Himachal Weather: प्रदेश में आज भी भारी बारिश का अलर्ट, शिंकुला और रोहतांग दर्रे पर हिमपात, तापमान 11 डिग्री लुढ़का
Himachal Pradesh Weather Update हिमाचल प्रदेश में आज भी भारी बारिश का अलर्ट है। मौसम विभाग ने लाहुल स्पीति को छोड़ बाकी सभी जिलों में आंधी और वर्षा के साथ बिजली गिरने का यलो अलर्ट जारी किया है।

शिमला/मनाली, जागरण टीम। Himachal Pradesh Weather Update, हिमाचल प्रदेश में आज भी भारी बारिश का अलर्ट है। मौसम विभाग ने लाहुल स्पीति को छोड़ बाकी सभी जिलों में आंधी और वर्षा के साथ बिजली गिरने का यलो अलर्ट जारी किया है। इससे सार्वजनिक सेवाएं बिजली, पानी और यातायात के बाधित होने का अनुमान है। रविवार को वर्षा से भारी नुकसान हुआ है। काजा से मनाली आ रहे 100 लोग छतडू के पास भूस्खलन व डोहरनी नाले में बाढ़ आने से फंस गए, जिन्हें देर रात रेस्क्यू कर लिया गया। पतलीकूहल के 14 मील में ब्यास में फंसे नेपाली मूल के तीन लोगों को प्रशासन ने सुरक्षित निकाल लिया है।
मंडी व कुल्लू जिले में ब्यास नदी उफान पर है। दवाड़ा के पास मनाली-चंडीगढ़ राष्ट्रीय राजमार्ग पर ब्यास का पानी बहने लगा। इस कारण वाहनों की आवाजाही रोकनी पड़ी। मनाली के निकट बाहंग में ब्यास का रौद्र रूप देखते हुए प्रशासन ने 30 मकान व दुकानें खाली करवा दी हैं। गोशाल में पैदल पुलिया व हेलीपैड बह गया। ग्रांफु-काजा मार्ग पर दो नालों में बाढ़ आने से मनाली-लेह मार्ग दो घंटे तक बंद रहा।
तांदी-संसारी मार्ग तोजिंग नाले में बाढ़ आने से बाधित रहा। मयाड़ घाटी का संपर्क उदयपुर से कट गया। इससे तकनीकी शिक्षा मंत्री डा. रामलाल मार्कंडेय का काफिला भी मयाड़ घाटी में फंस गया। मंत्री मयाड़ घाटी के लोगों की समस्याएं सुनने आए थे। लोक निर्माण विभाग ने दोपहर बाद सड़क को बहाल किया। सड़क बहाल होने के बाद मंत्री का काफिला सुरक्षित उदयपुर पहुंचा।
शिमला के लोअर कृष्णानगर में वर्षा के कारण छह मकानों के गिरने का खतरा पैदा हो गया है। टुटू के विजयनगर में डंगा गिरने से तीन गाडिय़ां दब गईं। जिला सिरमौर के नाहन से शिलाई को जोडऩे वाले पांवटा-शिलाई-गुम्मा राष्ट्रीय राजमार्ग पर कच्ची ढांक के पास भूस्खलन से साढ़े तीन घंटे तक बंद रहा।
कालका-शिमला रेल ट्रैक पर आया मलबा
सोलन जिले में कालका-शिमला रेल ट्रैक पर धर्मपुर व सनवारा के बीच मलबा आने के साथ पेड़ गिर गए। इससे सुबह साढ़े तीन बजे चलने वाली रेलगाड़ी एक घंटा 20 मिनट देरी से पहुंची। कुमारहट्टी से धर्मपुर के बीच भी ट्रैक पर चीड़ का पेड़ गिर गया। इससे हिमालयन क्वीन को कुछ समय के लिए रोकना पड़ा।
शिंकुला व रोहतांग दर्रे में बर्फ के फाहे
जुलाई के अंत में चोटियों पर बर्फ के फाहे गिरे। मनाली की ओर रोहतांग दर्रे सहित धुंधी जोत, सेवन सिस्टर पीक, हनुमान टिब्बा मकरवेद व शिकरवेद की पहाडिय़ों, शिंकुला व बारालाचा दर्रे पर हल्का हिमपात हुआ। अधिकतम तापमान में 11 डिग्री तक की गिरावट आई है।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।