Trending

    Move to Jagran APP
    pixelcheck
    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    हिमाचल: चुनाव लड़ने का ऐलान कर चुका यह नेता महिलाओं को करवा रहा हरिद्वार की मुफ्त यात्रा, 48 बसें भेज चुका

    By Rajesh Kumar SharmaEdited By:
    Updated: Sat, 27 Aug 2022 07:42 AM (IST)

    Himachal Pradesh Vidhan Sabha Chunav विधानसभा क्षेत्र अर्की के राजेंद्र ठाकुर ने कांग्रेस छोड़कर आजाद उम्मीदवार के रूप में चुनाव लडऩे की घोषणा की है। ...और पढ़ें

    Hero Image
    जिला सोलन के विधानसभा क्षेत्र अर्की के राजेंद्र ठाकुर

    सोलन, भूपेंद्र ठाकुर। Himachal Pradesh Vidhan Sabha Chunav, जिला सोलन के विधानसभा क्षेत्र अर्की के राजेंद्र ठाकुर ने कांग्रेस छोड़कर आजाद उम्मीदवार के रूप में चुनाव लडऩे की घोषणा की है। उन्होंने चुनाव प्रचार के लिए नया तरीका अपनाया है। वह दो जुलाई से अर्की की महिलाओं को मुफ्त हरिद्वार की यात्रा करवा रहे हैं। प्रत्येक चौथे दिन अर्की से 55 सीटर बस अर्की से हरिद्वार के लिए जा रही है। वह प्रत्येक पंचायत से 50 महिलाओं व पांच पुरुषों को हरिद्वार भेज रहे हैं। अब तक वह 48 बसें हरिद्वार भेज चुके हैं। उन्होंने 30 सितंबर तक 100 बसें भेजने का लक्ष्य रखा है।

    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    राजेंद्र ठाकुर पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह के करीबी रहे हैं। वह प्रदेश कांग्रेस सचिव भी रह चुके हैैं। नंवबर 2021 में हुए उपचुनाव में उन्होंने अर्की से विधानसभा चुनाव लडऩे के लिए कांग्रेस से टिकट मांगा था, लेकिन संजय अवस्थी को दे दिया था। पार्टी विरोधी गतिविधियों में शामिल होने के आरोप में उन्हें कांग्रेस से निकाल दिया था। उनके समर्थक हरिद्वार यात्रा के लिए गांवों में जाकर लोगों का पंजीकरण कर रहे हैं।

    यात्रा के दिन सुबह महिलाएं राजेंद्र ठाकुर के कुनिहार स्थित आवास में एकत्रित होती हैं। यहां नाश्ता करवाने के बाद उन्हें बस में रवाना किया जाता है। सायं बस हरिद्वार पहुंचती है। गंगा में स्नान के बाद महिलाएं व पुरुष रात को आरती में भाग लेते हैं। दूसरे दिन ऋषिकेश, नीलकंठ, लक्ष्मण झूला व राम झूला के दर्शन करवाए जाते हैं। शाम को सभी हरिद्वार पहुंचते हैं।

    अगले दिन सुबह गंगा स्नान के बाद सभी बस में रवाना होते हैं। उन्हें पांवटा साहिब गुरुद्वारा में दर्शन करवाने के बाद लंगर खिलाया जाता है। रात को बस कुनिहार पहुंचती है। यहां सबको भोजन करवाने के बाद घर भेज दिया जाता है।

    राजेंद्र ठाकुर ने कहा कि उन्होंने अर्की की महिलाओं को गंगा स्नान करवाने का बीड़ा उठाया है। उम्मीद है कि विधानसभा चुनाव में महिला शक्ति उन्हेंं आशीर्वाद देगी।

    संजय अवस्थी को देंगे चुनौती

    विधायक संजय अवस्थी ने उपचुनाव में भाजपा प्रत्याशी रत्नपाल को 3219 मतों से हराया था। इस बार राजेंद्र ठाकुर आजाद उम्मीदवार के रूप में संजय अवस्थी को चुनौती देंगे।