात साबित कर दी है कि कबड्डी में सिर्फ महाराष्ट्र, कर्नाटक व पश्चिम बंगाल राज्यों ये ही अच्छे खिलाड़ी नहीं निकल सकते, हिमाचली युवाओं में भी दम है। इस सीजन की बोली में हिमाचल के सात खिलाड़ी विभिन्न टीमों का हिस्सा बने हैं। इसमें चार खिलाड़ी ए श्रेणी में बिके हैं। इसमें जिला ऊना के विशाल भारद्वाज व जिला सोलन क बलदेव सिंह 60-60 लाख रुपये में पुनेरी पल्टन टीम ने खरीदे हैं। इसके अलावा मंडी के महेंद्र सिंह बेंगलुरु बुल्स ने 50 लाख रुपये और ऊना के सुरेंद्र को तेलगू टाइटन टीम ने 55 लाख रुपये में खरीदा है।
इसके अलावा भारतीय टीम के पूर्व कप्तान अजय ठाकुर बी श्रेणी में 46 लाख रुपये में बिके हैं। वहीं नालागढ़ सोलन के ही राहुल सिंह को यू मुंबा ने सी श्रेणी में 10 लाख व शिमला के अमित चौहान में तेलगू टाइटन में डी श्रेणी में छह लाख के बेस प्राइज पर खरीदा है। इसके अलावा हिमाचल के छह खिलाडिय़ों को इस बार कोई खरीदार नहीं मिला है।
बोली में बिके सबसे ज्यादा हिमाचली डिफेंडर
इस बार की बोली में प्री-कबड्डी की टीमों को कुल सात डिफेंडरों की जरूरत थी, जिसमें से चार हिमाचली डिफेंडर बिके हैं। अन्य सभी राज्यों से सिर्फ तीन ही डिफेंडरों को खरीदा गया है। इसमें पुनेरी पल्टर ने ओवरऑल डिफेंडर की रूप में विशाल भारद्वाज व राइट कवर के लिए बलदेव को खरीदा है। वहीं बेंगलुरु बुल्स में लेफ्ट कवर के लिए महेंद्र सिंह व तेलगू टीम ने ओवरऑल डिफेंडर के रूप में सुरेंद्र को खरीदा है।
प्री-कबड्डी में देश के तीन टॉप डिफेंडर हैं हिमाचल का विशाल
जिला ऊना शहर के साथ लगते क्षेत्र देहलां गांव जोकि क्षेत्रफल की दृष्टि से हिमाचल का सबसे बड़ा गांव हैं। विशाल भारद्वाज इसी गांव से हैं। देहलां स्कूल में पढ़ते वक्त उन्होंने यहां के शारीरिक शिक्षक सुशील कुमार के प्रोत्साहन पर ही कबड्डी खेलना शुरू किया। इसके बाद पांच साल तक साई हॉस्टल बिलासपुर में कबड्डी कोच जयपाल चंदेल, नंदलाल व रत्नलाल के नेतृत्व में कबड्डी का प्रशिक्षण लिया। उसी के दम पर विशाल का पहली बार प्री-कबड्डी के चयन वर्ष 2017 में हुआ। उस समय उन्हें तेलगू टीम ने तीन लाख रुपये में खरीदा था। उसके बाद लगातार पांचवीं बार प्री-कबड्डी खेलेंगे। इस बार उन्हें पुनेरी पल्टन ने खरीदा है। प्रदेश के लिए हर्ष की बात है कि विशाल प्री-कबड्डी में देश में तीसरे सर्वश्रेष्ट डिफेंडर हैं।
हिमाचल के खिलाड़ियों का भी दबदबा
कबड्डी कोच रत्न लाल ठाकुर का कहना है प्रदेश के लिए बड़े हर्ष की बात है कि हमारे कबड्डी के खिलाड़ी लगातार अच्छा प्रदर्शन कर रहे हैं। स्टेट हॉस्टल व साई हॉस्टल बिलासपुर में सुरेंद्र सिंह व विशाल भारद्वाज ने पांच-पांच साल और बलदेव व महेंद्र ने आठ-आठ साल हम सभी कोचों के पास प्रशिक्षण लिया है। कुछ साल पहले तक कबड्डी में महाराष्ट्र व पश्चिम बंगाल का दबदबा होता था, लेकिन अब हमारे खिलाडिय़ों ने इन राज्यों को भी पछाड़ दिया है।
श्रेणी ए के बिके खिलाड़ी
- खिलाड़ी, टीम, न्यूनतम मूल्य, बिके
- महेंद्र सिंह, बैंगलुरु बुल्स, 30 लाख, 50 लाख
- विशाल भारद्वाज, पुनेरी पल्टन, 30, 60
- बलदेव सिंह, पुनेरी पल्टन, 30, 60
- सुरेंद्र सिंह , तेलगू टाइटन, 30, 55
श्रेणी बी
- अजय ठाकुर, दंबग दिल्ली, 20, 46 लाख।
श्रेणी सी व डी
- राहुल, यू मुंबा, 10, 10 लाख।
- अमित चौहान, तेलगू टाइटन, 6, 6 लाख।
इन खिलाडिय़ों को नहीं मिले खरीदार
- खिलाड़ी का नाम, निवासी
- नितिन, ऊना
- रोहित राणा, कांगड़ा।
- गुरप्रीत सिंह, सोलन
- हेमंत, नालागढ़ सोलन।
- शिव ओम, नालागढ़ सोलन।
- आकश चौधरी, ऊना।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।