विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

हिमाचल: पंचायत उपप्रधान ने कब्जा ली सरकारी जमीन, नोटिस का भी नहीं दिया उचित जवाब, डीसी कांगड़ा ने पद से हटाया

By Jagran News Edited By: Rajesh Sharma
Published: Sat, 10 Jan 2026 02:20 PM (IST)

कांगड़ा के जयसिंहपुर में लोअर लंबागांव पंचायत के उपप्रधान हरि दास को सरकारी भूमि पर अतिक्रमण के आरोप में पद ...और पढ़ें

जिला कांगड़ा के लोअर लंबागांव पंचायत उपप्रधान को पद से हटा दिया गया है। प्रतीकात्मक फोटो

जिला कांगड़ा के लोअर लंबागांव पंचायत उपप्रधान को पद से हटा दिया गया है। प्रतीकात्मक फोटो

HighLights

  1. कांगड़ा उपप्रधान हरि दास सरकारी जमीन पर कब्जा करने के दोषी पाए गए।

  2. उपायुक्त ने हिमाचल प्रदेश पंचायती राज अधिनियम के तहत कार्रवाई की।

  3. नोटिस के बावजूद कब्जा न हटाने पर पद से बर्खास्त किया गया।

संवाद सहयोगी, जयसिंहपुर (कांगड़ा)। हिमाचल प्रदेश के जिला कांगड़ा में एक पंचायत उपप्रधान पर कार्रवाई की गई है। पंचायत उपप्रधान ने सरकारी भूमि कब्जा ली थी, इस पर प्रशासन ने कार्रवाई करते हुए उसे पद से हटा दिया है। जयसिंहपुर की लोअर लंबागांव पंचायत के उपप्रधान हरि दास पर यह कार्रवाई की गई है। 

उपायुक्त कांगड़ा ने हिमाचल प्रदेश पंचायती राज अधिनियम के तहत कार्रवाई करते हुए यह आदेश पारित किए हैं। 

नोटिस के बावजूद नहीं हटाया कब्जा

उपप्रधान हरि दास के खिलाफ तहसील जयसिंहपुर के अंतर्गत सरकारी भूमि पर अतिक्रमण किए जाने की शिकायत प्राप्त हुई थी। जांच में पाया गया कि लगभग दो मीटर क्षेत्र में सरकारी भूमि कब्जा कर फसल की बिजाई की गई थी। अतिक्रमण वर्ष 2024 में किया गया और पूर्व में जारी नोटिस के बावजूद कब्जा नहीं हटाया गया।

सरकारी भूमि पर कब्जा किया पंचायती राज अधिनियम का उल्लंघन

मामले की जांच तहसीलदार जयसिंहपुर ने की, जिसमें आरोपों की पुष्टि हुई। जांच रिपोर्ट में स्पष्ट किया कि पंचायत प्रतिनिधि ने सरकारी भूमि पर कब्जा कर पंचायती राज अधिनियम का उल्लंघन किया है। इसके बाद उपप्रधान को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया, जिसका जवाब संतोषजनक नहीं पाया गया।

उपायुक्त ने दिए निर्देश

उपायुक्त हेमराज बैरवा ने आदेश में कहा कि कोई भी पंचायत प्रतिनिधि यदि सरकारी भूमि पर अतिक्रमण करता है या करवाता है, तो वह पद पर बने रहने का पात्र नहीं है। इसी आधार पर उपप्रधान हरि दास को पद से हटा दिया गया है। 
पंचायत सचिव को निर्देश दिए हैं कि पंचायत की संपत्ति को कब्जामुक्त कर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।

उपप्रधान ने राजनीति से प्रेरित बताया मामला

वहीं आरोपित हरि दास ने कहा कि उन्होंने कहीं पर भी सरकारी जमीन पर कब्जा नहीं किया है। सारा मामला राजनीति से प्रेरित है।

यह भी पढ़ें: Kangra News: महिला के अंतिम संस्कार की थी तैयारी, लोगों ने शरीर पर घाव देख पुलिस बुलाई तो निकला मर्डर केस 

यह भी पढ़ें: पंजाब कार हादसे में ऊना के एक ही परिवार के 4 लोगों की मौत, चलेट में पसरा मातम; भतीजे को एयरपोर्ट छोड़ने जा रहे थे चारों